टीएल बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश
संकल्प से समाधान अभियान के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करें
गेहूं उपार्जन, खाद प्रबंधन और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा
मंडला, 16 फरवरी 2026
जिला मुख्यालय स्थित जिला योजना भवन में आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता और समय-सीमा में किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि “संकल्प से समाधान” अभियान का दूसरा चरण प्रारंभ हो चुका है। ऐसे में प्रथम चरण में प्राप्त सभी आवेदनों का शीघ्र और संतोषजनक निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए और निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आमजन को वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री संतराम भलावी ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसान पंजीयन 7 मार्च 2026 तक किया जाएगा। जिले में कुल 36 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां किसान अपना पंजीयन करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि सभी पंजीयन केंद्रों को शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने नागरिक आपूर्ति निगम, कृषि, सहकारिता और खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे हर सप्ताह संयुक्त बैठक कर कृषि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करें। इसमें समर्थन मूल्य पर उपार्जन की तैयारियाँ, खाद की उपलब्धता और वितरण, भंडारण व्यवस्था तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन दुकानों से खाद्यान्न वितरण की स्थिति की नियमित समीक्षा शामिल रहेगी।
बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे आवासों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि यह केंद्र शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील योजना है, इसलिए इसमें प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाए और सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर-कमिश्नर चर्चा के बिंदुओं पर भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी रैंकिंग का आकलन करें और जिन क्षेत्रों में प्रदर्शन कमजोर है, वहां सुधारात्मक कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, श्री हुनेन्द्र घोरमारे, श्री सचिन जैन, श्री आशुतोष महादेव ठाकुर एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 17 फरवरी को
मंडला, 16 फरवरी 2026
जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक 17 फरवरी को जिला योजना भवन में दोपहर 3 बजे से आयोजित की गई है। बैठक में क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, आशा कार्यक्रम, एन.सी.डी. कार्यक्रम, एम.पी. औषधी तथा आरोग्यम् मण्डला 2.0 की समीक्षा की जायेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने समस्त कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया है कि जिला स्वास्थ्य समिति के एजेण्डा की जानकारी अपने-अपने कार्यक्रम से संबंधित रैकिंग मापदण्ड के आधार पर विकासखण्डवार पॉवर प्वाईंट प्रेजेन्टेशन तैयार करें एवं समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी विकासखण्ड स्तर का प्रस्तुतीकरण स्वयं करेंगे तथा सभी पूर्ण तैयारी के साथ जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अनिवार्यतः उपस्थित रहेंगे।
संकल्प से समाधान विशेष अभियान: 18 फरवरी को 7 कलस्टर ग्राम पंचायत में लगाए जायेंगे शिविर
मंडला, 16 फरवरी 2026
संकल्प से समाधान विशेष अभियान के अंतर्गत 18 फरवरी को 7 कलस्टर ग्राम पंचायतों में शिविर लगाया जायेगा। 18 फरवरी को जनपद पंचायत नैनपुर के ग्राम सर्रापिपरिया, जनपद पंचायत बिछिया के ग्राम औरई, जनपद पंचायत घुघरी के ग्राम लाटो, जनपद पंचायत मवई के ग्राम घुटास, जनपद पंचायत निवास के मनेरी, नारायणगंज के ग्राम मानेगांव, जनपद पंचायत बीजाडांडी के मानिकसरा में कलस्टर स्तरीय शिविर लगाया जायेगा।
इसी प्रकार 19 फरवरी को जनपद पंचायत मंडला के ग्राम मानादेई, जनपद पंचायत मोहगांव के ग्राम सिंगारपुर में शिविर लगाया जायेगा।

