विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने सभी की सहभागिता आवश्यक – संपतिया उईके
ग्राम केहरपुर से विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ
भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिलाई गई शपथ
मंडला 16 दिसम्बर 2023
मंडला जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ मंडला विकासखंड के ग्राम केहरपुर से किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली जुड़े और उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्र के हितग्राहियों से चर्चा करते हुए उन्हें संबोधित किया। केहरपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा एवं संदीप सिंह, जनपद सदस्य संदीप सिंगौर, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर सीएल वर्मा एवं हुनेन्द्र घोरमारे तथा अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक संपतिया उईके ने अपने संबोधन में कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम केन्द्र सरकार से सभी वर्गों के विकास के लिए संकल्पित है। भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना आवश्यक है। आमजन शासन की योजनाओं को समझें तथा पात्रतानुसार लाभ उठाएं। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के लोग आगे बढ़ेंगे तो देश आगे बढ़ेगा और विकसित भारत का सपना साकार होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हिन्दुस्तान तेजी से विकास कर रहा है और वह आने वाले समय में निश्चित रूप से समूचे विश्व का नेतृत्व करेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे पात्रतानुसार शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर विकास की मुख्य धारा से जुड़ें, सरकार और प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है।

इससे पूर्व मवई से आए बैगा नर्तक दल तथा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में प्रश्नमंच तथा खेल की विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा शासन के विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा विभिन्न योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव साझा किए गए। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयों का वितरण किया गया।

योजनाओं का लाभ दिलाने गांव-गांव पहुंचेगी वेन
कार्यक्रम के अंत में विधायक संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा एवं संदीप सिंह तथा अन्य अतिथियों ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत केन्द्र सरकार की योजनाओं से सुसज्जित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें पात्रतानुसार लाभ दिलाने की पहल करेंगे। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

आज 12 पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा
मंडला 16 दिसम्बर 2023
भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का राज्य सरकार की सहभागिता से क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उसे लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है। यह यात्रा 17 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम कुडैला एवं चौरंगामाल, बीजाडांडी में भैंसवाही एवं पौंड़ीमाल, मवई में इंद्री रैयत एवं चंदगांव, मोहगांव मंे चौगान, नैनपुर में तिलई एवं मुगदरा, नारायणगंज विकासखंड के मैली एवं कोंडरा चौंकी, मंडला विकासखंड के पेटेगांव पंचायत पहुंचेगी। यात्रा के सफल आयोजन के लिए पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

अनुमत्य अवधि तथा निर्धारित डेसिबल में करें लाउड स्पीकर का उपयोग
शांति समिति की बैठक संपन्न
मंडला 16 दिसम्बर 2023
धार्मिक तथा अन्य स्थानों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियंत्रित उपयोग के संबंध में शांति समिति की बैठक जिला योजना भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, एसडीएम ऋषभ जैन तथा अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सभी वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि धार्मिक तथा अन्य स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देशों का सभी अनिवार्यतः पालन करें। रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह वर्जित है, इस अवधि में लाउड स्पीकर का उपयोग न करें। सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक सक्षम अधिकारी से अनुमति लेकर ही लाउड स्पीकर तथा डीजे का निर्धारित डेसिबल में उपयोग करें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने कहा कि निर्देशों की अवहेलना करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

खुले में नहीं होगा मांस का विक्रय
बैठक में अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि जिले की समस्त नगरीय निकायों में कहीं भी खुले में पशु मांस व मछली का विक्रय और प्रदर्शन नही किया जाएगा। मांस के कारोबारियों को लायसेंस प्राप्त करना तथा दुकान में अपारदर्शी कांच लगाना आवश्यक है। मांस के सभी व्यापारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश प्रदाय करते हुए लायसेंस प्राप्त करने तथा दुकान में अपारदर्शी कांच लगाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में उक्त कार्यवाही न करने पर संबंधितों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

4 ट्रेक्टर अवैध परिवहन के दौरान जब्त
मंडला 16 दिसम्बर 2023
खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजो के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में खनिज रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहन एमपी 51 एबी 0709 को ग्राम चौगान तहसील घुघरी, ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 51 एबी 2550 तथा एमपी 51 एबी 0187 को ग्राम बिछिया एवं न्यू हॉलेन्ड ट्रेक्टर बिना नंबर को ग्राम पोड़ी तहसील मण्डला में खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया।

इस प्रकार खनिज विभाग द्वारा कुल चार ट्रेक्टर अवैध परिवहन के दौरान जब्त किये गये। अवैध परिवहन में संलिप्त उक्त वाहनों को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना मण्डला, महाराजपुर तथा बिछिया की सुपुर्दगी में दिया गया। उक्त वाहन के विरूध म०प्र० खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है।

बम्हनी कॉलेज में विधिक सेवा जागरुकता कार्यक्रम संपन्न
मंडला 16 दिसम्बर 2023
शासकीय कला महाविद्यालय बम्हनी बंजर में विधिक सेवा जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डीआर कुमरे द्वारा विधिक सेवा प्राधिकरण की विभागीय संरचना एवं कार्यो के बारे में बताया गया। तत्पश्चात छात्र-छात्राओं को प्राधिकरण की ‘‘जन उपयोगी योजना’’ जिसमें कमजोर वर्गों को लाभ प्राप्ति की संरचना, मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत ड्राइविंग लाइसेंस, जुर्माना आदि की जानकारी दी गई। पॉक्सो एक्ट, बैंक ट्रांजिक्शन, ओ.टी.पी. सर्तकता, बैंक फ्रॉड, मुक्त कानूनी सेवा का विवरण दिया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को कैरियर से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई।

लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 पोक्सो की प्रशिक्षण सह कार्यशाला
मंडला 16 दिसम्बर 2023
जिला पंचायत सभागृह जिला मण्डला में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 पोक्सो की प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर योगेश पाराशर ने पोक्सो अंतर्गत विस्तार से जानकारी दी। पोक्सो को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों एवं एक्ट की संवेदनशीलता के संबंध में अवगत कराया एवं समाज में हो रहे अपराधों और इसमें किस प्रकार की कार्यवाहियां की जा सकती हैं इस संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी शालिनी तिवारी, लीना चौधरी, समस्त परियोजना अधिकारी, सुपरवाईजर उपस्थित रहे।

विश्व एड्स पखवाड़ा में हुए कार्यक्रम
मंडला 16 दिसम्बर 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में विश्व एड्स दिवस कार्यक्रम के तारतम्य में विधिवत् कार्यक्रम किये जा रहे हैं। शहर एवं ग्रामीण स्तर पर जन जागरुकता रथ, नुक्कड़-नाटक के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं चौक-चौराहों पर एड्स के प्रति लोगों को परिचर्चा कर समझाया जा रहा है। आईटीआई प्रशिक्षण संस्थान में प्रतियोगिता जैसे पोस्टर रंगोली, प्रश्नोत्तरी एवं निबंध का एड्स विषय पर आयोजन किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरुप इनाम वितरण किया गया। इस दौरान निबंध में प्रथम, आशीष उइके, प्रियंका, पारस एवं पोस्टर में प्रथम नवीन, ज्योति, याचना ठाकुर का उचित स्थान रहा। साथ ही एड्स को लेकर जो लोगों के मन में सामाजिक भेदभाव है शार्ट फिल्म के माध्यम से जागरुक कर भ्रांतियों को दूर किया गया। चित्रांश वर्मा लैब टेक्निक के एड्स निवारण और नियंत्रण अधिनियम एक्ट 2017 में दिए गए सामान्य अधिकार को विस्तार से बताया गया। उक्त कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर, प्राचार्य आर.एस. वरकडे, वैशाली काम्ठे एवं अन्य कार्यकर्ता आदि उपस्थित रहे।
पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर 18 दिसंबर से
मंडला 16 दिसम्बर 2023
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु 18 दिसम्बर से 22 दिसंबर 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मंडला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने सभी कार्यालयों को निर्देशित किया है कि शिविर में अपने कार्यालय में लंबित नवंबर 2023 तक के प्रकरण एवं पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति का निराकरण कर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करेंगे।

