Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

ग्राम दाढ़ी में आयोजित रात्रि चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचे ग्रामवासियों से सुनीं समस्याएं और दिए निराकरण के निर्देश खुले आसमान के नीचे किया रात्रि विश्राम

मंडला, 6 जून 2026

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुँच को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मवई विकासखंड के ग्राम दाढ़ी में शुक्रवार को रात्रि चौपाल एवं रात्रि विश्राम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव, एसपी श्री राजेश रघुवंशी, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं, आवश्यक सुझाव प्राप्त किए तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री धोटे एवं पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंशी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच बैठकर इत्मीनान से संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और गाँव की समस्याओं के साथ-साथ लोगों की व्यक्तिगत समस्याओं एवं आवश्यकताओं की भी जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बातें रखीं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं, राजस्व, पेंशन, आवास, पेयजल, सड़क, बिजली, उप स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सीय स्टाफ उपलब्धता, शासकीय स्कूल भवनों के मरम्मत और दुरस्तीकरण और अन्य स्थानीय मुद्दों से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर श्री धोटे एवं अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

कलेक्टर श्री धोटे एवं एसपी श्री रघुवंशी ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध संसाधनों, दवा वितरण, उपचार सुविधाओं एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

ग्रामीणों के संग बैठकर किया भोजन

 

कार्यक्रम का सबसे आत्मीय और प्रेरणादायक क्षण उस समय देखने को मिला जब प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। अधिकारियों और ग्रामीणों ने एक साथ भोजन ग्रहण कर आपसी आत्मीयता, विश्वास और सहभागिता का संदेश दिया।

रात्रि चौपाल के उपरांत जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ग्राम दाढ़ी में ही खुले आसमान के नीचे रात्रि विश्राम किया। अधिकारियों ने ग्रामीण परिवेश में समय बिताते हुए गांव की वास्तविक परिस्थितियों को नजदीक से समझने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने भी अधिकारियों के बीच पहुंचने और गांव में रात्रि विश्राम करने की पहल का स्वागत किया।

अगले दिन प्रातः अधिकारियों ने ग्रामवासियों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। गांव के सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

ग्राम दाढ़ी में स्वच्छता व्यवस्था एवं ग्रामीणों की जागरूकता को देखकर अधिकारी विशेष रूप से प्रभावित हुए। उन्होंने गांव में स्वच्छता के बेहतर स्तर की सराहना करते हुए ग्रामीणों को बधाई दी और कहा कि सामूहिक प्रयासों से गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सकता है। अधिकारियों ने ग्रामीणों की सहभागिता और स्वच्छ वातावरण को गांव की बड़ी उपलब्धि बताया।

युवाओं संग खेला वॉलीबॉल

 

शनिवार की सुबह अधिकारियों ने गांव के युवाओं के साथ वॉलीबॉल खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। खेल गतिविधि के माध्यम से अधिकारियों और युवाओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित हुआ। युवाओं ने भी इस अवसर का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

रात्रि विश्राम के उपरांत शनिवार सुबह कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ग्राम दाढ़ी स्थित शासकीय छात्रावास से पैदल स्वच्छता जागरूकता यात्रा निकाली। पूरा प्रशासन गांव की गलियों से होते हुए पैदल स्वच्छता स्थल तक पहुंचा। यात्रा के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हाथों में स्वच्छता और नशा मुक्ति का संदेश देती तख्तियाँ थीं, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

यात्रा मार्ग से गुजरते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं एवं बच्चे भी अभियान से जुड़ते गए और स्वच्छता एवं जनजागरूकता के इस प्रयास का हिस्सा बने। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर गांव के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

 

गांव की स्वच्छता व्यवस्था ने अधिकारियों का मन मोहा

आदर्श ग्राम बनाने किया प्रेरित

ग्राम दाढ़ी के भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की जागरूकता, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और सामुदायिक सहभागिता की सराहना करते हुए गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने कहा कि यदि ग्रामवासी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, जल संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में इसी प्रकार सक्रिय भूमिका निभाते रहे तो ग्राम दाढ़ी आने वाले समय में जिले के लिए एक आदर्श ग्राम के रूप में स्थापित हो सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ गांव के विकास में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

ग्रामीणों ने कहा कि रात्रि चौपाल, रात्रि विश्राम, श्रमदान और जनसंवाद जैसी गतिविधियों के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों के बीच विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

Related posts

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

Reva India News

जिला समन्वय समिति डीसीसी/डीएलआरसी की बैठक 12 सितंबर को  

Reva India News

प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत गृह प्रवेशम कार्यक्रम 28 मार्च को  

Reva India News

Leave a Comment