जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक सम्पन्न
मंडला, 19 फरवरी 2026
कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में मंडला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक श्री रोहित बड़कुल ने पिछले जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक में प्रस्तुत एजेंडा और कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देश का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। पालन प्रतिवेदन में बताया गया कि कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा जिले में बच्चों की वल्नेरेबिलिटी मैपिंग के संबंध में दिए गए निर्देश पर मैपिंग की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
सहायक संचालक श्री बड़कुल ने जिले में संचालित बाल देखरेख संस्था की विस्तृत जानकारी स्पांसरशिप, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना, पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन, मुख्यमंत्री कोविड-19 योजना एवं फास्टर केयर के स्वीकृत प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में बाल कल्याण समिति में प्रचलित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति, स्ट्रीट चिल्ड्रन और भिक्षावृत्ति रोकथाम में पाए गए बच्चों के पुर्नवास के लिए की गई कार्यवाही और पॉक्सो प्रकरणों में इम्पैनल सपोर्ट पर्सन और उन्हें आवंटित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा ने विभिन्न प्रकरणों में महिलाओं के संरक्षण के लिए विभागीय व्यवस्था और सुविधाओं की जानकारी और पॉक्सो प्रकरणों में सपोर्ट पर्सन इम्पैनल किए जाने की प्रक्रिया पर जानकारी मांगी।
बाल कल्याण समिति जिला मंडला के अध्यक्ष गजेन्द्र गुप्ता ने जेजे एक्ट के उद्देश्यों के प्राप्ति के लिए विभागीय समन्वय से जिला कार्ययोजना बनाएं जाने की बात रखी। जिले में बालिका गृह संचालित न होने के कारण फिट फेसेलिटी के नियमानुसार व्यवस्थित संचालन की सुचारु व्यवस्था संचालित करने की बात कही। बैठक में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री गजेन्द्र गुप्ता, सदस्य श्रीमती तृप्ति शुक्ला, श्री रंजीत कछवाहा, सुश्री शशि पटेल और श्री संतोष कुमार यादव, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य डॉ. रेखा चौरसिया, जिला खेल अधिकारी विकास, उप पुलिस अधीक्षक श्री सतीश चतुर्वेदी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला श्री गजानन नाफडे, बाल गृह अधीक्षक अकील अहमद खान, एसजेपीयू मंडला से श्रीमती मधु मरावी, श्रम विभाग से श्रम निरीक्षक श्री निलेश युवने, आईटीआई प्रिंसिपल श्रीमती मनीषा भूरिया और महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

सिविल अस्पताल नैनपुर का एसडीएम द्वारा आकस्मिक निरीक्षण, अनुपस्थित स्टाफ पर कार्रवाई के निर्देश
मंडला, 19 फरवरी 2026
अनुविभागीय दण्डाधिकारी नैनपुर श्री आशुतोष महादेव ठाकुर द्वारा गुरूवार को सिविल अस्पताल नैनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में पदस्थ चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की अनुपस्थिति पाई गई। इस पर एसडीएम श्री ठाकुर द्वारा अनुपस्थित कार्मिकों से अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त किए जाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय ओपीडी, दवा स्टोर, डायलिसिस वार्ड, पीआईसीयू, एचडीयू, कैजुअल्टी वार्ड, मेल एवं फीमेल वार्डों की स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। वार्डों में डॉक्टर एवं स्टाफ की उपस्थिति, सफाई व्यवस्था तथा भोजन वितरण प्रणाली में भी कुछ अव्यवस्थाएं परिलक्षित हुईं। उक्त संबंध में मौके पर पंचनामा तैयार कर संपूर्ण प्रतिवेदन आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा को प्रेषित किया गया है। इस संबंध में तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं प्रभारी सीएमएचओ को अवगत कराते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर नैनपुर श्री राजीव चावला को निर्देशित किया गया कि ओपीडी से अनुपस्थित चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ तथा सार्थक ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने में लापरवाही बरतने वाले मेडिकल ऑफिसरों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी कर वेतन स्थगन सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त बीएमओ को निर्देश दिए गए कि सार्थक ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की प्रतिदिन समीक्षा कर उसकी जानकारी एसडीएम कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में कलेक्टर श्री मिश्रा को प्रतिवेदन प्रेषित किया जा सके।

अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, दो वाहन व पोकलेन मशीन जब्त
मंडला, 19 फरवरी 2026
मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग के निर्देशों के पालन में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायतों के आधार पर 18 फरवरी 2026 को तहसील बिछिया अंतर्गत ग्राम कातामाल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर कार्रवाई की गई। उक्त क्षेत्र में पूर्व में भी अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण के प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। कार्रवाई के दौरान लगभग 351 घनमीटर अवैध उत्खनित रेत का प्रकरण दर्ज किया गया। मौके से अवैध उत्खनन में संलिप्त दो वाहन, डंफर क्रमांक सीजी 13 एफयू 6676 एवं डम्फर क्रमांक सीजी 12 बीजी 1567 तथा एक पोकलेन मशीन को प्रशासन द्वारा जब्त किया गया।
जब्त वाहनों को शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना प्रभारी, थाना बम्हनी की सुपुर्दगी में दिया गया है। प्रकरण में म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। उक्त कार्रवाई खनि निरीक्षक, खनिज अमले, नायब तहसीलदार एवं हल्का पटवारी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

अमानक एसएसपी उर्वरक पर रोक, संबंधित बैच के क्रय-विक्रय एवं भंडारण पर तत्काल प्रतिबंध
मंडला, 19 फरवरी 2026
कार्यालय उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंडला द्वारा उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 की धारा 26 के तहत कार्रवाई करते हुए अमानक पाए गए एसएसपी उर्वरक के एक बैच पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षण के दौरान लिए गए नमूने में एसएसपी (Single Super Phosphate) उर्वरक निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। परीक्षण परिणाम में उपलब्ध फास्फोरस (Available Phosphorus as P₂O₅) 13.55 प्रतिशत तथा जल में घुलनशील फास्फोरस (Water Soluble P₂O₅) 12.24 प्रतिशत पाया गया, जो निर्धारित मानक से कम है। उक्त उर्वरक का विक्रेता B-PACK Ghutash तथा निर्माता कंपनी AgroPhos Indiya Ltd. है। संबंधित बैच/लॉट नंबर April/D/G/014/25 है तथा नमूना 17 दिसंबर 2025 को लिया गया था।
आदेशानुसार संबंधित बैच नंबर के उर्वरक का जिले में क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रकरण की सूचना आयुक्त सह संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास म.प्र. भोपाल, संयुक्त संचालक (उर्वरक), कलेक्टर मंडला सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है। साथ ही संबंधित विक्रेता एवं निर्माता संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शेष स्टॉक को पृथक चिन्हित कर सुरक्षित रखने तथा वितरण की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास, मंडला ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है तथा अमानक उर्वरकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

अमानक पोटाश उर्वरक पर रोक, संबंधित लॉट के क्रय-विक्रय व भंडारण पर तत्काल प्रतिबंध
मंडला, 19 फरवरी 2026
कार्यालय उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंडला द्वारा उर्वरक आदेश 1985 की धारा 26 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए अमानक पाए गए उर्वरक के एक लॉट पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षण के दौरान लिए गए नमूने में पोटाश (एमओपी) उर्वरक निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। नमूना परीक्षण में जल विलेय पोटेशियम (W.S. Potassium content as K2O) की मात्रा 3.31 प्रतिशत कम पाई गई। उक्त उर्वरक का विक्रेता Akriti Krishi Kendra, Mawai तथा निर्माता कंपनी Arize Gondiya महाराष्ट्र बताई गई है। संबंधित लॉट/बैच नंबर आईएमएम-001 है तथा नमूना 15 दिसंबर 2025 को लिया गया था।
आदेशानुसार संबंधित लॉट/बैच नंबर के उर्वरक का जिले में क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रकरण की सूचना आयुक्त सह संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास म.प्र. भोपाल, संयुक्त संचालक (उर्वरक), कलेक्टर मंडला सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है। साथ ही संबंधित विक्रेता एवं निर्माता संस्था को कारण बताओ सूचना जारी कर निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी निर्देशित किया गया है कि शेष स्टॉक को पृथक चिन्हित कर सुरक्षित रखा जाए तथा वितरण का विवरण उपलब्ध कराया जाए। उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास, मंडला द्वारा स्पष्ट किया गया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है तथा अमानक उर्वरकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