निःशुल्क मेगा नेत्र शिविर का आयोजन 18 दिसम्बर से
मंडला 16 दिसम्बर 2023
राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मण्डला में मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को दृष्टि प्रदान करने हेतु 18 से 23 दिसम्बर 2023 तक निःशुल्क मोतियाबिंद एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में जिले के समस्त विकासखण्डों के मोतियाबिंद के मरीजों के ऑपरेशन विकासखण्डवार किए जायेंगे। 18 दिसंबर 2023 को बम्हनीबंजर, 18 दिसंबर 2023 को नैनपुर, 19 दिसंबर 2023 को बीजाडांडी एवं निवास, 20 दिसंबर 2023 को नारायणगंज एवं घुघरी, 21 दिसंबर 2023 को बिछिया एवं मवई तथा 22 दिसंबर 2023 को मोहगाँव विकासखण्ड के मरीजों को एम्बूलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय मण्डला लाया जाकर भर्ती किया जायेगा एवं भर्ती दिनाँक के दूसरे दिन मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जायेगा। उक्त शिविर के पूर्व जिले के समस्त विकासखण्डों के चयनित ग्रामों में नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित कर मोतियाबिंद मरीजों का चयन किया जा रहा है। उक्त शिविर में जबलपुर संभाग के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहरवाल, डॉ. ऊषा दत्त एवं डॉ. आदित्य साहू नरसिंहपुर द्वारा ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किए जाएंगे। शिविर में मरीजों के आवास, भोजन एवं दवाईयों की व्यवस्था पूर्ण रूप से निःशुल्क रहेगी। आम जनता से अपील है कि जिन मरीजों को आँखों से धुंधला दिखाई देता हो, आँखों में जाला पड़ गया हो, रात के समय दो चन्द्रमा दिखाई देते हों, ऐसे मरीज अपने निकट के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों अथवा जिला चिकित्सालय मण्डला में जाकर अपनी आँखों की जाँच कराकर अपना रजिस्टेªशन अवश्य कराएं एवं शिविर का लाभ प्राप्त करें। मरीज अपने साथ में अपने दैनिक उपयोग की वस्तुएँ अवश्य लावें।
प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला 18 को
मंडला 16 दिसम्बर 2023
शासकीय आईटीआई मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का 18 दिसंबर 2023 को प्रातः 10 बजे से आयोजन किया जायेगा जिसमें देश की प्रतिष्ठित कम्पनियां सम्मिलित होंगी। इस मेले में 10वी, 12वी, आईटीआई, स्नातक पास सभी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को शासन एवं कम्पनियों के अनुसार मानदेय दिया जायेगा। अप्रेंटिसशिप मेले में शामिल होने के लिए https://forms.gle/nwHQJC4TnSkPri1x5 में अपना रजिस्ट्रेशन करें एवं अपने मूल दस्तावेज के साथ शासकीय आईटीआई मंडला में उपस्थित होवें। अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई मंडला में संपर्क करें।

आज सिंहवाहिनी मंदिर से निकाली जाएगी भव्य शोभयात्रा
.राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. जामदार होंगे शामिल
मण्डला। मप्र जनअभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. जितेन्द्र जामदार का आज नगर आगमन हो रहा है। नगर के मेहेर बाबा कुटी मैदान देवदरा में आयोजित श्रीअष्ट लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद भागवत महापुराण की शोभायात्रा में आज शामिल होंगे और समाजसेवियों से मुलाकात करते हुए सनातन धर्म के बारे में अपने विचार व्यक्त करेंगे। इसी के साथ डॉ. राजीव बडेरिया मेट्रो हॉस्पीटल, डॉ. पवन स्थापक एवं श्री श्री भगतगिरी बच्चू महाराज ने भी शोभायात्रा में शामिल होने की सहमति दी है। शोभायात्रा दोपहर 12 बजे से नावघाट स्थित सिंहवाहिनी मंदिर से निकाली जाएगी। धर्मगुरू पंडित नीलू महाराज ने बताया कि जिला मुख्यालय में आयोजित श्रीअष्ट लक्ष्मी महायज्ञ को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। आज प्रात: 12 बजे से सिंहवाहनी मंदिर से भव्य शोभयात्रा निकाली जाएगी। यहां से 108 महिलाएं कलश लेकर शोभयात्रा में शामिल होंगी। यह यात्रा सिंहवाहनी मंदिर से आरंभ होगी। जिसका नगर के विभिन्न स्थानों में स्वागत होगा। उदय चौंक में वरिष्ठ पत्रकार हनुमान तिवारी और पत्रकार परिषद समाज कल्याण प्रकोष्ठ की महिलाएं पुष्पवर्षा करते हुए शोभायात्रा का स्वागत करेंगी। यहां फल और जल वितरण किया जाएगा। वहीं बस स्टेंड खैरमाई मंदिर प्रागंण में खैरमाई सेवा समिति के द्वारा स्वागत किया जाए और लालीपुर में शोभायात्रा का स्वागत समाजसेवी रेनू कछवाहा व उनकी टीम के द्वारा होगा। तद्उपरांत शोभायात्रा का जिला पंचायत के सामने स्थित शेषनाग हनुमान मंदिर में राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद जिला ईकाई मण्डला के द्वारा स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की जाएगी। शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल मेहरबाबा कुटी प्रागंण देवदरा पहुंचेगी जहां पर विधि विधान से पूजन अर्चन उपरांत कलश स्थापना होगी साथ ही यहां पर स्थापित प्रतिमाओं का यज्ञ में आव्हान किया जाएगा। समाजसेवी सुधीर कांसकार एवं नीरज अग्रवाल ने धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने अपील की है।

