Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 5 जुलाई 2026

13 जुलाई से शुरू होगा दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का तीसरा चरण

पशुपालकों को दी जाएगी आधुनिक तकनीक की जानकारी

 

मंडला, 5 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत की जा रही है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित यह विशेष अभियान आगामी 13 जुलाई से 18 जुलाई तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।

इस अभियान का मुख्य ध्येय दुग्ध उत्पादन में वृद्धि, मध्यप्रदेश की समृद्धि के संकल्प को साकार करना है। अभियान के दौरान विभाग के विशेषज्ञ और मैदानी अमला सीधे पशुपालकों से संपर्क करेंगे और उन्हें डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभदायक बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों से अवगत कराएंगे।

अभियान के दौरान स्थानीय मवेशियों की नस्ल में सुधार कर दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उपाय। मवेशियों के लिए संतुलित आहार, हरा चारा प्रबंधन और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ। पशुओं को विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण के प्रति जागरूकता। उन्नत तकनीक के माध्यम से बछड़ियों के जन्म को बढ़ावा देने की तकनीक के बारे में विस्तृत जानकारी, जिससे भविष्य में दुग्ध उत्पादन में तेजी से वृद्धि हो सके।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने जिले के सभी पशुपालकों और किसानों से अपील की है कि वे 13 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और शासकीय योजनाओं एवं आधुनिक तकनीकों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाएं।

 

 

 

 

 

 

 

जिले में 5 जुलाई को 11 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई

 

मंडला, 5 जुलाई 2026

जिले में इस वर्ष 1 जून से 5 जुलाई 2026 के दौरान 170.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 565 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 394.6 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 जुलाई 2026 को मंडला में 8.6 मि.मी., नैनपुर में 8.6 मि.मी. एवं बिछिया में 12.3 मि.मी., घुघरी में 16.6 मि.मी. एवं नारायणगंज में 5.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 5 जुलाई 2026 को 11 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

बिछिया में अवैध शराब का बड़ा जखीरा जब्त, दो आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए

 

मंडला, 5 जुलाई 2026

जिला आबकारी अधिकारी तथा प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शैली सैयाम के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने बिछिया वृत्त में अवैध शराब के विरुद्ध सघन कार्रवाई करते हुए एक घर से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी दल ने वार्ड क्रमांक-15, परमाही टोला, बिछिया स्थित एक मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में मौजूद सुरेंद्र यादव (48 वर्ष) एवं रवि यादव (21 वर्ष) की उपस्थिति में विधिवत जांच की गई। कमरे में पलंग के नीचे छिपाकर रखे गए देसी प्लेन मदिरा के 7 कार्टून बरामद हुए। प्रत्येक कार्टून में 50-50 नग मदिरा होने से कुल 350 नग देसी प्लेन शराब, जिसकी मात्रा 63 बल्क लीटर है, जब्त की गई।

आरोपियों से मदिरा के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। धारण क्षमता से अधिक मदिरा का संग्रहण एवं विक्रय के उद्देश्य से रखने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत लगभग ’’35 हजार रुपये’’ बताई गई है।

कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, प्रधान आरक्षक हरे सिंह उइके तथा आरक्षक रघुनाथ उइके, महेश पटेल, कन्हैया उइके सहित समस्त आबकारी अमला उपस्थित रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related posts

सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समितियों से अपील सावधानियों और सुरक्षा मापदंडों का पूर्णतः पालन करें

Reva India News

उचित मूल्य दुकान मैली के संचालन का प्राधिकार पत्र निलंबित  

Reva India News

आजाद अध्यापक संघ ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

Reva India News

Leave a Comment