मंडला 17 सितंबर 2025
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जन्म जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा अभियान मनाने का निर्णय प्रदेश सरकार ने लिया है। आज स्वस्थ नारी सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान, आदि सेवा पर्व, स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा धार जिले में किया गया है। सेवा पखवाड़ा अभियान को महज सरकारी कार्यक्रम न माना जाए। किसी भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय जन भागीदारी जरूरी होती है। अतः आप सभी से आग्रह है कि इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और इसे सफल बनाएं। यह बात कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने आरडी कॉलेज ऑडीटोरियम में आयोजित सेवा पखवाड़ा अभियान के शुभारंभ में कही। कार्यक्रम में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, श्री जयदत्त झा, श्री रानू राजपूत, श्री ललित लोधी, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, डीएफओ श्री नित्यानंदन एल मंचासीन थे।

राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और नवाचार की राह पर आगे बढ़ा रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन प्रदान करें। सेवा पखवाड़ा अभियान में आज पूरे जिले में वृहद स्तर पर रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं। यह शिविर इसी तरह 2 अक्टूबर तक लगाए जाएंगे। हम जानते हैं कि परिवार की देखभाल में व्यस्त रहने पर महिलाएं अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं देती हैं। इसलिए महिलाओं और बच्चों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर जाकर अपने स्वास्थ्य की जाँच अवश्य कराएं। स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार का मुख्य आधार है। 15 दिन तक चलने वाले इस अभियान में 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती भी मनाई जाएगी और उनके द्वारा स्थापित मूल्यों एवं आदर्शों को आत्मसात करने पर जोर दिया जायेगा। 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जन्म जयंती पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत साफ-सफाई के कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा धार में पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया गया है। इससे लगभग 3 लाख लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

सांसद श्री कुलस्ते ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाएं सतत रूप से जारी हैं। इस कड़ी में सेवा पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। जिसका उद्देश्य जनभागीदारी, स्वच्छता, सेवा और जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप देना है तथा नागरिकों में सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें महिलाओं की प्रारंभिक हेल्थ स्क्रीनिंग, सिकलसेल एनीमिया की जांच, रक्तदान शिविर आदि का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार गरीब कल्याण के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। हितग्राहीमूलक योजनाओं के माध्यम से गरीब के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने सेवा पखवाड़ा अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वास्थ्य शिविर, पोषण शिविर, रक्तदान शिविर, पौधरोपण के द्वारा नमो उपवन, स्वच्छता गतिविधि, आत्मनिर्भर भारत-विकसित भारत की थीम पर नमो मैराथान, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण के लिये जिला स्तर पर विशेष शिविर लगाये जायेंगे। जनसामान्य में खादी वस्तुओं एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने प्रदर्शनी एवं मेलों का आयोजन और विकसित भारत थीम पर सभी विद्यालय एवं महाविद्यालयों में चित्रकला, वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिता एवं संगोष्ठियों का आयोजन किया जायेगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रभारी मंत्री, सांसद श्री कुलस्ते एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा परिसर में विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण भी किया गया। साथ ही रक्तदान शिविर में ब्लड डोनेट करने वालों से मुलाकात भी की।
प्रभारी मंत्री ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल द्वारा यहां मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र सौंपे एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत निःक्षय मित्र योजना टीबी मरीजों को पोषण किट भी प्रदान की।
कार्यक्रम का आभार सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला, बड़ी संख्या में जनसमुदाय मौजूद था।
