Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मण्डला 7 मार्च 2024

 

निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियाँ समय से पहले पूर्ण करें – डॉ. सिडाना

लोकसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स की बैठक संपन्न

मण्डला 7 मार्च 2024

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने मंडला लोकसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक में निर्देशित किया कि सभी अधिकारी निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियाँ समय से पहले पूर्ण करें। संबंधित जिले के अधिकारी आपस में बेहतर समन्वय करें। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह तथा मंडला लोकसभा में आने वाले बिछिया, निवास, मंडला, शहपुरा, डिंडौरी, केवलारी, लखनादौन एवं गोटेगांव विधानसभा क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी बीएलओ की बैठक लेकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाएं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने तथा संशोधन के संबंध में प्राप्त आवेदनों पर निर्धारित समयावधि में कार्यवाही करें। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। सुनिश्चित करें कि किसी भी मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में ना हो। इसी प्रकार किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दो बार ना हो। ईपी तथा जेंडर रेशो पर ध्यान दें। उन्होंने मतदाता सूची का रेंडम आधार पर वेरीफिकेशन करने के भी निर्देश दिए।

वेलफेयर मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दें

 

कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सेक्टर अधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। मतदान केन्द्र में बिजली, पानी, पंखा, शौचालय, फर्नीचर, रैम्प आदि की व्यवस्था रखें। गर्मी को ध्यान में रखते हुए वेलफेयर मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दें। शेडो क्षेत्रों में सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाएं। लोकसभा मुख्यालय की कम्यूनिकेशन टीम के सतत संपर्क में रहें तथा चाही गई जानकारियां निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराएं। क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता का सख्ती से पालन कराएं। बैठक में कलेक्टर ने संपत्ति विरूपण, ईव्हीएम रेंडमाईजेशन, पोस्टल बैलेट, रूटचार्ट, परिवहन व्यवस्था, मतदान दलों के प्रशिक्षण, स्ट्राँग रूम तथा मतगणना आदि से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

स्वीप गतिविधियों को परिणामदायी बनाएं

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियों का बेहतर संचालन करें। जिन क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत कम रहता है वहां पर विशेष रूप से अभियान संचालित करते हुए लोगों को नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने दिव्यांग, बुजुर्ग तथा होम वोटिंग के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य को ईव्हीएम से मतदान की प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए आवश्यकतानुसार ईव्हीएम का प्रदर्शन भी सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

रैम्प पर बिखरी पारंपरिक साड़ियों की छटा

पारंपरिक साड़ियों तथा शिल्पकौशल को बढ़ावा देने साड़ी वॉक थॉन का आयोजन

मण्डला 7 मार्च 2024

            पारंपरिक साड़ियों तथा शिल्पकौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर साड़ी वॉक थॉन का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। साड़ी वॉक थॉन के तहत आयोजित रैली को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो नगर के प्रमुख मार्गों में भ्रमण के उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर में संपन्न हुई जहां पर विभिन्न मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि साड़ी हमारा पारंपरिक परिधान है और इस परंपरा को जीवंत रखना हमारा दायित्व है। मंडला में बनने वाली साड़ियाँ बहुत पसंद की जा रही हैं। कार्यक्रम में मंच पर पारंपरिक साड़ियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए जिनका प्रतिभागियों ने उत्तर देकर पुरूस्कार प्राप्त किया। साड़ी के पहनावे पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंजना कोष्टा, द्वितीय ज्योति यादव एवं तृतीय रूद्राक्षी दीक्षित ने प्राप्त किया। विशेष पहनावे के लिए सीमा भारतीया, सुशीला ज्योतिषी एवं सरिता अग्निहोत्री को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर रपटाघाट में बनाए गए चित्रों पर आधारित फोटो प्रतियोगिता में सम्मिलित फोटो की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि मधु अली, महाप्रबंधक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क ऊषा चौधरी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास लालशाह जगेत, सहायक संचालक महिला बाल विकास रोहित बड़कुल एवं परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास अनूप नामदेव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय एवं प्रीति दुबे ने किया।

 

 

 

 

 

 

 

अधिकारी कर्मचारी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें – डॉ. सिडाना

