ग्रामीणजनों ने किया विकसित भारत संकल्प यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत
भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिलाई गई शपथ
मंडला 17 दिसम्बर 2023
विकसित भारत संकल्प यात्रा 17 दिसंबर को मंडला विकासखंड के पेटेगांव, बिछिया विकासखंड के ग्राम कुडैला एवं चौरंगामाल, बीजाडांडी में भैंसवाही एवं पौंड़ीमाल, मवई में इंद्री रैयत एवं चंदगांव, मोहगांव मंे चौगान, नैनपुर में तिलई एवं मुगदरा तथा नारायणगंज विकासखंड के मैली एवं कोंडरा चौंकी पंचायत पहुंची। प्रत्येक पात्र हितग्राही विशेषकर वंचित एवं आकांक्षी लोगों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा का ग्रामीणजनों द्वारा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। ग्राम पेटेगांव में आयोजित कार्यक्रम में विधायक संपतिया उईके, जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह, एसडीएम ऋषभ जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान संबंधित ग्रामों में आईईसी वेन के माध्यम से प्रधानमंत्री का संदेश दिखाया गया तथा फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में प्रश्नमंच तथा खेल की विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा शासन के विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा विभिन्न योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव साझा किए गए। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयों का वितरण किया गया।

प्रत्येक व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना आवश्यक – संपतिया उईके
ग्राम पेटेगांव में आयोजित कार्यक्रम को विधायक संपतिया उईके ने अपने संबोधन में कहा कि सभी वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा विविध योजनाएं संचालित की जा रही हैं। भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणजनों का आव्हान किया कि वे कार्यक्रम स्थल में लगाए गए स्टॉलों में अपना पंजीयन कराते हुए पात्रतानुसार शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।

आज 14 पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा
मंडला 17 दिसम्बर 2023
भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का राज्य सरकार की सहभागिता से क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उसे लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है। यह यात्रा 18 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम करंजियामाल एवं मुहाड, बीजाडांडी में कटंगी एवं भौडी, मवई में मोतीनाला एवं खलौड़ी माल, मोहगांव मंे चंदवारा एवं पलेहरा, नैनपुर में जैदेपुर एवं सकवाह, नारायणगंज विकासखंड के चंदेहरा एवं कुड़ामैली, मंडला विकासखंड के मलारा एवं मलारी चक पंचायत पहुंचेगी। यात्रा के सफल आयोजन के लिए पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

पंचायत उप निर्वाचन से संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील
मंडला 17 दिसम्बर 2023
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 30 नवंबर 2023 की स्थिति में रिक्त स्थानों (सीटों) की पूर्ति के लिए उप निर्वाचन संपन्न कराए जाने के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया है। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत, वार्ड के क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है, जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा तिथि तक प्रभावशील रहेगी।

पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर आज से
मंडला 17 दिसम्बर 2023
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु 18 दिसम्बर से 22 दिसंबर 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मंडला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि शिविर में अपने कार्यालय में लंबित नवंबर 2023 तक के प्रकरण एवं पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति का निराकरण कर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करें।
निःशुल्क मेगा नेत्र शिविर का आयोजन आज से
मंडला 17 दिसम्बर 2023
राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मंडला में मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को दृष्टि प्रदान करने हेतु 18 से 23 दिसम्बर 2023 तक निःशुल्क मोतियाबिंद एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में जिले के समस्त विकासखण्डों के मोतियाबिंद के मरीजों के ऑपरेशन विकासखंडवार किए जायेंगे। 18 दिसंबर 2023 को बम्हनीबंजर, 18 दिसंबर 2023 को नैनपुर, 19 दिसंबर 2023 को बीजाडांडी एवं निवास, 20 दिसंबर 2023 को नारायणगंज एवं घुघरी, 21 दिसंबर 2023 को बिछिया एवं मवई तथा 22 दिसंबर 2023 को मोहगाँव विकासखण्ड के मरीजों को एम्बूलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय मण्डला लाया जाकर भर्ती किया जायेगा एवं भर्ती दिनाँक के दूसरे दिन मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जायेगा।

