चिन्हित हितग्राहियों को योजनाओं से आच्छादित करें – डॉ. सिडाना
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 19 फरवरी 2024
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाभियान के तहत चिन्हित हितग्राहियों को योजनाओं से आच्छादित करना सुनिश्चित करें। शतप्रतिशत बैगा हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, उज्ज्वला योजना आदि का लाभ प्रदान करें। उन्होंने कहा कि बिछिया, निवास, घुघरी एवं नैनपुर में गिरदावरी का कार्य संतोषजनक नहीं है, संबंधित तहसीलदार उक्त कार्य को जल्द पूर्ण कराएं। गिरदावरी के कार्य में पूरी सावधानी रखें।

समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कार्यालय प्रमुख प्रत्येक प्रकरणों का निर्धारित समय में समुचित निराकरण करें। टीएल प्रकरण अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं जिन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत किया जाना चाहिए। इसी प्रकार सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों का भी सकारात्मक निराकरण करने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें। इस संबंध में एसडीएम तथा एसडीओपी का भी सहयोग प्राप्त करें। उन्होंने अतिवृष्टि तथा ओलावृष्टि से हुए नुकसान की संकलित जानकारी भेजने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 23 फरवरी 2024 को आयोजित होने वाले फूड एण्ड क्राफ्ट मेला में सभी विभाग सहभागिता करें। न्यायालयीन प्रकरणों पर समय पर जवाब प्रस्तुत करते हुए कलेक्ट्रेट में जानकारी उपलब्ध कराएं। अवमानना सहित अन्य सभी लंबित प्रकरणों पर एक सप्ताह में जवाब प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने लोक अदालत, रबी उपार्जन तथा पटवारियों की काउंसलिंग के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में समस्त एसडीएम सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

सिकल सेल उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक – डॉ. सिडाना
हीमोग्लोबिनोपैथी सिकल सेल स्क्रीनिंग कार्यशाला संपन्न
मण्डला 19 फरवरी 2024
हीमोग्लोबिनोपैथी सिकल सेल स्क्रीनिंग कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया स्वास्थ्य के साथ-साथ एक सामाजिक समस्या भी है जिसके उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। 2047 तक सिकल सेल एनीमिया से उन्मूलन के लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य सहित अन्य विभाग तथा विभिन्न संगठनों को भी सम्मिलित प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित सभी प्रतिभागियों से आव्हान किया कि सिकल सेल के संबंध में दी जा रही जानकारियों को समझकर प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग करें। लोगों को बताएं शादी के समय कुंडली से अधिक सिकल सेल कार्ड का मिलान करना जरूरी है।

कलेक्टर ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया के संबंध में प्रत्येक नागरिक की काउंसलिंग किया जाना जरूरी है। मंडला जिले के लोगों को सिकल सेल एनीमिया के संबंध में अत्यधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिलेवासी को सिकल सेल एनीमिया के कारण, लक्षण, दुष्परिणाम एवं उपचार से अवगत कराएं। साथ ही पोर्टल पर पंजीबद्ध रोगियों को जारी होने वाले कार्ड तथा कार्ड से मिलने वाले लाभों के बारे में भी जानकारी प्रदान करें। कार्यशाला में डॉ. कनिष्क खरबंदा चीफ ऑफिसर सिकल सेल स्क्रीनिंग दिल्ली, घनश्याम वर्मा सीनियर क्वालिटी सुपरवाईजर, आईसीएमआर साइंटिस्ट डॉ. एस सुब्रमन्यम, सीएमएचओ डॉ. केसी सरौते सहित संबंधित उपस्थित रहे।

खुद की जाँच कर कलेक्टर ने दिखाया डेमो
कार्यशाला में प्रतिभागियों को प्वाईंट ऑफ केयर किट से सिकल सेल एनीमिया की जांच के संबंध में जानकारी देते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने खुद की जाँच कर डेमो दिखाया। उन्होंने जांच करने का तरीका, जांच रिपोर्ट, काउंसलिंग, दवाईयाँ, सिकल सेल कार्ड आदि के संबंध में भी कार्यशाला में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जागरूकता अभियान के लिए स्थानीय भाषा में प्रचार सामग्री तैयार करने की बात कही।

