डिप्टी कलेक्टर श्री सचिन जैन को एसडीएम घुघरी तथा श्री संस्कार बावरिया को सीईओ जनपद पंचायत नारायणगंज का दायित्व
अधिकारियों के कार्य विभाजन में आंशिक संशोधन
मंडला, 25 फरवरी 2026
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री सोमेश मिश्रा द्वारा प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संपादित कराने के उद्देश्य से पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए अधिकारियों के कार्य विभाजन संबंधी संशोधित आदेश जारी किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जारी आदेश के अनुसार संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र कुमार घोरमारे को कार्यपालिक दण्डाधिकारी की शक्तियों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का प्रभार सौंपा गया है। इनमें पत्र एवं लेखन सामग्री शाखा, अभिलेख, जनसुनवाई, आवक शाखा, कार्यालय अधीक्षक, जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति, जनशिकायत एवं सतर्कता शाखा, मुख्यमंत्री मॉनिटरिंग, मानव अधिकार आयोग से संबंधित कार्य, राजस्व लेखा, रीडर शाखा (कलेक्टर न्यायालय) सहित अन्य प्रशासनिक दायित्व शामिल हैं।
डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घुघरी श्री सचिन जैन को अपने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, विभिन्न अधिनियमों के अंतर्गत सक्षम अधिकारी के रूप में कार्य करने, निर्वाचन संबंधी कार्यों के निष्पादन, भू-अर्जन अधिकारी, राजमार्ग अधिनियम, लोक न्यायालय अधिनियम, वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम सहित अन्य वैधानिक दायित्व सौंपे गए हैं। साथ ही उपखंड स्तर पर विभागीय समन्वय एवं पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी भी दी गई है।
डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया को कार्यपालिक दण्डाधिकारी की शक्तियों के साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नारायणगंज का दायित्व सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त लिंक ऑफिसर (समन्वय अधिकारी) भी निर्धारित किए गए हैं, ताकि किसी अधिकारी के अवकाश या प्रवास की स्थिति में कार्य प्रभावित न हो और आवश्यक प्रकरण समय पर निस्तारित किए जा सकें।

