Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

धान उपार्जन, भुगतान, परिवहन व परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा जिला पंचायत सीईओ ने योजना भवन में ली विस्तृत बैठक

मंडला, 2 फरवरी 2026

योजना भवन में आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना ने जिले में चल रहे धान उपार्जन, भुगतान, परिवहन, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों, संकल्प से समाधान अभियान तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की। सीईओ श्री मीना ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उन्होंने भुगतान समय पर करने एवं परिवहन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अभी तक किए गए उपार्जन, रेडी टू ट्रांसपोर्ट एवं भुगतान की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।

बैठक में आगामी बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए समस्त एसडीएम, पुलिस अधिकारी व बीईओ को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए और कहा कि गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित वितरण तथा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में अभियान का प्रथम चरण समाप्ति की ओर है। नगरीय निकाय एवं जनपदों में लगाए जा रहे शिविरों में लोगों के आवेदनों का निराकरण कर इसकी रोजाना जानकारी ऑनलाईन पोर्टल पर दर्ज करें। जिन समस्याओं का समाधान न हो सके, उनके कारण स्पष्ट रूप से दर्ज करें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और आगे की रणनीति बनाई जा सके।

जिला पंचायत सीईओ श्री मीना ने कहा कि कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाना है। अतः स्थानीय अमला तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, सचिव इस कार्य में लगकर घर-घर सर्वे करें ताकि बुजुर्गों को समय पर स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।

बैठक में जिला योजना अधिकारी द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 के बारे में अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि तीन महीने का अभियान है और इसका उद्देश्य देशभर के आकांक्षी जिलों और आकांक्षी ब्लॉकों में महत्वपूर्ण विकास संकेतकों की व्यापकता सुनिश्चित करना है। यह अभियान इस वर्ष 14 अप्रैल तक चलेगा। यह अभियान 2024 के अभियान की सफलताओं को आगे बढ़ाते हुए 112 आकांक्षी जिलों में पांच प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों और 513 आकांक्षी ब्लॉकों में छह संकेतकों की व्यापकता सुनिश्चित करने पर केंद्रित है। ये संकेतक स्वास्थ्य एवं पोषण, स्वच्छता, शिक्षा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, तपेदिक मामलों की पहचान और पशु टीकाकरण जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को कवर करते हैं। इसमें जिले के 2 आकांक्षी विकासखंड मवई एवं नारायणगंज शामिल हैं। जिला पंचायत सीईओ श्री मीना ने नीति आयोग के इस महत्वाकांक्षी अभियान को प्राथमिकता में शामिल करते हुए 6 संकेतकों पर रणनीति बनाकर शतप्रतिशत पूरा करने के निर्देश संबंधित विभाग प्रमुखों को दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, समस्त एसडीएम एवं अन्य जिला अधिकारी मौजूद थे।

Related posts

अब समर्पित डेस्क से मिलेगा जनजातीय वर्ग की योजनाओं एवं सेवाओं का सीधा लाभ जनजातीय कार्य विभाग के सभी जिला एवं विकासखंड कार्यालयों में स्थापित होंगी समर्पित डेस्क

Reva India News

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके 4 अगस्त को मंडला आयेंगी

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 1 दिसम्बर 2023

Reva India News

Leave a Comment