Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 17 मई 2022

20 के पहले करें अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक ली

 

मण्डला 17 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी आगामी 20 मई के पूर्व सीएम हेल्पलाईन की अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले की रैंकिंग को बेहतर करने के लिए शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी जिलाधिकारी आगामी 3 से 4 दिन प्राथमिकता के साथ सीएम हेल्पलाईन के लम्बित प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें। उन्होंने एल-1, एल-2 तथा अलग-अलग स्तरों पर लम्बित विभागवार शिकायतों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों से शिकायतों की प्रकृति एवं निराकरण के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसीईओ श्री मरावी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

पेयजल शिकायतों पर करें तत्काल रिस्पाँड

 

कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की सीएम हेल्पलाईन की आंकड़ेवार समीक्षा करते हुए कहा कि पेयजल, हेंडपंप सुधार सहित अन्य प्रकार की शिकायतों को गंभीरतापूर्व सुनें एवं उसका समय-सीमा में निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि पीएचई विभाग पेयजल शिकायतों के लिए जारी किए गए फोन एवं मोबाईल नंबर को सक्रिय रखें। जिले के किसी भी क्षेत्र से पेयजल समस्या, हेंडपंप सुधार की शिकायत आने पर तत्काल मैदानी अमले को सक्रिय करते हुए रिस्पाँड करें। कलेक्टर ने एईपीएचई को निर्देशित किया कि मैदानी स्तर पर तत्काल सहायता के लिए पीएचई के अमले एवं टीम को बढ़ाएँ। इस संबंध में जल्द कार्यवाही पूर्ण करें।

श्रीमती सिंह ने बैठक में उपार्जन के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को उपार्जन, सहकारिता सहित किसी भी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी संवेदनशीलता के साथ किसानों की समस्या सुनें एवं उसका निराकरण करें। कलेक्टर ने प्राकृतिक प्रकोप के संबंध में प्राप्त शिकायतों की जानकारी लेते हुए निराकरण की स्थिति जानी। उन्होंने आरसीएमएस पोर्टल के संबंध में भी जानकारी ली।

 

 

 

 

 

 

 

नवभारत साक्षरता कार्यक्रमप्रशासनिक से ज्यादा सामाजिक मुहिम – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने कार्यशाला को किया संबोधित

 

मण्डला 17 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 19 मई से जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए जा रहे ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम की कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कार्यशाला में कहा कि जिले को शतप्रतिशत साक्षर बनाने के लिए 19 मई से आयोजित होने वाला कार्यक्रम प्रशासनिक से ज्यादा एक सामाजिक मुहिम है। समाज के सभी वर्ग के लोग इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें तथा अपने परिवार, आसपास तथा गांव के लोगों को साक्षर बनाने का संकल्प लें। श्रीमती सिंह ने इस दौरान वॉलेंटियर्स, जन अभियान परिषद के सदस्य, एनजीओ, समाजसेवियों एवं संबंधितों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि हम सभी को अपने घर, पड़ोस, मोहल्ले तथा गांव के निरक्षर लोगों को ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम के तहत निरक्षरता के अंधकार से बाहर निकालने में सक्रिय सहयोग करना है। उन्होंने महिला ज्ञानालय के तहत गांव की पढ़ी-लिखी महिलाओं द्वारा निरक्षर महिलाओं को दिए जाने वाले अक्षरज्ञान कार्यक्रम के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

कलेक्टर ने कार्यशाला में कहा कि सभी वॉलेंटियर्स के निष्ठापूर्ण सहयोग से 30 जून तक जिले को साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति अपने क्षेत्र के नजदीकी माध्यमिक शाला में 19 मई से दोपहर 2 से 5 बजे तक जाकर निरक्षर लोगों को अक्षरज्ञान देकर सामाजिक परिवर्तन के इस पुनीत कार्य में सहयोग करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि पढ़े-लिखे लोग अपना ज्ञानदान करके लोगों की जिंदगी में रोशनी लाने का काम करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रत्येक पंचायत में निरक्षर लोगों को चिन्हित करने में साक्षरसाथी सहयोग करेंगे। इसी प्रकार आवश्यकता होने पर घर-घर जाकर भी वहां के पढ़े लिखे लोगों को जागरूक करके, उनके परिवारों के बुजुर्ग तथा आसपास के लोगों को भी साक्षर बनाने के लिए प्रेरित करें। श्रीमती सिंह ने बताया कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत मनरेगा की कार्य स्थलों वनग्रामों में भी साक्षर बनाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि साक्षरता के इस कार्यक्रम के लिए सभी विभागों की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले को 55 क्लस्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्लस्टर को साक्षर बनाने की जिम्मेदारी के लिए जिलाधिकारियों को नोडल भी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति संकल्प लें कि उनके आसपास का कोई भी व्यक्ति निरक्षर ना रहे।