सेक्टर स्तरीय बैठक में ग्राम विकास एवं जनकल्याण योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
मंडला, 19 फरवरी 2026
मोहगांव के ग्राम पंचायत कुम्हर्रा में नवांकुर संस्था बुढनेर नर्मदा महिला संघ द्वारा सेक्टर क्रमांक एक की सेक्टर स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिला समन्वय श्री राजेन्द्र चौधरी एवं ब्लॉक समन्वय श्री नेम लाल धुर्वे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बैठक में ग्राम विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शासन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार, स्वैच्छिकता एवं सामूहिकता से कार्य करने, नशा मुक्ति, स्वच्छता अभियान, साफ-सफाई, जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं जैसे जन धन योजना, प्रधानमंत्री दुर्घटना बीमा योजना, नशा मुक्ति अभियान, बाल विवाह रोकथाम, पौधारोपण, पशु आहार केंद्र (बाड़ी मॉडल), पशुपालन आदि के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में वार्षिक प्रतिवेदन, प्रस्फुटन समिति के भ्रमण प्रतिवेदन, प्रस्तावित प्रतिवेदन, उपयोगिता प्रमाण पत्र तथा नवांकुर संस्था एवं प्रस्फुटन समिति की प्रस्तावित कार्य योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मेंटर श्रीमती मीना विश्वकर्मा, अशोक कुमार मरावी, संजीत कुमार कुलेश, अशोक कुमार राजे, नीरज दुबे, नंदकिशोर, दुर्गा झरिया सहित नवांकुर संस्था से सरस्वती मरावी, गोविंद कुरूम, बृज कुमार आर्मो, तीरथ यादव, धीरू वाटिया उपस्थित रहे। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्री कलिराम मरावी, मलसाय, सतीश मोगरे, अखिलेश परते, सरपंच श्री रम्मू सिंह कुलस्ते, सचिव श्री कमल सिंह, ग्राम संगठन अध्यक्ष रामबती, सोनिया, धनिया, रामप्यारी, फुदरी गोंदिया सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नशामुक्ति व योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर
विकासखंड बिछिया के ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कोको सेक्टर क्रमांक-4 सिजोरा के सदस्यों से संपर्क कर समिति अध्यक्ष श्री मोहनलाल विश्वकर्मा द्वारा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति को सक्रिय बनाए रखने, दस्तावेजीकरण कार्य को सुव्यवस्थित करने तथा बैठकों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। साथ ही कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, बैनर एवं बोर्ड के माध्यम से शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा श्रमिक कार्ड ई-केवाईसी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामवासियों तक पहुंचाने के लिए ठोस प्रयास करने का निर्णय लिया गया।
विकासखंड समन्वयक कीर्ति कुरील ने मधनिषेध सप्ताह एवं नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। समिति सदस्यों ने बताया कि गांव में नशामुक्ति अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जो भी व्यक्ति शराब का सेवन करेगा अथवा घर में शराब बनाएगा, उससे सार्वजनिक रूप से जुर्माना लिया जाएगा तथा सामाजिक स्तर पर उसका बहिष्कार किया जाएगा। उसे गांव के कार्यक्रमों में शामिल नहीं किया जाएगा। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण कर गांव में नशामुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से चलाने तथा नशे से होने वाले दुष्परिणामों को रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की सहमति व्यक्त की।