गुरुवार को आरोग्यम 2.0 के तहत 28 स्थानों पर लगेंगे जन स्वास्थ्य शिविर
मंडला, 25 फरवरी 2026
आदिवासी बहुल मंडला जिले में आमजन को ग्राम पंचायत स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा “आरोग्यम 2.0” अभियान के अंतर्गत 26 फरवरी 2026 (गुरुवार) को जिले भर में 28 जन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में किया जाएगा।
विकासखंड मंडला, बिछिया, मोहगांव, मवई, घुघरी, नारायणगंज, निवास आदि क्षेत्रों की चयनित ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे, जहां ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। शिविरों में सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की जांच, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित टीकाकरण, कुपोषित बच्चों की पहचान एवं जांच, किशोर बालक-बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, टीबी, कुष्ठ एवं मलेरिया जांच, आयुष्मान कार्ड बनाए जायेंगे।
आरोग्यम 2.0 के तहत 6 प्रकार की विशेष सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं का प्रबंधन, सिकल सेल मरीजों का उपचार, एसएनसीयू से डिस्चार्ज बच्चों का फॉलोअप, कुपोषित बच्चों की निगरानी, डायबिटीज एवं हाईपरटेंशन के मरीजों का उपचार तथा पूर्व शिविरों में चिन्हित मरीजों का फॉलोअप शामिल है।
शिविरों में आवश्यकतानुसार विभिन्न पैथोलॉजिकल जांचें भी की जाएंगी, जिनमें हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, मलेरिया, टायफाइड, सिफिलिस, डेंगू, फाइलेरिया, हेपेटाइटिस बी एवं सी सहित कुल 14 प्रकार की जांचें सम्मिलित हैं।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आरोग्यम 2.0 स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाएं। शिविर की तिथि एवं स्थान की जानकारी के लिए स्थानीय आशा, एएनएम एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा सकता है।
शांति समिति की बैठक 26 को
मंडला, 25 फरवरी 2026
26 फरवरी 2026 को आगामी त्यौहारों के दौरान जिले में आपसी भाईचारा, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 26 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक जिला योजना भवन में शाम 4 बजे से होगी। बैठक में आगामी त्यौहारों जैसे होली, ईद-उल-फितर, रामनवमी एवं अन्य पर्वों के शांतिपूर्ण आयोजन पर चर्चा की जाएगी। उक्त आयोजित बैठक में सर्व संबंधितों को उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
संकल्प से समाधान अभियान: 27 फरवरी को 2 कलस्टर में शिविर लगाया जायेगा
मंडला, 25 फरवरी 2026
संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत 27 फरवरी को मवई जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत मेढ़ा, जनपद पंचायत घुघरी के ग्राम पंचायत पाटन में शिविर लगाया जायेगा।
संकल्प से समाधान अभियान: न्यून प्रगति पर श्रम पदाधिकारी को एससीएन जारी
मंडला, 25 फरवरी 2026
संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक में श्रम विभाग के अंतर्गत संचालित सेवाओं के क्रियान्वयन में प्रगति अत्यंत न्यून है। इसके अंतर्गत निर्माण श्रमिकों का पंजीयन के कुल 1863, स्वीकृत 796, अस्वीकृत 6, निराकृत 802 एवं 1061 लंबित, म.प्र. भवन संनिर्माण कर्मकार मण्डल के अंतर्गत भवन संनिर्माण श्रमिकों का पंजीयन के 431 आवेदन, 111 स्वीकृत, 111 निराकृतत एवं 320 लंबित, मृत्यु की दशा में अनुग्रह सहायता योजना का लाभ प्रदान करने के कुल 163 आवेदन, 73 स्वीकृत, 73 निराकृत एवं 90 लंबित, निर्माण कार्य के दौरान दुर्घटना की स्थिति में स्थायी अपंगता होने पर कुल आवेदन 6, स्वीकृत 5, निराकृत 5 एवं 1 लंबित तथा राज्य लोक सेवा आयोग एवं संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता पर पुरस्कार योजना के कुल आवेदन 1 एवं 1 लंबित आवेदन हैं। संकल्प से समाधान अभियान को प्रारंभ हुए 20 दिन से अधिक की अवधि के बाद भी निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की प्रगति अत्यंत न्यून है।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने श्रम विभाग के श्री पदाधिकारी श्री आरके मिश्रा को इस संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। आपके विभागीय दायित्वों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लिया जा रहा है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। आपका उक्त कृत्य कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अव्हेलना एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। आपका उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) उप नियम (एक) (दो) (तीन) के विपरीत होने से दण्डनीय कृत्य है। अतः उक्त संबंध में आप अपना लिखित उत्तर पत्र प्राप्ति के दो दिवस के अन्दर प्रस्तुत करें। निर्धारित समयवाधि में तथा संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की दशा में आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। जिसके लिये आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।
सेक्टर स्तरीय बैठक में नशा मुक्ति पर जोर, राता में नर्सरी निर्माण का अवलोकन
मंडला, 25 फरवरी 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार 24 फरवरी को विकासखंड बिछिया में सेक्टर स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन सेक्टर क्रमांक 3 आमाडोंगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत राता में किया गया, जिसमें नवंकुर संस्था ’’जन सेवा समिति लफरा’’ एवं चयनित ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की सहभागिता रही।
बैठक में जिला समन्वयक श्री राजेंद्र चौधरी ने नशा मुक्ति अभियान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जागरूकता रैली, दीवार लेखन, चौपाल आयोजन एवं सामूहिक शपथ के माध्यम से समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा सकती है। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई तथा समितियों को कार्ययोजना अनुसार कार्य करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
बैठक उपरांत प्रस्फुटन समिति राता के अध्यक्ष कुंजबिहारी धुर्वे द्वारा तैयार की जा रही नर्सरी का उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अवलोकन किया और सराहना की। कार्यक्रम में श्री सूरज बर्मन (विकासखंड समन्वयक, निवास), शशिभूषण जी (मंडला), अशोक साहू (मवई), संतोष जी (मवई), सरपंच श्रीमती निशा उइके, संजू मर्सकोले, सीएमसीएलडीपी छात्र मुकेश पटेल, सतीश शिसोदिया, राजकुमार वारीवा, मेंटर रश्मि पटेल, अनिल हरदहा तथा नवंकुर से संतोष उइके सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।

कलेक्टर ने चंचल नंदा को सौंपी 10 हजार रुपये की सहायता राशि
अब पढ़ाई नहीं होगी बाधित
मंडला, 25 फरवरी 2026
जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनकी शिक्षा और भविष्य संवारने में आर्थिक तंगी बाधा न बने, इसके लिए जिला प्रशासन निरंतर संवेदनशील है। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने महाराजपुर निवासी छात्र चंचल नंदा को बेहतर भविष्य और उच्च शिक्षा के लिए 10 हजार रुपये की स्वेच्छानुदान राशि का चेक प्रदान कर प्रोत्साहित किया।
आर.डी. कॉलेज मण्डला के छात्र चंचल नंदा ने अपनी आर्थिक स्थिति और पढ़ाई में आने वाली चुनौतियों को लेकर कलेक्टर श्री मिश्रा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था। छात्र ने बताया कि वह आरडी कॉलेज मण्डला में अध्ययनरत होने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा है, लेकिन घर की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उसे कॉलेज आने-जाने और पाठ्य सामग्री जुटाने में कठिनाई हो रही थी। छात्र की लगन को देखते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने तत्काल सहायता राशि स्वीकृत की। सहायता राशि प्राप्त होने पर चंचल नंदा ने कलेक्टर श्री मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस राशि से उसे अपनी पढ़ाई जारी रखने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ी मदद मिलेगी।

