व्यय लेखा, उड़नदस्ता एवं वीडियो निगरानी टीम का प्रशिक्षण संपन्न
मण्डला 8 मार्च 2024
आगामी लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिला योजना भवन में व्यय लेखा, उड़नदस्ता, वीडियो निगरानी एवं वीडियो अवलोकन टीम का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि विभिन्न टीमों में काम करने वाले सभी अधिकारी, कर्मचारी आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जाँच के दौरान आमजनांे के साथ भाषा एवं व्यवहार अच्छा होना चाहिए।

प्रशिक्षण में व्यय लेखा, उड़नदस्ता, वीडियो निगरानी एवं वीडियो अवलोकन टीम के सदस्यों को उनकी कार्यशैली, समय सीमा, जानकारियों के प्रेषण आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिला योजना भवन में संपन्न हुए प्रशिक्षण में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

नोडल अधिकारी नियुक्त
मण्डला 8 मार्च 2024
महिलाओं के यौन उत्पीड़न अधिनियम 2013 की धारा 19 (बी) के कार्यान्वयन हेतु मण्डला जिले के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास अधिकारी मण्डला को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी माननीय उच्च न्यायालय ओडिशा खण्डपीठ कटक द्वारा याचिका के संबंध में पारित आदेश दिनांक 15 सितम्बर 2023 के अनुसार राज्य सरकार के अधीन “यौन उत्पीड़न के दंडात्मक परिणामों को दर्शाने वाला एक बिलबोर्ड लगाकर, “बिलबोर्ड पर एक टोल-फ्री नंबर और प्रतिबद्ध फोन नंबर दर्ज करेंगे’’ तथा महिलाओं के यौन उत्पीड़न संबंधी प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही करेंगे।

’लगवा लो तुम टीका बी.सी.जी. टीका’ गीत लोकार्पित
मण्डला 8 मार्च 2024
बीसीजी टीका के लिए जनसामान्य को प्रेरित करने के उद्देश्य से गीतकार एवं गायक श्याम बैरागी द्वारा तैयार किए गए गीत ’लगवा लो तुम टीका बी.सी.जी. टीका’ गीत का विमोचन जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम द्वारा किया गया। गीत में टी.बी. के पूर्व मरीज, टी.बी. मरीजों के संपर्क में रहने वाले व्यक्ति, 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्ति, कुपोषित वयस्क, धूम्रपान करने वाले लोग एवं मधुमेह से पीड़ित व्यक्तियों को टी.बी. से सुरक्षित रहने के लिए जागृत करने वाले संदेश को बखूबी पिरोया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने गीत की सरल सहज भाषा की सराहना करते हुए इसे जन-जन में प्रचारित प्रसारित करने की बात कही। शासकीय योजनाआंे के गीतकार एवं गायक श्याम बैरागी की ये 56वी ऑडियो सीडी है।
आयोजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.सी. सरौते, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. यतेंद्र झारिया, यू.एन.डी.पी. के पी.ओ.डॉ. अतुल करकरे, संभाग जबलपुर, डॉ. श्रीनाथ सिंह, जिला क्षय अधिकारी डॉ. सुमित सिंगौर सहित विभाग के अनेक अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

पंजीकृत भवन एवं अन्य संनिर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए स्कूल छात्रवृत्ति योजना-2024 लागू
मण्डला 8 मार्च 2024
मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल, श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत भवन एवं अन्य संनिर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए स्कूल छात्रवृत्ति योजना-2024 लागू की गई है। श्रम पदाधिकारी मण्डला द्वारा बताया गया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिक द्वारा मण्डल के पोर्टल पर योजनांतर्गत आवेदन किया जायेगा। इस योजना के तहत कक्षा 1 से 5 तक छात्राओं के लिए 150 रूपये, कक्षा 6 से 8 तक छात्रों के लिए 200 रूपये एवं छात्राओं के लिए 600 कक्षा 9 से 10 तक छात्रों के लिए 600 रूपये एवं छात्राओं के लिए 1200 कक्षा 11 से 12 तक छात्र-छात्राओं के लिए 2300 की वार्षिक राशि प्राप्त होगी। इस योजना के तहत मंडल के पोर्टल पर वैद्य पंजीयनधारी निर्माण श्रमिकों की संतानें (अधिकतम 02) ही पात्र होंगी। प्रथम कक्षा को छोड़कर शेष सभी कक्षाओं के पूर्व के शैक्षणिक सत्र में न्यूनतम 60 प्रतिशत् प्राप्तांक अंक वाले विद्यार्थी पात्र होंगे। योजना में आवेदन शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ से 6 माह की अवधि तक किया जा सकेगा। शैक्षणिक सत्र का प्रारंभ 01 जुलाई से मान्य किया जायेगा। योजना अंतर्गत शैक्षणिक सत्र ऐसे छात्र-छात्राऐं ही पात्र होंगे, जिनके द्वारा उस शैक्षणिक सत्र में अन्य विभागों से छात्रवृत्ति प्राप्त नही की जा रही है। पंजीकृत निर्माण श्रमिक एवं छात्र-छात्रा की समग्र आईडी का आधार ई-केवाईसी होना चाहिए एवं आधार के साथ डीबीटी इनेबल्ड बैंक खाता लिंक होना चाहिए। विद्यार्थियों की कक्षाओं में उपस्थिति 50 प्रतिशत से अधिक होनी चाहिए।

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
मंडला 8 मार्च 2024
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निवास ने ग्राम सतपहरी रैयत निवासी चमेली बाई की 21 जुलाई 2023 को सर्प के काटने से मुत्यु हो जाने के कारण मृतक के निकटतम वारसान के रूप में पति हरदयाल सिंह को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता की राशि स्वीकृत की है।

जिला एवं समस्त विकासखण्ड में वयस्क बीसीजी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
मण्डला 8 मार्च 2024
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम एवं टीबी हारेगा, देश जीतेगा अभियान अंतर्गत वयस्क बीसीजी टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ में राज्य स्तर से अतुल करकरे, पी.ओ. (यू.एन.डी.पी.), डॉ. के.सी. सरोते, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यतेन्द्र झारिया, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पी.एल. कोरी, डीएचओ 1 डॉ. देवेन्द्र मरकाम, डीएचओ-2 डॉ. विजय धुर्वे, सी.एस. डी.एच. मण्डला डॉ. सुमित सिंगौर, जिला क्षय अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह, आर्थाेपेडिक जिला चिकित्सालय मण्डला द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष का स्वागत कर वयस्क बीसीजी टीकाकरण के संबंध में समस्त जानकारी देकर टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

वयस्क बीसीजी टीकाकरण के शुभारंभ दिवस पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम एवं जिला टीकाकरण अधिकारी द्वारा स्वयं बीसीजी का टीका लगवाया गया। मण्डला शहरी क्षेत्र के साथ ही समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भी वयस्क बीसीजी टीकाकरण का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया गया। डॉ. के.सी. सरोते मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा वयस्क बीसीजी टीकाकरण के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि बीसीजी टीकाकरण अभियान वर्ष 2025 तक क्षय उन्मूलन के लक्ष्य प्राप्ति की ओर एक बड़ा कदम है। वयस्क बी.सी.जी. का टीका एक विश्वसनीय एवं सुरक्षित टीका है। वयस्क बीसीजी टीकाकरण अभियान जिला एवं समस्त विकासखण्डों में 03 माह तक सेशन बनाकर किया जावेगा। टीकाकरण अध्ययन कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में पात्र व्यक्तियों को एडल्ड बीसीजी वेक्सिनेशन किया जावेगा। टीबी के मरीजों के संपर्क में आये व्यक्ति, पूर्व में टीबी का उपचार ले चुके व्यक्ति, 60 वर्ष से अधिक आयु समूह के व्यक्ति, स्वप्रतिवेदित धूम्रपान कर रहे व्यक्ति, स्वप्रतिवेदित मधुमेह के मरीजों को एडल्ड बीसीजी वेक्सिनेशन किया जावेगा। कार्यक्रम में बीसीजी टीकाकरण अभियान में एनटीईपी से डीपीसी, एसटीएस, एसटीएलएस, डीईओ, टीबीएचव्ही, लेब टेक्निीशियन, टीकाकरण कार्यक्रम से व्ही.सी.सी.एम. यूपीएचसी से सुपरवाईजर, एमपीडब्लयू, समस्त एएनएम शहरी क्षेत्र एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नेशनल लोक अदालत आज
मण्डला 8 मार्च 2024
जिला न्यायालय परिसर में नेशनल लोक अदालत का 9 मार्च 2024 को प्रातः 10ः30 बजे आयोजन किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा किया जाएगा।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कार्यक्रम
मण्डला। जिला पंचायत के पास स्थित हनुमान शिव शेषनाग मंदिर में शिवरात्रि के पावन अवसर पर अभिषेक हवन पूजन के साथ भण्डारे का आयोजन किया गया। मंदिर में वर्ष 1993 से अनवरत महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इस वर्ष भी समस्त भक्तों के द्वारा अभिषेक, हवन, पूजन, प्रसादी का वितरण किया गया। पौराणिक पुरोहित पं. रामनाथ शास्त्री के द्वारा अभिषेक कराया गया। मंदिर व्यवस्थापक सुधीर कांसकार ने बताया कि साबुतदाना की खिचड़ी का भोग भगवान भोलेनाथ को लगाया गया। भगवान शिव और मां पार्वती के मिलन की बेला महाशिवरात्रि के रूप में शुक्रवार को धूमधाम से मनाई गई। नगर में कई स्थानों से शिव बारात निकाली गई। जिसमें शिव-पार्वती की सुंदर झांकी सजाई गई थी। रपटा घाट से निकाली गई शिव बारात में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। इसी के साथ रपटा घाट से महादेव शिव की शोभायात्रा भी निकाली गई। जो नगर भ्रमण करते हुए उदय चौक पहुंची। वहीं बुधवारी चौराहा में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बर्फानी बाबा की स्थापना की गई। जिसे देखने बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे और दर्शन लाभ लिया। सुबह से शिवालयों में भक्त पहुंचने शुरू हो गए थे। भगवान शंकर को धतूरा एवं अकोना के फूल, बेलपत्र, समीपत्ती अर्पित किए गए। कई मंदिरों के साथ घरों में रूद्राभिषेक का आयोजन किया गया। पूजन-अर्चन का यह सिलसिला देर रात्रि तक चलता रहा।

