मंडला, 7 जनवरी 2026
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए ग्राम सकरी एवं बीजाडांडी आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े वितरित किए। इस अवसर पर बच्चों को स्वेटर एवं पेंट प्रदान किए, जिससे कड़ाके की ठंड में उन्हें राहत मिल सके। कलेक्टर श्री मिश्रा ने बच्ची को गोद में लेकर दुलार भी किया। यह कार्यक्रम ग्राम सकरी में आयोजित किया गया।

यह सराहनीय कार्य नारी विकास समिति के सहयोग से संपन्न हुआ। कलेक्टर श्री मिश्रा ने समिति के इस समाजोपयोगी प्रयास की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नींव रखते हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपेक्षा व्यक्त की कि इस तरह की संवेदनशील और जनकल्याणकारी पहल हर गांव और हर आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुँचे, ताकि कोई भी बच्चा ठंड जैसी प्राकृतिक कठिनाइयों से प्रभावित न हो। उन्होंने समाजसेवियों, स्वयंसेवी संगठनों और जागरूक नागरिकों से समाज सेवा की भावना के साथ आगे आने का आह्वान किया। इस पहल से न केवल बच्चों को ठंड से राहत मिली, बल्कि समाज में सहयोग, करुणा और जिम्मेदारी का संदेश भी प्रसारित हुआ। बच्चों के चेहरों पर दिखाई देती मुस्कान इस मानवीय प्रयास की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। नारी विकास समिति द्वारा यहाँ बुजुर्गों को कंबल भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती प्रतिमा शुक्ला, नारी विकास समिति सचिव श्रीमती अर्चना जैन सहित समित सदस्य और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