 

अक्षरज्ञान-दान के लिए आगे आएं जिलेवासी

 

कलेक्टर ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए एवं उपस्थित सभी लोगों से अपील की है कि जिले को साक्षर बनाने के इस कार्यक्रम से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें। उन्होंने बताया कि साक्षरता का यह कार्यक्रम सामाजिक परिवर्तन का पुनीत कार्य है। पढ़ेलिखे लोग इस कार्य में निष्ठा भाव के साथ आगे आएं। श्रीमती सिंह ने बताया कि साक्षर बनाने में सहयोग करने वाले वॉलेंटियर्स, व्यक्तियों एवं संस्थाओं को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अक्षरज्ञान-दान देने के इच्छुक व्यक्तियों की हरसंभव मदद करेगा।

 

 

 

 

 

18 को रानी अवंती बाई स्कूल में ओरिएंटेशन कार्यक्रम

 

मण्डला 17 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में जिले को शतप्रतिशत साक्षर करने के उद्देश्य से ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत् कोई भी साक्षर व्यक्ति स्वेच्छा से अपने आसपास के माध्यमिक शाला में बनाए गए सामाजिक चेतना केन्द्र में जाकर ज्ञानदान कर सकता है। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले वॉलेंटियर्स, समाजसेवी, एनजीओ एवं संस्थाओं का 18 मई को प्रातः 11 बजे से अवंतीबाई स्कूल में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। ज्ञानदान के इच्छुक व्यक्ति 18 मई को ओरिएंटेशन कार्यक्रम में शामिल होकर ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 19 मई को कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देशानुसार 31 मई तक जिले की सभी पंचायतों में निरक्षरों को चिन्हित करने का कार्य भी सतत रूप से किया जाएगा। 30 जून तक जिले को शतप्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

 

मो.नं. 9685202081 पर दें कार्यक्रम से जुड़ने की जानकारी

 

’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम से जुड़कर ज्ञानदान करने के इच्छुक व्यक्ति, वॉलेंटियर्स, संस्था, एनजीओ या समाजसेवी मोबाईल नंबर 9685202081 पर संपर्क कर जानकारी दे सकते हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के साक्षर लोगों से अपील की है कि जिले को साक्षर बनाने के इस कार्यक्रम में संकल्पित होकर जुड़ें तथा अपने परिवार के बुजुर्ग, आस-पास के व्यक्ति, मोहल्ले तथा गांव के निरक्षर लोगों से मिलकर उन्हें अक्षरज्ञान के लिए प्रेरित कर उन्हें नाम लिखना, गिनती एवं आधारभूत ज्ञान सिखाएं।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर की सुनी 70 आवेदकों की समस्या

 

मण्डला 17 मई 2022

जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 70 आवेदकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं को संबंधित विभागों को निर्देशित कर समुचित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से संबंधित आवेदनों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में 70 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड एवं एसीईओ एसएस मरावी सहित संबंधित उपस्थित थे।

जनसुनवाई में ज्वालाजी वार्ड क्रमांक-19 निवासी महादेव कछवाहा ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिए निवेदन किया। जिस पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जेएसओ को जांच कर तत्काल राशन देने के निर्देश दिए। ग्राम माधोपुर निवासी आनंद शुक्ला ने प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में, ग्राम परसवाड़ा निवासी अनिल कुमार यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। आज संपन्न हुई जनसुनवाई में पेंशन सहायता, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार, मजदूरी भुगतान, स्वास्थ्य सहायता सहित अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समय सीमा में निराकरण करते हुये ऑनलाईन एंट्री भी सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक 21 को

