मंडला, 13 फरवरी 2026
मोटे अनाज के उपयोग के लिए आमजन को प्रेरित करने के उद्देश्य से
आयोजित 2 दिवसीय मंडला मिलेट फूड फेस्टिवल का शुभारंभ शुक्रवार को
नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा द्वारा किया गया। कार्यक्रम शनिवार 14
फरवरी तक चलेगा। फूड फेस्टिवल के दौरान पुलिस ग्राउंड को अत्यंत आकर्षक ढंग
से सजाया गया। आकर्षक लाईटिंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने
वातावरण को अद्भुत रूप दिया। नगरवासी बड़ी संख्या में फूड फेस्टिवल पहुंचे
तथा स्थानीय व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि
श्री अश्विनी झारिया, एसडीओ कृषि मधु अली सहित अन्य विभागीय अधिकारी,
कर्मचारी मौजूद रहे।
मंडला मिलेट फूड फेस्टिवल में मिलेट्स पर आधारित स्वादिष्ट व्यंजनों के
स्टॉल लगाए गए तथा स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। मैदान में 50 से
अधिक स्टॉलों पर मिलेट्स से बने व्यंजन के साथ-साथ अन्य उत्पादों को भी रखा
गया। शुभारंभ के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष श्री कछवाहा सहित अन्य अतिथियांे
ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करते हुए प्रतिभागियों से चर्चा की तथा व्यंजनांे का
लुत्फ उठाया।
लगाए गए स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल
मेले में कोदो की खीर, चेंच की भाजी, कंगनी, कोदो तथा कुटकी की खीर,
ज्वार की रोटी, सरसों की साग, रागी के डोसा तथा अन्य जनजातीय व्यंजन
आकर्षण का केन्द्र रहे। फूड फेस्टिवल में नगरवासियों ने बड़ी संख्या में
उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस फूड फेस्टिवल में महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण
एवं शहरी आजीविका, स्व-सहायता समूह, कृषि विभाग, आत्मा, कार्ड, रदा किचन,
उत्कृष्ट विद्यालय, नवोदय तंदूरी चाय, दुग्ध संघ सहित अन्य विभाग, विभिन्न
संस्थाओं तथा नगर के ख्यातिलब्ध प्रतिष्ठानों द्वारा स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल
लगाए गए।
कृषि विभाग ने किया श्री अन्न का प्रदर्शन
फूड फेस्टिवल में स्थानीय व्यंजनों के अलावा कृषि विभाग द्वारा श्री अन्न
के मिलेट्स को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कोदो, कुटकी, रागी, सवा, चिया शीड,
बाजरा, जौ तथा अन्य मोटे अनाज के द्वारा रंगोली तैयार की गई। साथ ही
विभिन्न मिलेट्स के दानों को प्रदर्शित करते हुए पृथक-पृथक स्टॉल भी सजाए
गए। विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से श्री अन्न उत्पादन को बढ़ावा देने एवं जैविक
कृषि की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया गया।
