मंडला. थाना मोतीनाला परिसर में ग्राम रक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय ग्रामीणजन, समिति के सदस्य तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, आपराधिक गतिविधियों पर रोक, गांवों में गश्त व्यवस्था को मजबूत करने तथा सामुदायिक सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों की सहभागिता से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

उन्होंने समिति सदस्यों से आग्रह किया कि संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना थाना मोतीनाला को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। सुशील बंजारा ने बताया कि बैठक में नशा मुक्ति, अवैध गतिविधियों पर निगरानी, किशोरों में बढ़ती गलत प्रवृत्तियों को रोकने तथा गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाने पर भी सहमति बनी। थाना प्रभारी हेमंत बाबरिया ने कहा कि ग्राम रक्षा समिति गांवों की सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस प्रशासन ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में उपनिरीक्षक श्रीचंद मरावी, एएस आई ज्ञानेश्वर इडपाचे, सालगुरम घावड़े, पलाश पटेल, राहुल पटले, मयंक मरावी, सागर परते, विकाश बिसेन, राहुल धुर्वे, मनोज, अनिल आदि उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों व ग्रामीणों ने भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मोती नाला से सुशील बंजारा की रिपोर्ट
