Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सरकार अंतिम छोर के प्रत्येक व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए कटिबद्ध है- मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके शिविर में शामिल होने कलेक्टर की अगुवाई में बस से पहुँचे सभी जिला अधिकारी नैनपुर में आयोजित किया गया जन शिकायत निवारण शिविर  

मंडला 17 जुलाई 2025

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की सरकार जनता की भलाई के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। हमारी सरकार अंतिम छोर के प्रत्येक व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए कटिबद्ध है। उक्ताशय के उद्गार नैनपुर में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर को संबोधित करते हुए प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने व्यक्त किए। उन्होंने इस शिविर का मक़सद बताते हुए कहा कि शासन प्रशासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जो शासन की योजनाओं के लाभ से अभी वंचित है और उसे लाभ नहीं मिला है उसके द्वार पर जाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। जिला प्रशासन ने यह बीड़ा उठाया है कि पूरा प्रशासन आज मंडला से बस में बैठकर आपकी शिकायतें सुनने और उनका समाधान करने आया है ताकि आप के समय की बचत हो और आपको जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाली जनसुनवाई में आकर आवेदन न देना पड़े। इसके लिए मंत्री ने कलेक्टर श्री मिश्रा एवं समूचे जिला प्रशासन का आभार जताया।

कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तरह वे भी एक जनसेवक हैं। हमारी डबल इंजन सरकार शासकीय योजनाओं से जनता को लाभान्वित कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आज जिन आवेदकों ने शिविर में आवेदन दिए हैं उनके परीक्षण कर कई आवेदनों का तत्काल निराकरण कर आवेदकों को लाभान्वित किया जा रहा है। शेष आवेदनों का परीक्षण कराते हुए शीघ्र ही निराकरण कराया जायेगा। उन्होंने मंच से ही सभी उपस्थितजनों को मध्यप्रदेश पुलिस के ’नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री देवसिंह सैयाम, नगरपालिका अध्यक्ष नैनपुर श्रीमती कृष्णा पंजवानी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शालिनी साहू, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा सहित संबंधित जिला अधिकारी एवं नैनपुर अनुविभाग के सभी अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

कलेक्टर की अगुवाई में बस से पहुंची जिला अधिकारियों की टीम

 

नैनपुर में आयोजित किये गए जन शिकायत निवारण शिविर में शामिल होने के लिए जिला अधिकारियों की टीम बस से पहुंची। इससे पहले जिला योजना भवन से सभी जिला अधिकारी कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में एकत्रित हुए। बस में पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट के साथ संबंधित जिलाधिकारी भी सवार हुए।

 

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने किया विभागीय स्टॉल का निरीक्षण

 

जिला प्रशासन आपके द्वार अंतर्गत नैनपुर के रेलवे सामुदायिक भवन में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर के दौरान विभिन्न विभागों एवं योजनाओं की ओर से आमजन को योजनाओं की जानकारी से अवगत कराने तथा संबंधित समस्या अथवा शिकायतों के आवेदन प्राप्त करने के लिए स्टॉल लगाए गए थे। शिविर में पहुंची केबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने स्वयं सभी विभागीय स्टॉलों में पहुंचकर निरीक्षण करते हुए आवश्यक जानकारी भी ली। इस दौरान नगरपालिका नैनपुर की अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पंजवानी एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शालिनी साहू उनके साथ रही।

 

शिविर में लोगों को दी गई योजनाओं की जानकारी, 381 आवेदकों ने दिए आवेदन

 

जन शिकायत निवारण शिविर में कृषि, राजस्व, लोक स्वास्थ्य, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पुलिस, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, एमपीईबी समेत अन्य विभागों ने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी से लोगों को अवगत कराया। शिविर के दौरान मंच पर मंत्री श्रीमती उइके एवं कलेक्टर श्री मिश्रा की उपस्थिति में विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से 381 आवेदकों ने अपनी समस्याओं तथा शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान 89 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधि वितरण किया गया। सिकल सेल से पीड़ित 20 रोगियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

 

मौके पर हुआ आवेदकों की समस्याओं का निराकरण

 

जन शिकायत निवारण शिविर में आये आवेदकों के आवेदनों का मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके एवं कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने परीक्षण किया। जिन आवेदनों के परीक्षण के बाद तत्काल निराकरण संभव था उन्हें मौके पर ही निराकृत कर लाभांवित किया गया। जिनमें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत ग्राम पंचायत निवारी की रमिया ठाकुर, सुखिया बाई भांवरे और भोले भांवरे, ग्राम पंचायत अतरिया के दीवान सैयाम तथा ग्राम पंचायत जेवनारा के पुन्नूलाल को मौके पर ही इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के स्वीकृति पत्र प्रदाय किए गए। इसी तरह मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना अंतर्गत ग्राम पंचायत गोंझी की मीना उइके, ग्राम पंचायत केरेगांव की रामकली यादव, ग्राम पंचायत जेवनारा की गीता बाई चंदेला तथा सुखिया उइके के प्रकरण स्वीकृत किए गए।

 

मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

 

शिविर के दौरान माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर मंत्री श्रीमती संपतिया उइके तथा कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में शासकीय विद्यालय से कक्षा दसवी की छात्रा श्रुति दीक्षित तथा रूपाली सिंगौर, अशासकीय विद्यालय से दसवी की छात्रा सुरभी लालवानी तथा यशस्वी प्रजापति शामिल रही। इसी तरह बारहवी की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं स्कूल का नाम रौशन करने वाले विद्यार्थियों में शासकीय विद्यालय से जागेश्वरी मसराम, कोमुदी दीक्षित, शालिनी मिश्रा, जया भांवरे तथा राधिका उइके को मंच से सम्मानित किया गया। बारहवी की परीक्षा में अशासकीय विद्यालय में अध्ययन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोहम्मद जीशान कुरैशी और राजवीर चावला को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह दिया गया।

 

हितलाभ वितरण एवं कृषि विभाग की पत्रिका का विमोचन किया गया

 

शिविर के दौरान मंच से मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, पूर्व विधायक श्री देवसिंह सैयाम एवं कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के सर्टिफिकेट, प्राकृतिक कृषि से जुड़े प्रगतिशील कृषकों को कुटकी बीज, पात्र स्कूली बच्चों को साईकिल, सिकल सेल से पीड़ित बच्चों को प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति पत्र देकर शिविर के दौरान 120 लोगों को हितलाभ का वितरण किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से प्रकाशित की गई लघु धान्य पौष्टिक व्यंजन पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

Related posts

डाकघर मंडला, नैनपुर व बम्हनी में बन रहे आधार कार्ड

Reva India News

पत्रकार वार्ता आमंत्रण

Reva India News

*अंजनिया महाविद्यालय में परीक्षा संपन्न*

Reva India News

Leave a Comment