Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी

मंडला, 15 अप्रैल 2026

जिले में बढ़ती गर्मी और तापमान में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों के लिए लू (तापघात) से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी इस निर्देश में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियाँ अपनाने की अपील की गई है।

जारी सूचना के अनुसार गर्मी के मौसम में लू लगने की संभावना अधिक रहती है, विशेषकर दोपहर के समय तेज धूप में बाहर रहने पर जोखिम बढ़ जाता है। लू लगने पर तेज सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होना, त्वचा का सूखना, पसीना बंद होना, कमजोरी और बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

 

बचाव के उपाय बताए गए

 

स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि लोग गर्मी के दिनों में हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, घर से निकलते समय सिर और चेहरे को ढकें तथा अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें। अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें और बाहर जाते समय पानी साथ रखें।

 

गंभीर स्थिति में तुरंत सहायता लें

 

यदि किसी व्यक्ति को लू लगने के लक्षण दिखाई दें या वह बेहोश हो जाए, तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर लिटाकर प्राथमिक उपचार दें और आवश्यकता पड़ने पर 108 एम्बुलेंस सेवा को बुलाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं।

 

गर्भवती महिलाओं और बच्चों का रखें विशेष ध्यान

 

एडवाइजरी में बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष रूप से सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। उन्हें तेज धूप से बचाने, पर्याप्त पानी पिलाने और संतुलित आहार देने पर जोर दिया गया है।

 

प्राथमिक उपचार की जानकारी

 

लू लगने की स्थिति में रोगी को ठंडी जगह पर ले जाकर उसके कपड़े ढीले करें, शरीर को ठंडे पानी से ठंडा करें और होश में आने पर ओआरएस या ठंडे पेय पदार्थ दें। फफोले या अन्य गंभीर लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन सावधानियों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को लू के खतरे से सुरक्षित रखें।

Related posts

जन शिकायतों को गंभीरता से लें – श्रेयांश कूमट समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित

Reva India News

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लिए 31 तक आवेदन पत्र आमंत्रित

Reva India News

बिछिया में सीईओ जिला पंचायत द्वारा निर्माण कार्यों का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment