Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

वृद्धजनों की देखभाल और सेवा करना हमारा दायित्व है इनके मार्गदर्शन से हमारी युवा पीढ़ी संस्कार वान होती है – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा अंतर्राष्ट्रीय विश्व दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय वृद्धजन सम्मान समारोह संपन्न हुआ

मंडला 1 अक्टूबर 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि जीवन एक चक्र के समान है। इस जीवन चक्र में मानव बालक, युवा और वृद्धवस्था की स्थिति से गुजरता है। जीवन के इस चक्र से सभी व्यक्तियों को गुजरना है, जिसमें वृद्धावस्था प्रमुख अवस्था है। इसलिए वृद्धजनों की देखभाल और सेवा करना हमारा प्रथम दायित्व है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने वृद्धजनों के आगमन पर उनका फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। उन्हें सम्मान स्वरूप शॉल और श्रीफल प्रदान किए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगरपालिका मंडला अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जनपद पंचायत मंडला अध्यक्ष श्री सोनू भलावी, सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा, श्री रूचिराम गिरवानी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री गजानंद नाफड़े सहित वृद्धजन उपस्थित थे। आयोजित कार्यक्रम में वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के स्वीकृति पत्र एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को भेंट स्वरूप तुलसी के पौधे प्रदान किए गए।

 

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि पहले हमारे समाज में संयुक्त परिवार होते थे, संयुक्त परिवार में वृद्धजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। परिवार के महत्वपूर्ण निर्णय वृद्धजनों के द्वारा लिए जाते थे। वृद्धजनों के द्वारा लिया गया निर्णय परिवार के सभी सदस्यों के लिए मान्य होता था। उन्होंने बताया कि पहले संयुक्त परिवारों में वृद्धजन प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पीढ़ी को सामाजिक संस्कारों और रीति रिवाजों के पालन करने के लिए मार्गदर्शन देते थे। वृद्धजनों के मार्गदर्शन से परिवार की युवा पीढ़ी संस्कारवान होती थी। वृद्धजनों का परिवार में बहुत मान सम्मान होता था, परिवार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय उनके मार्गदर्शन में लिए जाते थे। वर्तमान समय में परिवार में वृद्धजनों की देखभाल और सेवा करना हमारी प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि निराश्रित वृद्धजनों के लिए सरकार हरसंभव मदद करती है। शासन के द्वारा उनके लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं, जिसका लाभ वृद्धजनों को मिलता है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने वृद्धजनों को हमेशा निरोग व स्वस्थ रहने की कामना की। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमेशा नियमित रूप से अपने स्वास्थ्य की जाँच कराएं। जिससे किसी भी प्रकार की बीमारियाँ होने पर उनका तत्काल उपचार किया जा सके। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय वृद्धजन सम्मान समारोह में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर में सभी वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका उपचार किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, नगर पंचायत मंडला अध्यक्ष श्री सोनू भलावी और सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा ने भी वृद्धजनों को फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया और शॉल व श्रीफल भेंट किए।

Related posts

त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन संबंधी प्रेस कॉन्फ्रेंस आज

Reva India News

12 दिसम्बर को होगा नेशनल लोक अदालत का आयोजन

Reva India News

समुदाय को जागरूक करने ग्रामीण अंचलों में पहुंचा प्रचार रथ

Reva India News

Leave a Comment