कार्यालय प्रमुखों को दिया गया आदर्श आचरण संहिता का प्रशिक्षण

मण्डला 7 मार्च 2024

            आगामी लोकसभा निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए जिला योजना भवन में जिला स्तर के सभी अधिकारियों को निर्वाचन की आदर्श आचरण संहिता से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सभी अधिकारी कर्मचारी पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। आदर्श आचरण संहिता को बेहतर ढंग से समझते हुए पालन सुनिश्चित करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर राजेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के साथ ही संपत्ति विरूपण की कार्यवाही प्रारंभ करें। कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का पालन कराएं। सभी अनुमतियाँ समय पर जारी करें। पटवारी, सचिव, जीआरएस सहित अन्य मैदानी अमलों के माध्यम से ग्राम स्तर तक आदर्श आचरण संहिता का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण में पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से मास्टर ट्रेनर डॉ. टीपी मिश्रा एवं डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव ने बताया कि निर्वाचन की घोषणा की तारीख से निर्वाचन समाप्त होने तक सरकार के किसी भी विभाग द्वारा ऐसा कोई आदेश पारित नही किया जावेगा जिससे चुनाव की शुचिता और निष्पक्षता प्रभावित होती हो। कर्मचारियों को चुनाव में बिल्कुल निष्पक्ष रहना चाहिए एवं यह उनके व्यवहार से भी परिलक्षित होना चाहिए। सार्वजनिक स्थान पर चुनाव सभा की अनुमति देते समय अभ्यर्थियों या राजनीतिक दलों के बीच कोई भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। शासकीय सम्पत्ति सभी शासकीय परिसरों से राजनैतिक संबंद्धता वाले सभी वाल राईटिंग, पोस्टर, पेपर या कटआउट, होर्डिंग, बैनर, झण्डे आदि निर्वाचन की घोषणा के 24 घण्टों के अंदर हटाए जाने चाहिए। रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड, पुल, सड़के, बिजली, टेलीफोन के खम्भे, नगरपालिका, स्थानीय निकाय के भवनों से उपरोक्त लेखन आदि निर्वाचन की घोषणा के 48 घण्टों के अंदर हटाए जाने चाहिए। सभी अनाधिकृत राजनैतिक संबंद्धता वाले लेखन, विज्ञापन घोषणा के 72 घण्टों के भीतर हटाना है। आचार संहिता की घोषणा के साथ ही विभिन्न योजनाओं तथा निर्माण कार्य की सूची बनाकर सभी कार्यों की अद्यतन जानकारी पूर्व में ही सूची तैयार करें। राजनैतिक दल या अभ्यर्थी को चुनाव प्रचार हेतु सक्षम अधिकारी से वाहन की अनुमति प्राप्त करनी होगी तथा प्राप्त अनुमति की छायाप्रति विंड स्क्रीन पर प्रदर्शित करनी होगी। लाउड स्पीकर चाहे स्थैतिक अवस्था या वाहन पर लगा हो निर्वाचन प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से की जाने वाली आम सभाओं में रात्रि 10 बजे से सुबह 6 तक पूर्णतः प्रतिबंधित होगा।

 

 

 

 

 

वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण 11 मार्च को

मण्डला 7 मार्च 2024

            रानी फूलकुंवर शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला के पीछे स्थित ईव्हीएम व्हीव्हीपीएटी वेयरहाउस को खोलकर 11 मार्च 2024 की दोपहर 12:30 बजे त्रैमासिक निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान सभी से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला

मण्डला 7 मार्च 2024

            शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडला म.प्र. में एक दिवसीय प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला का आयोजन 11 मार्च 2024 प्रातः 10 बजे से किया जा रहा है। मेले में आईटीआई उत्तीर्ण पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं जिनकी आयु 18-25 वर्ष हो जिन्हें प्रतिमाह स्टाइपेन्ड एवं अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। यदि मेले में भाग लेना चाहते हैं तो आयोजन के दिन उक्त स्थान पर अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं बायोडाटा सहित 11 मार्च 2024 को प्रातः 10 बजे साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। अप्रेन्टिसशिप हेतु भर्ती, अप्रेन्टिसशिप नियमों एवं कंपनियों के शर्तों अनुसार की जाएगी।

 

 

 

 

रपटाघाट पर बनाए गए चित्रों पर आधारित फोटो प्रतियोगिता संपन्न

सौगत नसीम को प्रथम तथा मनीष कछवाहा एवं पारस तिवारी को द्वितीय स्थान

 