फ्राइडे सिंगर्स की चौथी वर्षगांठ पर सजी संगीतमय महफिल
संगीत की शाम में बही सुरों की बयार, गायकों ने दी शानदार प्रस्तुति
मंडला – शुक्रवार को फ्राइडे सिंगर्स ग्रुप की चौथी वर्षगांठ पर स्थानीय झंकार भवन में संगीतमय महफिल का आयोजन किया गया। इस महफिल में कलाकारों द्वारा एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए गए। जैसे शाम गहराती जा रही थी, सुरों की बयार लोगों को आत्मिक शांति का अनुभव कराती जा रही थी। कलाकार एक-एक कर मंच पर आते और अपनी कला के जादू से सराबोर करते जाते थे। उल्लेखनीय की 4 वर्ष पूर्व शुक्रवार के दिन संगीत के शौकीन कुछ युवाओं द्वारा एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया था जिसके माध्यम से लोग अपने गानों की रिकॉर्डिंग ग्रुप में भेजा करते थे। धीरे-धीरे इस ग्रुप में गाने के शौकीनों की संख्या बढ़ती गई। इसके 1 साल पूरे होने पर इसकी पहली वर्षगांठ आयोजित की गई थी, जिसके बाद लगातार हर वर्ष इसकी वर्षगांठ मनाई जा रही है और इसके सदस्यों में लगातार इजाफा हो रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत मृदु- किशोर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की डायरेक्टर श्रीमती मृदुला काल्पीवार और भारतीय स्टेट बैंक मंडला की आर ए सी सी ब्रांच के प्रबंधन मुकेश सोनी ने दीप प्रज्वलन कर किया। चौथी वर्षगांठ के मौके पर कलाकारों ने मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, मुकेश, लता मंगेशकर, आशा भोसले, मन्ना डे आदि मशहूर कलाकारों के गीत प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम में रजनी खरबंदा ने किस लिए मैंने प्यार किया, बबीता चौकसे ने हंसते-हंसते कट जाए रस्ते, कन्हैया सचदेव ने मेरी तमन्नाओं की तकदीर तुम, ललिता जायसवाल ने इस जीवन की यही है कहानी, कीर्ति वाजपेई ने यह मुलाकात एक बहाना है, प्रवीण वाजपेई ने अपनी आंखों में बसाकर, मुक्ता शर्मा ने तुझे बुलाए यह मेरी बाहे, नवनीता दुबे ने तेरे लिए हम हैं जिए, दीपक पमनानी ने ओ मेरे दिल के चैन, रघु करोसिया ने ओ हंसिनी, गीता काल्पीवार ने नैनों में बदरा छाए, शक्ति क्षेतीजा ने किसी की मुस्कुराहटों पर हो निसार, अभिषेक बाजपेई ने दीवाना हुआ बादल, मीना शुक्ला ने आए हो मेरी जिंदगी में, दिव्या खत्री ने फजा भी है जवा जवा, अभिषेक अग्निहोत्री ने क्या हुआ एक बात पर, नीलम खरे ने बेदर्दी बालमा तुझको मेरा मन, मोनू ठाकुरता ने ये मेरा दिल प्यार का दीवाना, प्रियंका अग्निहोत्री ने कोई नहीं है, रम्मू चंदानी ने अब तेरे बिन, कृष्णा क्षत्री ने मेरा चांद मुझे आया है नजर, राहुल शांडिल्य ने ये दुनिया यह महफिल, मनीष रघुवंशी ने जिधर देखूं तेरी तस्वीर, निशांत यादव ने दिल के टुकड़े-टुकड़े कर के, महेश नामदेव ने चिराग दिल का जलाओ, सुनील साहू ने गुलाबी आँखे, आलोक शुक्ला ने ए मेरी जोहरा जबीं, रोहित पांडे ने मेरे दोस्त किस्सा यह क्या हुआ, विजय बहादुर सिंह ने दिए जलते हैं, चंद्रेश खरे ने सजनवां बैरी हो गए हमार, उज्जवल नामदेव ने अभी मुझ में कहीं, शैलू मिश्रा ने तेरे नाम का दीवाना, पप्पू शर्मा ने जिंदगी कैसी है पहेली, संजय मखीजा ने पुकारता चला हूं मैं गीत, की शानदार प्रस्तुति दी।

फ्राइडे सिंगर की चौथी वर्षगांठ के मौके पर जिले के वरिष्ठ साहित्यकार व इतिहासविद प्रोफेसर शरद नारायण खरे को साहित्य के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा मृदु- किशोर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की डायरेक्टर श्रीमती मृदुला काल्पीवार को संगीत के क्षेत्र में लंबे समय से लोगों को प्रोत्साहित कर मंच उपलब्ध करा कर संगीत की उल्लेखनीय सेवा करने के लिए सम्मानित किया गया। फ्राइडे सिंगर्स द्वारा ग्रुप के शक्ति क्षेतीजा व गीता क्षेतीजा और अभिषेक अग्निहोत्री व प्रियंका अग्निहोत्री की वैवाहिक वर्षगांठ भी मनाई गई। इस मौके पर प्रोफेसर शरद नारायण खरे और श्रीमती नीलम खरे ने श्रोताओं की फरमाइश पर युगल गीत प्रस्तुत किया जिसे काफी सराहा गया।

