किसानों को खाद वितरण में परेशानी न हो, एसडीएम करें केन्द्रों का निरीक्षण – डीएम
मैदानी भ्रमण बढ़ाएं, समस्याओं का मौके पर समाधान करें – डीएम
वर्षाकाल में पुल-पुलियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश
अश्वगंधा, चिया, मुनगा एवं काली तुलसी जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए कहा
समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा
मंडला, 6 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे द्वारा जिला योजना भवन में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आईटीआई के माध्यम से अगस्त के प्रथम सप्ताह में रोजगार मेले का आयोजन किया जाए। उन्होंने रोजगार मेले में 5,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु व्यापक तैयारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी विभागों से अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का बिना विलंब निराकरण करने को कहा।
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि केज कल्चर के लिए 19 नवीन आवेदन तथा बायोफ्लॉक के लिए 100 के लक्ष्य के विरुद्ध 140 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस पर कलेक्टर ने बैंक संबंधी सभी प्रक्रियाएं 15 दिनों के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार योजना के अंतर्गत सभी निर्माण कार्य कराने वाले विभाग अपने श्रमिकों का पंजीयन एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करें। वहीं संबल योजना में शेष 941 श्रमिकों के पंजीयन दो दिवस में पूर्ण करने तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में भी पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का एक सप्ताह में निराकरण किया जाए। 500 दिवस से लंबित शिकायतों का भी तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर नियमानुसार 500 रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। उन्होंने नॉन-अटेंडेड शिकायतों पर भी नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
मोबाईल मेडीकल यूनिट में हो एंटी वेनम की उपलब्धता
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने निर्देश दिए कि सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए सभी पंचायतों में एंटीवेनम उपलब्धता एवं सर्पमित्रों की जानकारी प्रदर्शित की जाए तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट में भी एंटीवेनम उपलब्ध रहे। इसके साथ ही वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी पुल, पुलिया एवं नालों पर आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण करें तथा नियमित भ्रमण करें। उन्होंने मंडला-जबलपुर मार्ग पर फूलसागर पुल एवं नारायणगंज क्षेत्र में स्थित पुल के एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वर्षा काल में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सुचारु रखें। विशेष रूप से घुघरी क्षेत्र पर निगरानी रखी जाए, पेयजल स्त्रोतों के आसपास गंदगी न हो, बीमार व्यक्तियों की प्रभावी ट्रैकिंग की जाए तथा संक्रमण फैलने से पहले आवश्यक नियंत्रण उपाय किए जाएं।
कृषि और उद्यानिकी को बढ़ावा देने के निर्देश
समय-सीमा की बैठक में उद्यानिकी विभाग ने बताया कि इस वर्ष 100 किसान अश्वगंधा की खेती करेंगे, जिन्हें विभाग द्वारा किट उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर ने चिया सीड्स एवं मुनगा (सहजन) की खेती को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि काली तुलसी की खेती के लिए 500 किसानों का चयन किया गया है, जो 250 एकड़ क्षेत्र में इसकी खेती करेंगे। विभाग को इस कार्य का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खाद वितरण एवं शिक्षा विभाग की समीक्षा
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि ई-टोकन के माध्यम से किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। वे स्वयं निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। गोदामों से खाद वितरण प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाए तथा डिजिटल डिस्प्ले की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग को 100 प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 2,557 पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने इस कार्य को भी गुणवत्ता एवं गति के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, श्री संस्कार बावरिया सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सांसद श्री कुलस्ते ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ककैया का लोकार्पण
मंडला जिले के बिछिया जनपद में सुलभ और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का हुआ विस्तार
स्थानीय नागरिकों को अब अपने क्षेत्र में ही मिलेंगी बेहतर चिकित्सा सेवाएँ
मंडला, 6 जुलाई 2026
मंडला जिले के विकास और आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में रविवार को सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने जनपद पंचायत बिछिया के अंतर्गत नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ककैया का भव्य लोकार्पण किया गया। इस नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों को अब अपने ही क्षेत्र में सुलभ, त्वरित और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएँ प्राप्त हो सकेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर संकल्पित है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ककैया का यह नया भवन स्थानीय ग्रामीणों के लिए वरदान साबित होगा, जिससे उन्हें इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
स्वैच्छिकता पर्व पर दिया नशामुक्ति का संदेश
मंडला, 6 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित स्वैच्छिकता पर्व (4 जुलाई से 16 अगस्त 2026) के अंतर्गत विकासखंड मंडला में नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् एवं सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रानी दुर्गावती महाविद्यालय, मंडला में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) श्री मोहन नागर के नेतृत्व एवं कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। जिला समन्वयक श्री सुशील बर्मन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संतोष कुमार झारिया के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में रैली एवं संगोष्ठी के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशामुक्ति का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री संतोष कुमार झारिया ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा समाज को नशे से मुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री संतोष कुमार रजक, रागिनी हरदहा, दीपा श्रीवास, लालाराम चक्रवर्ती, आशीष नामदेव सहित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
म.प्र. जन अभियान परिषद् स्थापना दिवस पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
मंडला, 6 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के स्थापना दिवस के अवसर पर रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़ीखैरी मंडला में समाजकार्य के विद्यार्थियों द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का आयोजन परिषद् के स्थापना दिवस एवं स्वैच्छिकता पर्व के तहत किया गया।
4 जुलाई से 12 अगस्त तक आयोजित स्वैच्छिकता पर्व के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, सामाजिक समरसता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान सभी से एक पेड़ माँ के नाम अभियान, स्वच्छता अभियान एवं जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
परामर्शदाता लालाराम चक्रवर्ती ने बताया कि जन अभियान परिषद् के माध्यम से जिले के सभी विकासखंडों में समाजकार्य स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। नवांकुर संस्थाओं एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से ग्राम स्तर पर विकास गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
मंडला विकासखंड को पांच सेक्टर मंडला, पदमी, लिंगा-पौंड़ी, बकौरी एवं महाराजपुर में विभाजित कर विभिन्न विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं। समाजकार्य के विद्यार्थियों को प्रयोगशाला ग्राम आवंटित किए गए हैं, जहां वे समाजहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का व्यवहारिक क्रियान्वयन करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. टी.पी. मिश्रा ने जन अभियान परिषद् की सराहना करते हुए कहा कि परिषद् शासन और समाज के बीच प्रभावी सेतु का कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान संतोष कुमार रजक ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
जिले में 6 जुलाई को 25.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई
मंडला, 6 जुलाई 2026
जिले में इस वर्ष 1 जून से 6 जुलाई 2026 के दौरान 195.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 592.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 397.1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जुलाई 2026 को मंडला में 11.4 मि.मी., नैनपुर में 3 मि.मी. एवं बिछिया में 31.3 मि.मी., निवास में 33.4 मि.मी., घुघरी में 57.6 मि.मी. एवं नारायणगंज में 15.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 6 जुलाई 2026 को 25.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
