Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सड़क सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में कलेक्टर और एसपी ने ली संयुक्त बैठक

मंडला, 7 जनवरी 2026

जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन, पुलिस, आरटीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्देश दिए गए कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर अनिवार्य रूप से रेडियम पट्टी लगाई जाए, ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। हेलमेट और सीटबेल्ट पहनकर ही वाहन चलाने पर विशेष जोर दिया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना एवं कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आरटीओ को निर्देश देकर कहा गया कि जिले के वाहन डीलर्स की बैठक आयोजित करें। उपभोक्ताओं द्वारा नए वाहन की खरीदी करने पर दो हेलमेट अनिवार्य रूप से खरीदना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केवल नियम बनाना पर्याप्त नहीं, लोगों के व्यवहार में बदलाव लाना बेहद जरूरी है।

इस क्रम में स्कूलों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद, यातायात जागरूकता कार्यक्रम तथा अनुभाग स्तर पर भी ऐसी बैठकों के आयोजन के निर्देश दिए गए। साथ ही हेलमेट वितरण कार्यक्रम चलाने पर सहमति बनी। बैठक में अपील की गई कि रैश ड्राइविंग, स्टंट न करें, सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी समझें और निभाएं। इसके अलावा राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के दुर्घटनाओं के दुष्प्रभाव तथा हेलमेट/सीट बेल्ट लगाने से बची जानों की वास्तविक कहानियाँ (प्रतिक्रिया/अनुभव) आमजन तक पहुंचाई जाएँ, ताकि लोगों में जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार विकसित हो सके। मंडला शहर बस स्टेंड में सीएमओ को साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य सड़क मार्गों पर बसों की पार्किंग होने से यातायात अवरूद्ध होता है। सड़कों पर गड्ढ़ों का भराव और मरम्मत के लिए भी सख्ती से निर्देशित किया गया। शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए सीएमओ, राजस्व एवं यातायात विभाग कार्यवाही करें।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एडिशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, आरटीओ श्री विमलेश कुमार गुप्ता, सीएमओ श्री गजानन नाफड़े, एसडीओपी श्री पीयुष मिश्रा, थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।

Related posts

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 4 सितम्बर 2022

Reva India News

एडीएम ने किया मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण

Reva India News

बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन

Reva India News

Leave a Comment