चना, मसूर और सरसों के उपार्जन हेतु कृषक पंजीयन 20 फरवरी से
मण्डला 19 फरवरी 2024
भारत सरकार की प्राइम सपोर्ट स्कीम अंतर्गत रबी वर्ष 2023-24 (विपणन वर्ष 2024-25) में रबी फसल चना, मसूर एवं सरसों के उपार्जन हेतु ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन का कार्य 20 फरवरी 2024 से प्रारंभ हो रहा है। कृषक पंजीयन 20 फरवरी से प्रारंभ होकर 10 मार्च तक किया जाना है। किसान पंजीयन की व्यवस्था को सहज एवं सुगम बनाया गया है, किसान स्वयं के मोबाईल से घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। किसानों को पंजीयन केंद्रों मे लाइन लगाकर पंजीयन करने की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इस संबंध मे खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से गेंहू उपार्जन हेतु निर्धारित किए गए पंजीयन केंद्रों मे ही कृषक चना, मसूर, सरसों का पंजीयन कर सकते हैं। इसके साथ साथ पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत कार्यालय में सुविधा केंद्र, सहकारी समितियों द्वारा संचालित पंजीयन केंद्र एवं एमपी किसान ऐप के माध्यम से कृषक अपना पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर, लोकसेवा केंद्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर पंजीयन शुल्क राशि जमा कर कृषक अपना पंजीयन करा सकते हैं।

अमानक उर्वरक पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
मण्डला 19 फरवरी 2024
उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत डीएपी, विक्रेता म.प्र. राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित भण्डार केन्द्र बिछिया, निर्माता कंपनी नेशनल फर्टीलाइजर लिमिटेड का बैच, लॉट नंबर 14424/21 के नमूने गुणवत्ता परीक्षण में अमानक पाए जाने के फलस्वरूप संबंधित लॉट व बैच नंबर के उर्वरकों का जिले में क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।

पटवारियों की काउंसलिंग के संबंध में बैठक संपन्न
मण्डला 19 फरवरी 2024
24 फरवरी 2024 को होने वाली पटवारियों की काउंसलिंग के संबंध में सोमवार को जिला योजना भवन में बैठक का आयोजन किया गया जिसमें कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियाँ निर्धारित तिथि से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधितों को काउंसलिंग की जानकारी प्रदान करते हुए पावती सुरक्षित रखें। संबंधितों को काउंसलिंग की जानकारी प्रदान करना राजस्व विभाग की जिम्मेदारी है।

कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित करें। बैठक में कलेक्टर ने अभिलेखों का सत्यापन, प्रमाण पत्रों की जांच आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग के दौरान संबंधितों को प्रशिक्षण की तिथि एवं स्थान से भी अवगत कराएं। बैठक में समस्त एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित उपस्थित रहे।

मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने समिति गठित
मण्डला 19 फरवरी 2024
मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही किए जाने के संबंध में कलेक्टर द्वारा निगरानी समिति का गठन किया गया है जो मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन करने वाले खाद्य व्यापारियों के विरूद्ध आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यवाही सुनिश्चित करेगी। समिति में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, तहसीलदार, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, नापतौल निरीक्षक एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी को शामिल किया गया है।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
मंडला 19 फरवरी 2024
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते 20 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे जेवरा से रवाना होकर प्रातः 11:30 बजे मोहगांव पहुंचेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगें। वे दोपहर 1:30 बजे मोहगांव से रवाना होकर दोपहर 2:30 बजे घुघरी पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 3 बजे स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत बम्हनी के रवाना होंगे। वे सायं 4:45 बजे बम्हनी के तथा रात्रि 8 बजे से मंडला के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते रात्रि 9 बजे मंडला से प्रस्थान कर रात्रि 10 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

गांव-गांव तक पहुंचाएं लोक अदालत की जानकारी
मण्डला 19 फरवरी 2024
समाधान आपके द्वार योजना के अंतर्गत 24 फरवरी को लोक अदालत शिविर का आयोजन किया जाना है, जिसमें लंबित प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को लोक अदालत के संबंध में गांव गांव में मुनादी सहित अन्य माध्यमों से प्रचार करने के निर्देश दिए गए हैं।

हम्माल तूलैया संघ ने सूर्यकुंड में चढ़ाया ध्वज
मण्डला। हम्माल तूलैया संघ कृषि उपज मंडी द्वारा भव्य ध्वज शोभायात्रा निकाली गई। जो नगर भ्रमण करते हुए श्री सूर्यकुंड धाम पहुंची जहां पर ध्वज स्थापना की गई। ध्वज यात्रा कृषि उपज मंडी पड़ाव से दोपहर 12 बजे निकली जो कि उदय चौंक, महात्मा गांधी वार्ड सांई कृपा से झूला पुल होते हुए श्री सूर्यकुण्ड धाम पहुंची। यहां पर दोपहर 3 बजे भव्य ध्वज स्थापना धर्मप्रेमियों की उपस्थिति में किया गया। बता दें कि संचालक समिति सूर्यकुण्ड धाम श्री हनुमान मंदिर सकवाह में मां नर्मदा जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। यहां प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री श्री 1008 परम श्रद्धेय प्रणेता ब्रम्हलीन श्री भारती महाराज जी द्वारा प्रशस्त माँ नर्मदा जयंती समारोह एवं माँ नर्मदा जन्मोत्सव पावनी मां रेवा के दक्षिण तट स्थित मंडला से पूर्व पर श्री सूर्यकुण्ड धाम सकवाह के श्री हनुमान मंदिर प्रागंण में आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम माघ कृष्ण मौनी अमावस्या दिनांक 9 फरवरी शुक्रवार से आरंभ हुआ । जो कि माघ शुक्ल दशमीं 19 फरवरी सोमवार को समाप्त हुआ। 9 फरवरी से श्रीरामचरित मानस अखंड पाठ एवं अखंड दीप पं विजय कुमार जी चौबे घुघरी वाले के द्वारा श्री नर्मदा पुराण का मूलपाठ सुबह 8 से 11 बजे तक, प्रवचन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा था। वहीं माँ नर्मदा जन्मोत्सव एवं नर्मदा पूजन किया गया। वहीं 19 फरवरी को पूर्णाहुति, कन्याओं का प्रीतिभोज एवं महाप्रसादी वितरण के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम में संजीव कुमार अग्निहोत्री, संरक्षक भीष्म द्विवेदी, संरक्षक आकाश दीक्षित, अध्यक्ष श्री मुरलीधर पंडा सर्वकार एवं संचालन समिति के सभी सदस्य श्री सूर्यकुण्ड धाम हनुमान मंदिर सकवाह एवं हम्माल तूलैया संघ कृषि उपज मंडी अध्यक्ष मूलचंद्र राजू वनबासी, उपाध्यक्ष मुकेश यादव, सचिव प्रहलाद यादव, कोषाध्यक्ष विजय गोठिया एवं समस्त हम्माल संघ उपस्थित रहे।

आचार्य श्री की श्रद्धांजलि सभा आज
मण्डला। जैन जगत के सर्वोच्च पद पर असीन इस युग के भगवान का मोक्ष गमन संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी जैसे प्रखर सूर्य का अस्त होना पूरे विश्व के लिए असहनीय क्षति है आचार्य के मोक्ष गमन पर आज 20 फरवरी दोपहर 3 बजे रपटा घाट सर्किट हाउस के सामने स्थित रेवाचंल पार्क मण्डला में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद् के जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने आयोजित श्रृद्धांजलि सभा में पहुंचने की अपील की है।