संकल्प से समाधान अभियान: न्यून प्रगति पर स्वास्थ्य विभाग मंडला को एससीएन जारी
मंडला, 19 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के द्वारा संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें पाया गया कि स्वास्थ्य विभाग मण्डला के अंतर्गत संचालित सेवाओं के क्रियान्वयन में प्रगति अत्यंत न्यून है। इसके अंतर्गत आयुष्मान भारत योजना के कुल आवेदन 3815, स्वीकृत आवेदन 3492, कुल निराकृत 3492 तथा 323 लंबित, प्रसूति सहायता योजना के 82 कुल आवेदन, 61 स्वीकृत आवेदन, 61 कुल निराकृत तथा 21 लंबित तथा विकलांगता प्रमाण पत्र के कुल 26 आवेदन, स्वीकृत 14 आवेदन, 14 निराकृत तथा 12 लंबित, मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के प्रकरण स्वीकृत के कुल 1 आवेदन एवं 1 लंबित आवेदन है। संकल्प से समाधान अभियान को प्रारंभ हुए 20 दिन से अधिक की अवधि के बाद भी निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की प्रगति अत्यंत न्यून है।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती को इस संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। आपके विभागीय दायित्वों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लिया जा रहा है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। आपका उक्त कृत्य कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। आपका उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) उप नियम (एक) (दो) (तीन) के विपरीत होने से दण्डनीय कृत्य है। अतः उक्त संबंध में आप अपना लिखित उत्तर पत्र प्राप्ति के दो दिवस के अन्दर प्रस्तुत करें। निर्धारित समयवाधि में तथा संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की दशा में आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। जिसके लिये आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।

संकल्प से समाधान विशेष अभियान: 21 फरवरी को घुघरी के डोंगरमंडला कलस्टर में शिविर लगाया जायेगा
मंडला, 19 फरवरी 2026
संकल्प से समाधान विशेष अभियान के अंतर्गत 21 फरवरी को घुघरी जनपद पंचायत के डोंगरमंडला कलस्टर ग्राम पंचायत में शिविर लगाया जायेगा। 23 फरवरी को जनपद पंचायत नैनपुर के ग्राम जामगाँव, बिछिया जनपद के ग्राम पंचायत मोचा, जनपद पंचायत नारायणगंज के ग्राम पड़रिया तथा जनपद पंचायत बीजाडांडी के ग्राम पौंड़ी माल में कलस्टर स्तरीय शिविर लगाया जायेगा।

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली विशेष पुनरीक्षण 2026 के लिए बैठक 21 फरवरी को
मंडला, 19 फरवरी 2026
भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत 21 फरवरी 2026 को अपरान्ह 4 बजे जिला योजना भवन मण्डला के सभाकक्ष में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार सिंह ने उक्त बैठक में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

ग्राम पंचायत किन्द्री में जन स्वास्थ्य शिविर संपन्न
मंडला, 19 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में संचालित ‘आरोग्यम मण्डला’ अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचाने का क्रम निरंतर जारी है। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत किन्द्री में जन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके निवास स्थान के समीप ही विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना था। शिविर में स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र रोग एवं सामान्य चिकित्सा के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। शिविर में आए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य प्राथमिक जाँचें की गईं। चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि जिले का कोई भी नागरिक बेहतर उपचार से वंचित न रहे। ‘आरोग्यम मण्डला’ अभियान के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सक सीधे पंचायतों में पहुँचकर ग्रामीणों की जटिल बीमारियों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित कर रहे हैं।

वृद्धाश्रम माहिष्मती घाट में वरिष्ठजनों के लिए नियमित योगाभ्यास का आयोजन
मंडला, 19 फरवरी 2026
भारत सरकार, जिला प्रशासन, आयुष विभाग एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित Holistic Well-being Camps के अंतर्गत वरिष्ठजनों के लिए विशेष कार्यक्रम के तारतम्य में आयुष विभाग द्वारा रेडक्रॉस सोसायटी संचालित वृद्धाश्रम, माहिष्मती घाट में “नियमित योगाभ्यास” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धनवंतरि के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। योग सत्र में वरिष्ठजनों को सहज योग, ध्यान, प्राणायाम एवं सरल आसनों का अभ्यास कराया गया तथा उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए नियमित योग करने प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में कुल 45 वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर योग समिति के संचालक श्री सुनील बाली, पूर्व जिला आयुष अधिकारी डॉ. हर्ष कर्महे, जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री आहाके, आयुष चिकित्सक डॉ. आशीष गौठरिया, डॉ. शेरसिंह कुड़ापे, डॉ. एकता वाल्को, डॉ. प्रियंका धुर्वे, योग प्रशिक्षक कु. त्रिवेणी तेकाम, कु. महिमा महोबिया, योग सहायक पुष्पलता भलावी, औषधि संयोजक श्री चरण लाल धुर्वे, श्री दीपक चन्द्रोल, रामप्यारी यादव, कु. ललिता नंदा, कु. भगवती सैयाम, श्री अंकित झारिया सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। आयुष विभाग ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से वरिष्ठजनों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का सतत प्रयास किया जा रहा है।