 

मण्डला 17 मई 2022

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास विभाग नई दिल्ली राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते एवं संसद सदस्य की अध्यक्षता में 21 मई 2022 दिन शनिवार को 11 बजे से कार्यालय जिला योजना एवं सांख्यिकी मण्डला के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक में योजनाओं, कार्यक्रमों के अंतर्गत जिले को प्राप्त आवंटन एवं व्यय की मदवार समीक्षा की जायेगी। पिछली बैठक की कार्यवाही विवरण का पालन प्रतिवेदन, वन विभाग की संचालित योजनाएं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग द्वारा संचालित योजनाएं, ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत अमृत सरोवर की समीक्षा की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

उद्योगपतियों एवं पदाधिकारियों की बैठक 18 मई को

 

मण्डला 17 मई 2022

महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि 18 मई दिन बुधवार को सायं 4:30 बजे योजना भवन में उद्योगपतियों एवं पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई है। कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में मिशन दिव्यांग उत्कर्ष के संबंध में जिले के उद्योगपतियों एवं पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में संबंधितों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक हुआ 420713.99 क्विंटल गेहूं का खरीद

 

मण्डला 17 मई 2022

रबी विपणन वर्ष 2022-23 के लिए जिले में गेहूं विक्रय के लिए 53 केन्द्र बनाये गए हैं। इन केन्द्रों पर 15486 कृषकों द्वारा स्लॉट बुकिंग कराया गया है एवं जिन कृषकों के द्वारा स्लॉट बुकिंग नहीं कराया गया था, इन कृषकों में से शासन स्तर से 5433 कृषकों को गेहूं विक्रय हेतु एस.एम.एस. भेजे गए हैं। इनमें से 10007 कृषकों के द्वारा जिले के उपार्जन केन्द्रों में 420713.99 क्विंटल गेहूं की उपज का विक्रय किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी कृषकों से अनुरोध किया है कि कृषक उपार्जन केन्द्र में उपार्जन साफ-सुथरी एवं एफ.ए.क्यू. मापदण्ड के अनुरूप तैयार करके ही लाएं।

 

 

 

नगरपालिका परिसर में आयोजित हुआ मिशन नगरोदय कार्यक्रम

हितग्राहियों को हितलाभ वितरण, सीएम श्री चौहान का हुआ सजीव संबोधन

 

मण्डला 17 मई 2022

प्रदेश के नगरों के विकास के लिए प्रदेश के साथ-साथ जिले की सभी नगरीय निकायों में मिशन नगरोदय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय के नगरपालिका परिसर में मिशन नगरोदय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नगरीय निकायों के हितग्राहियों को सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का हितलाभ वितरण किया गया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जुड़ें। उन्होंने सजीव संबोधन के माध्यम से बताया कि नगरीय विकास के कार्यों के लिए मिशन नगरोदय के तहत 21 हजार करोड़ रूपए की राशि का वितरण किया जा रहा है। इसी प्रकार उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) – 2.0 के लिए सिंगल क्लिक के माध्यम से 4913 करोड़ रूपए स्वीकृत किए। इसी प्रकार श्री चौहान ने अमृत योजना के द्वितीय चरण के लिए 12 हजार 858 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की। कार्यक्रम में नगरीय विकास से जुड़ी पेयजल, स्मार्ट सिटी, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाईट एवं अलग-अलग योजनाओं के लिए भी राशि वितरण तथा वर्चुअली लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। मिशन नगरोदय के तहत प्रदेश के कुल 413 शहरों को राशि का वितरण किया जाएगा।

 

सभी नगरीय निकायों में भव्यता से हुए कार्यक्रम

 

मिशन नगरोदय के तहत मंडला जिले की सभी नगरीय निकायों में मिशन नगरोदय के तहत भव्यता के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में निकायों द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास (शहरी), शहरी पथ विक्रेता योजना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को मंच से हितलाभ वितरण किया गया। मिशन नगरोदय के तहत आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। जिला मुख्यालय के कार्यक्रम में विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, नगरपालिका अधिकारी गजानन नाफड़े, स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, संबंधित अधिकारी एवं हितग्राही उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