उक्त शिविर के पूर्व जिले के समस्त विकासखण्डों के चयनित ग्रामों में नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित कर मोतियाबिंद मरीजों का चयन किया जा रहा है। उक्त शिविर में जबलपुर संभाग के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहरवाल, डॉ. ऊषा दत्त एवं डॉ. आदित्य साहू नरसिंहपुर द्वारा ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किए जाएंगे। शिविर में मरीजों के आवास, भोजन एवं दवाईयों की व्यवस्था पूर्ण रूप से निःशुल्क रहेगी। आम जनता से अपील है कि जिन मरीजों को आँखों से धुंधला दिखाई देता हो, आँखों में जाला पड़ गया हो, रात के समय दो चन्द्रमा दिखाई देते हों, ऐसे मरीज अपने निकट के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों अथवा जिला चिकित्सालय मण्डला में जाकर अपनी आँखों की जाँच कराकर अपना रजिस्टेªशन अवश्य कराएं एवं शिविर का लाभ प्राप्त करें। मरीज अपने साथ में अपने दैनिक उपयोग की वस्तुएँ अवश्य रखें।

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला आज
मंडला 17 दिसम्बर 2023
शासकीय आईटीआई मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का 18 दिसंबर 2023 को प्रातः 10 बजे से आयोजन किया जायेगा जिसमें देश की प्रतिष्ठित कम्पनियां सम्मिलित होंगी। इस मेले में 10वी, 12वी, आईटीआई, स्नातक पास सभी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को शासन एवं कम्पनियों के अनुसार मानदेय दिया जायेगा। अप्रेंटिसशिप मेले में शामिल होने के लिए https://forms.gle/nwHQJC4TnSkPri1x5 में अपना रजिस्ट्रेशन करें एवं अपने मूल दस्तावेज के साथ शासकीय आईटीआई मंडला में उपस्थित हों। अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई मंडला में

मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण 20 दिसंबर से
मंडला 17 दिसंबर 2023
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2024 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 20 दिसंबर 2023 से 5 जनवरी 2024 तक किया जाएगा।

इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2024 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची में नवीन मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे। साथ ही मतदाता सूची में संशोधन तथा नाम निहर्सन आदि की कार्यवाही की जाएगी। निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को किया जाएगा। दावे तथा आपत्तियाँ दर्ज कराने की अवधि 6 जनवरी से 22 जनवरी 2024 नियत है। इस संबंध में विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। दावे आपत्तियों का निराकरण 2 फरवरी तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 8 फरवरी 2024 को होगा।

श्रीअष्ट लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण के आयोजन को लेकर निकाली गई शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत
– मण्डला। रविवार को नावघाट स्थित सिंगवाहिनी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में महंत श्री भगत गिरी बच्चू जी महाराज, सूर्यमंदिर नाव घाट के सच्चिदानंद जी महाराज, सहस्त्रधारा आश्रम के रामदास जी महाराज, धर्मगुरू पंडित नीलू महाराज, साध्वी कल्पनातरू माता जी एवं वृंदावन से पधारे संतो की उपस्थिति में भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो कि बुधवारी होते हुए उदयचौंक पहुंची जहां पर राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के संभागीय उपाध्यक्ष हनुमान तिवारी के मार्गदर्शन पर पत्रकार साथियों ने पुष्पवर्षा करते हुए शोभायात्रा का स्वागत किया। बस स्टैंड स्थित खैरमाई मंदिर के पदाधिकारियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। वहीं लालीपुर में समाजसेवी रेनू कछवाहा ने शोभायात्रा में पुष्पवर्षा की। शोभायात्रा जब जिला पंचायत के हनुमान शेषनाग मंदिर पहुंची तो यहां पर राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के समाज कल्याण प्रकोष्ठ के द्वारा जलपान कराते हुए पुष्पवर्षा के साथ साधु संतो का पुष्पमाला से स्वागत किया गया।