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न
मंडला, 18 फरवरी 2026
17 फरवरी को कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य (एसएनसीयू, एनआरसी, पूर्ण टीकाकरण, सीडीआर), आयुष कार्यक्रम, एनसीडी, एमपी औषधि, आरोग्यम मंडला तथा मलेरिया कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम में सीएचसी धुरी में कमी पाई गई। सिकल सेल कार्यक्रम के अंतर्गत सैंपुर, धुरी एवं मवई क्षेत्र में कार्य अपूर्ण पाए जाने पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा में एएनसी जांच की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर संबंधित अधिकारियों को आगामी बैठक में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित होने तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएनसीयू के संबंध में नवजात शिशुओं को आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन सपोर्ट उपलब्ध कराने तथा संक्रमण की स्थिति में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर करने के निर्देश जारी किए गए। मलेरिया कार्यक्रम की समीक्षा में कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों से कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में राष्ट्रीय कार्यक्रमों के लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीएमओ, डीपीएम, बीपीएम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जर्मन बैंक केएफडब्ल्यू के प्रतिनिधियों ने किया मंडला सीवरेज परियोजना का निरीक्षण
कलेक्टर ने दिए कार्य में गुणवत्ता सुधार के निर्देश
मंडला, 18 फरवरी 2026
मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की पीआईयू जबलपुर के अंतर्गत निर्माणाधीन मंडला नगरपालिका सीवरेज परियोजना की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को जर्मन बैंक केएफडब्ल्यू के प्रतिनिधियों ने स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात दल ने जिला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के साथ परियोजना की वर्तमान स्थिति और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के पूर्व केएफडब्ल्यू से आए प्रतिनिधि मि. लुकास और श्री राहुल मनकोटिया ने परियोजना के तकनीकी पहलुओं और निर्माण कार्य का अवलोकन किया। दल ने सीवरेज नेटवर्क और संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्यों को बारीकी से देखा। निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने परियोजना की समीक्षा की। कलेक्टर ने विशेष रूप से रोड रेस्टोरेशन (सड़क बहाली) के कार्य में हो रही देरी और गुणवत्ता को लेकर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क रेस्टोरेशन का कार्य तत्काल मानक स्तर पर सुधारा जाए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने आम जनता को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य योजना में बदलाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी समय की चुनौतियों को देखते हुए एक उत्कृष्ट और प्रभावी नीति के साथ कार्य को समयसीमा में पूर्ण करें। इस दौरान केएफडब्ल्यू से मि. लुकास एवं श्री मनकोटिया के साथ एमपीयूडीसी, पीएमयू, पीआईयू जबलपुर के अधिकारी, पीएमसी एवं संविदाकार के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पुलिस चौपाल: हेलमेट, साइबर अपराध व नशा मुक्ति पर जागरूकता
मंडला, 18 फरवरी 2026
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंडला जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीण नागरिकों को हेलमेट अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में व्यापक रूप से जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली (सेमरखापा), थाना घुघरी (लाटो व इलाही), थाना निवास (ग्वारा), थाना बिछिया (उमरिया), टिकरिया (अहिरवाड़ा), थाना मवई (सैदा व मझगांव) एवं चौकी पिंडरई (रामदेवरी), चौकी मनेरी (मेढी), चौकी अंजनिया (जगनाथर) क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

अमानक साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों पर 30 हजार तक जुर्माना
मंडला, 18 फरवरी 2026
पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में यातायात थाना मंडला द्वारा शहर में अमानक साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न लगाकर तेज शोर करने वाले दोपहिया वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विशेष रूप से बुलेट एवं अन्य मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर और अनधिकृत प्रेशर हॉर्न लगाकर आमजन को परेशान करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ऐसे वाहनों को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ संबंधित वाहन चालकों पर 30 हजार रूपए तक का जुर्माना अधिरोपित कराया गया। साथ ही वाहनों में लगे अमानक साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न को भी जब्त कर लिया गया।
यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अनाधिकृत हॉर्न एवं साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहनों की पहचान की जा रही है। कैमरों से प्राप्त वाहन नंबरों के आधार पर संबंधित चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें।

