वर्षाकाल में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रखें- प्रभारी कलेक्टर
फार्मर रजिस्ट्री एवं खाद वितरण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
प्रभारी कलेक्टर ने किया बीजाडांडी क्षेत्र का भ्रमण
मंडला, 3 जुलाई 2026
प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर ने शुक्रवार को बीजाडांडी क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए अस्पताल प्रबंधन आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध रहें, अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखी जाए तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।
इसके पश्चात प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर ग्राम कालपी स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति द्वारा संचालित खाद वितरण केन्द्र पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों को खाद वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई-विकास प्रणाली के माध्यम से किसानों को बिना किसी परेशानी के समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रहे। उन्होंने किसान रजिस्ट्री की प्रगति की भी जानकारी ली। इस दौरान तहसीलदार नारायणगंज श्री हरि सिंह धुर्वे ने बताया कि बीजाडांडी क्षेत्र में लगभग 37 प्रतिशत किसान रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य प्रगति पर है। इस पर प्रभारी कलेक्टर ने किसान रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर ने कालपी स्थित संदीपनी विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों के प्रवेश एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संगीता श्रीवास्तव ने बताया कि वर्तमान में केजी से कक्षा 12वीं तक लगभग 750 विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है तथा 31 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी, जिससे विद्यार्थियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर ने विद्यालय परिसर में स्थापित वर्षा जल संचयन प्रणाली का अवलोकन करते हुए इसके प्रभावी उपयोग एवं जनजागरूकता के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय में स्थापित फायर सेफ्टी सिस्टम का भी निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त प्रभारी कलेक्टर ने उदयपुर ग्राम के आँगनवाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री राजेन्द्र पुट्टा, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती वासंती दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आपदा से निपटने की पूर्व तैयारियाँ रखें, कंट्रोल रूम अलर्ट मोड पर रहे – प्रभारी कलेक्टर
मंडला, 3 जुलाई 2026
प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर ने गोलमेज कक्ष में आपदा प्रबंधन विषयक बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु में आपदा से निपटने के लिए पूर्व तैयारियाँ सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में सभी संबंधित विभागों की टीम अलर्ट मोड पर रहें।
पिछले वर्षों में बाढ़ एवं जल भराव वाले क्षेत्रों की विशेष तैयारी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने बोट, मड पंप एवं अन्य आवश्यक सामग्री तैयार रखने को कहा। जेसीबी तथा क्रेन ऑपरेटरों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए जिससे आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संभव हो सके।
सर्पदंश की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रभारी कलेक्टर श्री राठौर ने प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम का स्टॉक रखने के निर्देश दिए। आवश्यकता होने पर इसके लिए एक मोबाइल यूनिट भी तैयार रखने को कहा। उन्होंने पिछले दस वर्षों के आंकड़ों के आधार पर सर्पदंश की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
बरसात में नदी-नालों में बाढ़ की आशंका के मद्देनजर उन्होंने संबंधित निर्माण विभागों को बाढ़ संभावित पुल-पुलियों पर संकेतक लगाने एवं क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों पर बैरिकेटिंग कर यातायात बंद करने के निर्देश दिए। सहस्त्रधारा सहित सभी पर्यटन क्षेत्रों एवं सेल्फी पॉइंट्स पर विशेष निगरानी रखने को कहा जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीजे मोहंती, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, डीएसपी श्री सतीश चतुर्वेदी, एसएलआर मंडला श्री हीरा तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्षाकाल में आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
मंडला, 3 जुलाई 2026
प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर के निर्देशानुसार वर्षाकाल के दौरान आमजन की सुविधा एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
वर्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य समस्या की सूचना नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 07642-251079 पर दे सकते हैं। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त आपदा की स्थिति में एसएलआर श्री हीरालाल तिवारी मो.नं.9329330098, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री गजानंद नाफड़े मो.नं. 9425345105, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंड होमगार्ड श्री नरेश साहू मो.नं. 9977200696, सहायक ग्रेड-3 राहत शाखा श्री देवीसिंह तेकाम मो.नं. 7723918059 से भी संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षाकाल के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपदा संबंधी सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को दें, जिससे समय पर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
नशे के खिलाफ विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
मंडला, 3 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला श्री कमल जोशी के निर्देशन में एडीआर सेंटर, जिला न्यायालय मण्डला में ‘‘हर बच्चा स्कूल में’’ एवं ‘‘नशे को कहें ना’’ अभियान के अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कमल जोशी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का संवैधानिक एवं कानूनी अधिकार है। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के तहत 6 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रावधानों की जानकारी देते हुए समाज से विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री तपन धारगा ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार, आर्थिक स्थिति एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है तथा अपराध एवं सामाजिक विघटन को बढ़ावा देता है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, कार्यकर्ता तथा पैरालीगल वालंटियर्स सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। सभी ने अपने क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित कराने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने का संकल्प लिया।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत जागरूकता सत्र