मण्डला 7 मार्च 2024

                नर्मदा तटों के सौन्दर्यीकरण के तहत रपटाघाट पर बनाए गए चित्रों पर आधारित फोटो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें 17 छायाकारों ने मनमोहक तस्वीरों के साथ सहभागिता की। प्रतियोगिता में सौगत नसीम को प्रथम, मनीष कछवाहा एवं पारस तिवारी को द्वितीय तथा आनंद खरे एवं विकास कोपरिया को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ जिन्हें कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा प्रशस्ति पत्र तथा नगद राशि से पुरूस्कृत किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि मंडला नगर तथा नर्मदा के तटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भविष्य में सौन्दर्यीकरण के साथ-साथ पर्यटन को भी प्रोत्साहित करने की दृष्टि से भी फोटो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल तस्वीरों की प्रदर्शनी कलेक्ट्रेट परिसर में साड़ी वॉक थॉन के तहत आयोजित कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई। ये सभी फोटो जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों मंे लगाई जाएंगी। इस अवसर पर सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग लालशाह जगेत, उपसंचालक कृषि मधु अली, सहायक संचालक महिला बाल विकास रोहित बड़कुल, प्रभारी सहायक संचालक जनसंपर्क अनादि वर्मा, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास अनूप नामदेव सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वच्छता ग्रीन लीफ रेटिंग’

 

मण्डला 7 मार्च 2024

                पेयजल और स्वच्छता विभाग और पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त तत्वाधान से देश में आतिथ्य सुविधा जैसे- रिसोर्ट, होमस्टे, हॉटल्स, धर्मशाला इत्यादि में सुविधाओं के लिए स्वच्छता ’ग्रीन लीफ रेंटिंग सिस्टम’ का शुभारंभ किया गया है। ग्राम पंचायतों के ओडीएफ प्लस स्टेटस प्राप्त करने के लिये स्वच्छता के मापदण्डों का ध्यान रखे जाने हेतु उनके क्षेत्राधिकार में कार्यरत रिसॉर्टस, हॉटल्स, होमस्टे, धर्मशाला आदि आवास सुविधा उपलब्ध कराने वाली इकाईयों, संस्थाओं को सर्वप्रथम स्वयं सेल्फ असेसमेन्ट कर जनपद पंचायतों को प्रस्तुत किया जाना है। स्वच्छता ईकाइयों के प्रस्तुत सेल्फ असेसमेन्ट के सत्यापन हेतु जनपद पंचायत स्तरीय गठित उपसमिति के माध्यम से उक्त चिन्हांकित ईकाइयों का सत्यापन कर निर्धारित प्रारूप में निरीक्षण प्रतिवेदन जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किये जाने पर सत्यापन व रेटिंग निर्धारण की कार्यवाही की जाती है। प्रथम चरण में जनपद पंचायत बिछिया कान्हा टाइगर रिजर्व अंतर्गत एमपी टूरिज्म की चिन्हांकित 2 ईकाईयाँ एम.पी.टी. सरही रिसोर्ट कान्हा, बघीरा जंगल रिसोर्ट मोचा कान्हा का उपसिमिति व जिला स्तरीय समिति के सत्यापन उपरान्त 7 मार्च 2024 को जिला योजना भवन में कलेक्टर अध्यक्ष जिला स्तरीय समिति के माध्यम से स्वच्छता ग्रीन लीफ रेटिंग अंतर्गत मान्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 7 मार्च 2024

                केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार 8 मार्च 2024 को प्रातः 9 बजे ग्वारी में पानी टंकी का भूमिपूजन करेंगे तथा प्रातः 11 बजे बिछिया, दोपहर 1 बजे मवई में, दोपहर 2:45 बजे घुटास में, सायं 4:30 बजे अंजनिया में तथा शाम 6 बजे पिंडरई में बैठक लेंगे। इसके बाद शाम 7:30 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा रात्रि 10 बजे कान्हा नेशनल पार्क पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 9 मार्च 2024 को प्रातः 10 बजे कान्हा नेशनल पार्क से बालाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

10 मार्च तक होगा किसानों का पंजीयन

 