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा त्वरित कैशलैस उपचार
“पीएम राहत” योजना का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू
मंडला, 25 फरवरी 2026
सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने एवं जनहानि को कम करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से संचालित “पीएम राहत” कैशलैस उपचार योजना का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को योजना के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध पुलिस सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्रीटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से सड़क दुर्घटना से संबंधित प्रकरण तैयार कर उन्हें पुलिस सत्यापन के लिए ईडीएआर पोर्टल के माध्यम से संबंधित थाना क्षेत्र को भेजा जा रहा है। निर्देशित किया गया है कि दुर्घटना स्थल जिस थाना क्षेत्र में आता है, वहां की पुलिस द्वारा 24 से 48 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाए, जिससे घायल व्यक्तियों के उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो।
यदि दुर्घटना स्थल अन्य जिले से संबंधित पाया जाता है, तो प्रकरण को 3 घंटे के भीतर संबंधित जिले को अग्रेषित करना सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्तर पर नामित अधिकारी द्वारा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा लंबित प्रकरणों की सतत समीक्षा की जा रही है।
मंडला पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पुलिस सत्यापन में विलंब के कारण किसी भी सड़क दुर्घटना पीड़ित को उपचार से वंचित न होना पड़े। योजना की प्रगति की निगरानी रीयल टाइम डैशबोर्ड के माध्यम से उच्च स्तर पर की जा रही है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाने में सहयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनें।

पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए मंडला में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन
मंडला, 25 फरवरी 2026
राज्य शासन द्वारा पेंशन व्यवस्था को अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से राज्य केंद्रीकृत पेंशन प्रोसेसिंग सेल का गठन किया गया है। इस नवीन व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन और शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के लिए मंडला जिले में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जिला पेंशन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह प्रशिक्षण 26 फरवरी को जिला योजना भवन में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक आयोजित किया जायेगा। जिले के समस्त कार्यालय प्रमुखों को अपने संबंधित शाखा प्रभारियों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मध्यप्रदेश शासन, वित्त विभाग के आदेशानुसार अब सेवानिवृत्त होने वाले समस्त शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरणों का निराकरण भोपाल स्थित ’’राज्य केंद्रीकृत पेंशन प्रोसेसिंग सेल’’ के माध्यम से ही संपादित किया जाना है। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत पेंशन प्रकरणों को तैयार करने और उनके निराकरण की प्रक्रिया में आने वाले बदलावों से अवगत कराने के लिए वरिष्ठ कार्यालयों के निर्देश पर यह जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
कलेक्टर की संवेदनशील पहल से ग्राम बिजौरा में सुदृढ़ हुई पेयजल व्यवस्था
ग्रामीणों की चिंता पर लिया त्वरित संज्ञान
186 घरेलू नल कनेक्शन, 6 कुओं का क्लोरीनेशन, 20 हजार लीटर का सम्पवेल निर्माणाधीन
मंडला, 25 फरवरी 2026
ग्राम पंचायत पाटन के अंतर्गत विकासखंड घुघरी के ग्राम बिजौरा में पेयजल व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं एवं इस संबंध में विषय सामने आने पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित विभाग को ग्राम बिजौरा में ग्रामवासियों को किसी भी स्थिति में पेयजल संकट का सामना करना न पड़े इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन निर्देशों के परिपालन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को अमले के साथ पहुंचकर ग्राम की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया गया।
ईईपीएचई श्री मनोज भास्कर ने जानकारी देते हुए बताया है कि जल स्त्रोतों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम में 2 नवीन ट्यूबवेल का खनन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन ट्यूबवेलों में विद्युत मोटर स्थापित कर अगले दो दिन में ग्राम वासियों को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इसके अतिरिक्त जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने के लिए 20 हजार लीटर क्षमता का सम्पवेल निर्माणाधीन है, जो पूर्ण होने पर वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा के मार्गदर्शन में पीएचई खंड मंडला द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम में अब तक 186 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार कार्य प्रगतिरत है, जिससे ग्राम के अधिकांश आबादी क्षेत्र को कवर कर लिया गया है। बुधवार को पीएचई की टीम द्वारा ग्राम में वर्तमान में उपलब्ध 6 पारंपरिक सार्वजनिक कुओं का पीएचई एवं ग्राम पंचायत द्वारा क्लोरीनेशन भी कर दिया गया है, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल प्राप्त हो सके।
ग्रामवासियों द्वारा ग्रीष्मकाल में जल स्तर कम होने की आशंका व्यक्त करते हुए अतिरिक्त स्रोत निर्माण की मांग की गई थी। कलेक्टर श्री मिश्रा के निर्देशानुसार विभाग ने आवश्यक स्रोतों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया है। वर्तमान में ग्राम में पेयजल की कोई समस्या नहीं है तथा आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित कर लिए गए हैं।

नैनपुर ब्रिज के लिए कलेक्टर के सख्त निर्देश
दो दिन में कराए मरम्मत कार्य पूर्ण
मंडला, 25 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के संज्ञान में नैनपुर ब्रिज की स्थिति आने पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की महाप्रबंधक उषा चौधरी को निर्देश देते हुए कहा कि 2 दिवस में आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कराएं।
निर्देशों के परिपालन में श्रीमती चौधरी द्वारा नैनपुर ब्रिज का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए कि ब्रिज का मरम्मत एवं मेंटेनेंस कार्य आगामी दो दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण एवं रखरखाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही कार्य पूर्ण होने के पश्चात पुनः निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों को शीघ्र ही सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