वहीं भाजपा कार्यालय में विधायक श्रीमति सम्पतियां उईके ने अपने सहयोगियों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया। सैकड़ो की संख्या में मातृशक्ति कलश लेकर यात्रा में शामिल हुई। धर्मगुरू पं. नीलू महाराज ने कथा स्थल में देवी-देवताओं का आव्हान करते हुए उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीअष्ट महालक्ष्मी यज्ञ एवं श्रीमद् भागवत पुराण का आयोजन किया आज से आरंभ है। इस श्रीअष्ट लक्ष्मी यज्ञ के पूर्णकालिक यजमान प्रधान यजमान गोवर्धन प्रसाद अग्रवाल एवं श्रीमति हेमलता अग्रवाल होंगी। वहीं अन्य यजमान के रूप में और भी धर्मप्रेमी शामिल हो रहे हैं। 9 कुंडीय यज्ञ शाला में पूर्व द्वार पर शंख, दक्षिण द्वार पर चक्र, पश्चिम द्वार पर गदा एवं उत्तर द्वार पर कमल स्थापित किया गया है। वहीं खंभात की खाडी गुजरात से लाए गये अति विशिष्ट श्रीयंत्र का मान सरोवर से लाए गये श्रीयंत्र का अभिषेक होगा और रवि पुष्य योग रविवार से श्रीयंत्र का नित्य अर्चन प्रारंभ हो जायेगा जो यज्ञ पर्यन्त चलेगा।

अष्टलक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण यज्ञ में जिस गौर गणेश का पूजन होगा यह गौर गणेश की गोबर की मूर्ति भारत की सबसे बड़ी गौशाला जडखोर राजस्थान की गौशाला से लाई गई है यह गौशाला श्रीकृष्ण की नित्य गौ चरण स्थली है। जहां पर 40 हजार गौवंश है। सप्त मृतिका में उपयोग होने वाली गौ रज श्री सूर श्याम गौ शाला चंद्र सरोवर गोवर्धन उत्तर प्रदेश से लाई गई है। चंद्र सरोवर गोवर्धन से जल और मिट्टी लाई गई है यहां चंद्रमा का प्राकट्य हुआ था। साथ ही मानसी गंगा का जल और श्री राधा कुंड का जल गोवर्धन परिक्रमा मार्ग से लाया गया है। यज्ञ शाला के अंदर के कलशों में 35 पवित्र नदियों का जल एवं चार समुद्रों का जल एवं 24 तीर्थों की मिट्टी छोड़ी गई है जिनमें नैमिसारन्य, काशी, वृंदावन, चारों धाम, जगन्नाथ पुरी, रामेश्वरम, द्वारिका, बद्रीका धाम, हरिद्वार, रेवा सागर संगम पुष्कर की मिट्टी प्रमुख हैं। जो यहां यज्ञ के दौरान देखने को मिल रही है।

अद्भुत होगी नवग्रह बाटिका सूर्य ग्रह के उत्पत्ति स्थल कोणार्क उड़ीसा से मिट्टी लाकर अकोना का पौधा लगाया गया है। चंद्र की उत्पत्ति चंद्र सरोवर परसोली गोवर्घन से मिट्टी लाकर पलास का पौधा लगाया गया है। मंगल की उत्पत्ति मंगलनाथ उज्जैन में हुई जहां से मिट्टी लाकर खैर या गुडहल का पौधा लगाया जायेगा। बुध के लिए बोध गया से मिट्टी लाकर अपामार्ग का पौधा लगाया गया है। गुरु के लिए सिंधु या गुरुग्राम से मिट्टी लाकर पीपल का पौधा लगाया गया है। शुक्रके लिए भोजकट गुजरात से मिट्टी लाकर गूलर का पौधा लगाया गया है शनि के लिए सिगनापुर से मिट्टी लाकर शमी का पौधा लगाया गया है। राहु और केतु के लिए उज्जैन से मिट्टी लाकर दूब और कुश के पौधे लगाए गये हैं।

धर्मगुरू नीलू महाराज ने बताया कि मेहेर बाबा कुटी मैदान देवदरा में श्रीअष्ट लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद भागवत महापुराण का आयोजन 17 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक होगा। कहा कि इस यज्ञ में प्रथम उपस्थिति द्वारका पीठाधीश्वर श्रीमद् जगत्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज की रही। जामदार अस्पताल के संचालक डॉ. जितेन्द्र जामदार का भी आगमन हुआ है। वहीं 108 महात्माओं का आगमन होगा। विद्वत विप्र सम्मेलन गीता जयंती उत्सव में श्लोक पाठन प्रतियोगिता विराट सुहागलों का आयोजन आदि सम्पन्न होंगे।

