Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मंत्री श्रीमती उइके ने ’हर घर तिरंगा’, ’हर घर स्वच्छता’ अभियान का किया शुभारंभ कटरा से निकाली गई तिरंगा रैली में हुई शामिल

मंडला 8 अगस्त 2025

मध्यप्रदेश शासन की मंशा अनुसार 8 अगस्त से 15 अगस्त तक ’हर घर तिरंगा’, ’हर घर स्वच्छता’ अभियान चलाया जा रहा है। जिले में इस कार्यक्रम की शुरूआत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके की मौजूदगी में शुक्रवार को ग्राम पंचायत कटरा में हुई। उन्होंने इस अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती उईके ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस अभियान की शुरूआत की गई है। इसमें हर वर्ग के लोग स्वेच्छा से जुड़ रहे हैं और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपना नैतिक दायित्व बता रहे हैं। आप सभी से यह अपील है कि तिरंगे का सम्मान करें।

स्वच्छता की अलख जगाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जन्म जयंती पर स्वच्छ भारत मिशन अभियान की शुरूआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में नई दिल्ली के लालकिले से की। इस अभियान का यह परिणाम रहा कि लोग न सिर्फ अपने आसपास स्वच्छता के प्रति जागरूक हुए बल्कि गंदगी फैलाने वालों को रोकने-टोकने भी लगे। प्रदेश का महानगर इंदौर पूरे देश में स्वच्छता में नंबर वन बना हुआ है। यह वहां के लोगों की सकारात्मक सोच का परिणाम है।

मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि आज इस मंच के माध्यम से आप सभी यह संकल्प लें कि मंडला जिला भी स्वच्छता की श्रेणी में शामिल हो। उन्होंने ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव को कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता दूत तैयार करें। इसके अलावा आवश्यकता होने पर सफाई वाहन भी उनके द्वारा विधायक निधि से प्रदान किया जायेगा। सार्वजनिक जागरूकता स्वच्छता न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए, बल्कि मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक है। साथ ही स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण में रहने से बीमारियों का खतरा कम होता है। सकारात्मक सोच का विकास होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है।

कार्यक्रम में तिरंगा रैली खैरमाई मंदिर कटरा से निकाली गई। ’स्वच्छ भारत मिशन’ के अंतर्गत ’स्वच्छ रहेंगे, स्वच्छता के प्रति सजग रहेंगे’ हस्ताक्षर अभियान में हस्ताक्षर किए।

जिसमें जिला पंचायत सदस्य श्री संदीप सीताशरण सिंह, सरपंच देवदरा श्री सिया शेर सिंह, जनपद पंचायत सदस्य श्री अजीत विरानी, सरपंच कटरा श्री हरिशंकर, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती प्रतिमा शुक्ला, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विनोद मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वच्छतादूत एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Related posts

कलेक्टर ने किया मोहगांव में कन्या छात्रावासों का निरीक्षण छात्राओं से बंधवाई राखियाँ

Reva India News

सीएमएमएस पोर्टल एवं एचएलबीसी वेब मैपिंग एप्लीकेशन का दिया गया प्रशिक्षण, कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

Reva India News

इस्कॉन सेंटर मंडला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नंदोत्सव

Reva India News

Leave a Comment