Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

जिला स्तरीय आपदा एवं भूकंप प्रबंधन कार्यशाला आयोजित

मंडला, 23 मार्च 2026

जिला योजना भवन में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन एवं भूकंप प्रबंधन विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की विशेष उपस्थिति में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना रहा।

कार्यशाला के दौरान डिप्टी कमांडेंट एसडीआरएफ श्री हेमराज परस्ते ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, बचाव तकनीकों एवं राहत कार्यों की रणनीतियों को सरल और व्यवहारिक तरीके से समझाया।

कार्यशाला की विशेषता लाइव डेमो रहा, जिसमें आपदा की स्थिति में कैसे प्रतिक्रिया देनी चाहिए, चोटिल व्यक्ति को कैसे सुरक्षित निकालना है ? इसका व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भवन गिरने जैसी आपात परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। श्री हेमराज परस्ते ने बताया कि यदि किसी भवन के गिरने की आशंका हो या वह गिर जाए, तो घबराने के बजाय तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर निकलना चाहिए। यदि बाहर निकलना संभव न हो तो मजबूत टेबल, डेस्क या दीवार के कोने के पास “ड्रॉप, कवर और होल्ड” की स्थिति अपनानी चाहिए। लिफ्ट का उपयोग नहीं करना चाहिए और सीढ़ियों का ही प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि सिर और गर्दन की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है, इसके लिए हाथ, बैग या किसी कठोर वस्तु का उपयोग किया जा सकता है।

उन्होंने मलबे में फंसने की स्थिति में अनावश्यक रूप से चिल्लाने या भागदौड़ करने से बचने, ऊर्जा बचाने और सहायता के लिए संकेत देने के तरीके भी समझाए। गैस, बिजली आदि के संभावित खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि समय रहते सही जानकारी और प्रशिक्षण से जनहानि और नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के निर्देश दिए। कार्यशाला में अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, समस्त एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी और होमगार्ड का अमला मौजूद रहा।

Related posts

सेंसेशनल जंगल” प्रदर्शनी का दिल्ली में हुआ शुभारंभ पेंटिंग में प्रकृति और पर्यावरण को बचाने पर जोर

Reva India News

ए.सी.ए.बी.सी प्रशिक्षण के लिए आवेदन की आज अंतिम तिथि

Reva India News

प्रभारी मंत्री ने किया स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. श्री उदयचंद जी जैन की प्रतिमा पर माल्यार्पण

Reva India News

Leave a Comment