मण्डला 7 मार्च 2024

                शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2024-25 के लिए समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय करने हेतु किसान पंजीयन की अवधि में शासन द्वारा 10 मार्च 2024 तक वृद्धि की गई है। किसानों से अपील की गई है कि निर्धारित समयावधि के पूर्व गेहूं विक्रय हेतु निर्धारित सहकारी पंजीयन केन्द्रों एवं अधिकृत कॉमन सर्विस सेन्टर एवं एम.पी. ऑनलाईन एवं किसान ऐप के माध्यम से गेहूं का पंजीयन कराएं।

 

 

 

 

नैनपुर एसबीआई के जिम्मेदारों ने की अभद्रता
.पीडि़त की शिकायत

 

 

 

 

मण्डला। वर्तमान समय में बैकों में ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार करना आम बात हो गई है। जब कोई ग्राहक बैंक में खाता खुलवाने या रकम निकलवाने के लिए जाते हैं तो इनका एक बहाना होता है सर्वर डाउन है या बैक में स्टाफ  की कमी है। इसके चलते बैंक उपभोक्ता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला भारतीय स्टेट बैंक शाखा नैनपुर का सामने आया है। नैनपुर के भारतीय स्टेंड बैंक के शाखा प्रबंधक द्वारा अभद्र व्यवहार करने एवं जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगा है। इस संबंध में पीडि़त ने कलेक्टर और एसपी को शिकायत की है। पीडि़ता श्रीमति सरोज उईके ने बताई कि 3 मार्च को भारतीय स्टेंट बैंक शाखा नैनपुर में अपनी बेटी समीक्षा उईके जो कि राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भोपाल में पढ़ाई कर रही है। मेरी बेटी की उच्च शिक्षा के लिए मैंने भारतीय स्टेट नैनपुर शाखा में शिक्षा लोन लिया हुआ है। उक्त लोन की तीसरी किस्त की मांग करने वे बैंक गई थी। तब मुझे फील्ड ऑफीसर परषोत्तम मिले ने कहा आज शाखा प्रबंधक नही है आप कल आ जाना। जब मैं दूसरे दिन 4 मार्च को प्रात: 11 बजे पहुंची और फील्ड ऑफीसर परषोत्तम से मिली तो उन्होंने मुझे शाखा प्रबंधक से मिलने को कहा। मैं स्टेट बैंक शाखा नैनपुर के शाखा प्रबंधक के पास जाकर लोन की किस्त अदा करने बोली तो शाखा प्रबंधक ने मुझे किस्त अदा करने से मना कर दिया। शाखा प्रबंधक द्वारा मुझे यह कहा गया कि स्वयं अपनी बेटी की पढ़ाई की किस्त अदा करो बच्चों को नही पढ़ा सकते तो पैदा क्यों कर लेते हो। उक्त बाते सुनकर मैंने शाखा प्रबंधक से कहा कि मेरे दोनो बच्चे बाहर रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। शाखा प्रबंधक ने कहा कि सरकार के लिए बच्चे पैदा किए हैं मैं किस्त जारी नही करूंगा तुम स्वयं अपने बच्चों की किस्त भरो। उक्त बातो को सुनने के बाद मैंने शाखा प्रबंधक से कहा कि यह तो सरकार की योजना है मैंने शिक्षा लोन लिया है ताकि मेरे बच्चे अच्छी शिक्षा ले सके। शाखा प्रबंधक ने मुझे कहा आप यहा से जाओ खुद किस्त अदा करो तुम्हारे पास व्यवस्था नही है तो तुम लोग अपने बच्चों की उच्च शिक्षा बाहर क्यों दिला रहे हो। शाखा प्रबंधक बोला कि ऐसे हजारों लाखों बेरोजगार घूम रहे है सरकार नें तुम्हारी बेटी की नोकरी की गारंटी ले रखी है क्या जो नौकरी दे ही देंगे। यह से जाओं सरकार से लिखवाकर लाओ तो ही मैं किस्त अदा करेंगे। शाखा प्रबंधक के उक्त कृत्य के सबंध में प्रार्थना स्वीकार कर उचित कार्यवाही करने की मांग गई गई है।

 

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 14 अक्टूबर 2023

Reva India News

सम्बल योजना: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की हितग्राहियों के खातों में राशि  

Reva India News

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 40 लाख लाड़ली बहनों को दी 450 रुपए में गैस सिलेंडर की सौगात आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगा दो-दो लाख रूपए का बीमा कवर

Reva India News

Leave a Comment