एक पेड़ बेटी के नाम कार्यक्रम आयोजित
मंडला, 3 जुलाई 2026
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में कन्या शासकीय हाई स्कूल पुरवा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जागरूकता सत्र एवं एक पेड़ बेटी के नाम कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने छात्राओं को जेंडर समानता, लिंगानुपात, पीसीपीएनडीटी एक्ट, कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य प्रबंधन की जानकारी दी। साथ ही वन स्टॉप सेंटर एवं विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता से अवगत कराया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीएलवी श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने बच्चों के अधिकार, शिक्षा का अधिकार, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम एवं पॉक्सो एक्ट सहित विधिक सहायता संबंधी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही छात्राओं एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पेड़ बेटी के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य श्री हेमराज कछवाहा, शिक्षिका श्रीमती लता यादव, श्रीमती दीपमाला बरमैया, श्रीमती पार्वती सरोते, श्रीमती रेणुका लोधी, श्री विजय कुमार पांडेय, श्री कैलाश पटेल, श्री खुशीराम कछवाहा तथा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता हरिशंकर कछवाहा सहित विद्यालय का स्टाफ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
सर्पदंश से बचाव और उपचार के लिए एडवाइजरी जारी
मंडला, 3 जुलाई 2026
बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में वृद्धि को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने बताया कि साँप काटने की घटना को गंभीरता से लें और प्रभावित व्यक्ति को बिना समय गंवाए नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। झाड़-फूंक या अंधविश्वास पर निर्भर रहने से मरीज की जान को खतरा हो सकता है।
सीएमएचओ ने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को शांत रखें, उसे अनावश्यक चलने-फिरने न दें तथा काटे गए स्थान को साफ कर हल्के कपड़े से बांध दें। मरीज को करवट लिटाकर जल्द से जल्द स्वास्थ्य संस्थान पहुंचाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रस्सी से कसकर बांधना, ब्लेड से काटना, मुंह से जहर चूसना या ओझा-गुनिया के पास ले जाना जैसी पारंपरिक एवं अंधविश्वासपूर्ण गतिविधियाँ नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में सर्पदंश के उपचार हेतु एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन निःशुल्क उपलब्ध है। लोगों से अपील की गई है कि अंधेरे में निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें, बिलों एवं झाड़ियों में हाथ न डालें, पानी भरे गड्ढों से सावधानी बरतें तथा खेतों एवं खुले स्थानों पर जाते समय चप्पल या जूते अवश्य पहनें।
आकाशीय बिजली से बचाव हेतु सुरक्षा सुझाव
मंडला, 3 जुलाई 2026
वर्षा ऋतु के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, मंडला ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग द्वारा बताया गया है कि मानसून के दौरान विशेष रूप से जून से जुलाई के बीच वज्रपात की घटनाओं की संभावना अधिक रहती है, इसलिए नागरिकों को आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने चाहिए।
जारी सलाह के अनुसार खेतों, निर्माण स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों, लोडिंग-अनलोडिंग स्थलों तथा खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें। आकाशीय बिजली के समय ऊँचे पेड़ों, बिजली के खंभों, धातु की वस्तुओं तथा खुले मैदानों से दूर रहें।
स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि वज्रपात के दौरान घर या सुरक्षित भवन के अंदर रहें तथा बिजली एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग से बचें। खिड़कियों, दरवाजों, धातु के पाइपों और पानी के संपर्क से भी दूरी बनाए रखें। यदि बाहर हों तो बिजली के तार, ऊँचे पेड़, पहाड़, टेलीफोन पोल और बड़ी मशीनों से दूर सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए जारी सुरक्षा निर्देशों का गंभीरता से पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
बरसात में बीमारियों से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी
मंडला, 3 जुलाई 2026
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने वर्षा ऋतु के दौरान जलजनित एवं वेक्टर जनित संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में दूषित पानी और गंदगी के कारण उल्टी-दस्त, पेचिश, टायफाइड, डायरिया, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया तथा फाइलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से केवल उबला या शुद्ध पेयजल पीने, ताजा एवं स्वच्छ भोजन करने, खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी है। भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने तथा स्वच्छ शौचालय का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया है।
एडवाइजरी में बताया गया है कि उल्टी-दस्त होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें, ओआरएस का घोल तथा पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें। वहीं मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के लिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर और टंकियों का पानी नियमित रूप से बदलें, शाम के समय दरवाजे-खिड़कियाँ बंद रखें तथा मच्छरदानी का उपयोग करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुँचकर चिकित्सकीय सलाह लें, ताकि समय पर उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सके।
जिले में 3 जुलाई को 20.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई
मंडला, 3 जुलाई 2026
जिले में इस वर्ष 1 जून से 3 जुलाई 2026 के दौरान 112.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 381.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 269.1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 जुलाई 2026 को मंडला में 42.8 मि.मी., नैनपुर में 15.8 मि.मी. एवं बिछिया में 21.1 मि.मी., निवास में 34.8 मि.मी. एवं घुघरी में 38.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 3 जुलाई 2026 को 20.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