स्वयं का रोजगार स्थापित करने मोहगांव शिविर में हुए 75 पंजीयन

18 को मवई में लगेगा खण्ड स्तरीय जागरूकता शिविर

 

मण्डला 17 मई 2022

मोहगांव जनपद पंचायत के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.एस. कुशवाह एवं बैंक अधिकारी राजकुमार यादव, रजनी यादव सहायक विकास खण्ड प्रबंधक एन.आर.एल.एम. जितेन्द्र काटीया एवं सिकन्द अली की उपस्थिति में मुख्यमंत्री उद्यमी कांति योजना, स्वरोजगार योजना का जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सहायक प्रबधंक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र अनिल दुबे एवं जिला समन्वय उद्यमिता विकास एस.के. शर्मा द्वारा मोहगांव के बेरोजगार 75 युवक-युवतियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने हेतु पंजीयन कर उचित मार्गदर्शन प्रदाय किया गया। स्वरोजगार योजना का जागरूकता शिविर में बेरोजगार युवक-युवतियों को अनिल दुबे ने म.प्र. शासन की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना अंतर्गत स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए 50 लाख तक ऋण एवं सेवा क्षेत्र एवं व्यवसाय हेतु 25 लाख तक ऋण ले सकते हैं। योजनार्तगत 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान सी.जी.टी.एम.एस.ई. अतर्गत बैंक गारंटी का प्रावधान है। 18 मई 2022 को मवई में खण्ड स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इच्छुक युवक, युवतियां शिविर में उपस्थित होकर शासन की गोजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

नैनपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध मदिरा जब्त कर किया गया नष्ट

10 न्यायालयीन प्रकरण किए गए पंजीबद्ध

 

मण्डला 17 मई 2022

जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन, विक्रय एवं निर्माण के रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नैनपुर के लालबर्रा, इमलीखेड़ा में सहायक जिला आबकारी अधिकारी परमानंद कोरचे के नेतृत्व में कुल 1225 किलोग्राम महुआ लाहन, 65 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, विदेशी मदिरा में 40 पाव, मैकडॉवेल व्हिस्की 17 पाव, इंपीरियल ब्लू 2 बोटल, रॉयल चैलेंज 23 पाव देशी मदिरा जब्त किया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार 10 न्यायालयीन प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क एवं च के पंजीबद्ध किये गये हैं। मौके पर महुआ लाहन का सैंपल लेकर नष्ट किया गया। जब्त किये गये लहान तथा मदिरा की अनुमानित राशि लगभग 87 हजार रूपये है। उपरोक्त कार्यवाही के दौरान आबकारी मुख्य आरक्षक एवं आरक्षक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

नैनपुर में आयोजित हुआ मिशन नगरोदय कार्यक्रम

 

मण्डला 17 मई 2022

नैनपुर नगरपालिका प्रागंण में मुख्यमंत्री द्वारा मिशन नगरोदय कार्यक्रम के तहत प्रदेश में नगरीय विकास एवं आवास विभाग की विभिन्न योजनाओं का भूमिपूजन, लोकार्पण, राशि वितरण एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 व अमृत 2.0 के शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी के साथ मध्यान्ह भोजन योजना अंतर्गत प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के तहत प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के छात्र, छात्राओं को नगरीय क्षेत्र में निःशुल्क मूंगमय बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रथम में नगरपालिका अध्यक्ष नरेश चंद्रौल द्वारा सरस्वती व भारतमाता के छायाचित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम आरंभ किया गया।

इसी क्रम में अध्यक्ष एवं पार्षदगणों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 16 हितग्राहियों के आवासों का भूमिपूजन व 8 हितग्राहियों के आवासों का गृहप्रवेश कराया गया। कार्यक्रम स्थल में हितग्राही की सुविधा के लिये विशेष रूप से आधार पंजीयन केन्द्र, पीएम स्वनिधि योजनांतर्गत बैंकर्स का कॉउन्टर, आयुष्मान पंजीयन केन्द्र स्थापित कर हितलाभ दिया गया। कार्यक्रम में 135 पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों को सम्मान पत्र भी वितरित किया गया। साथ ही प्राथमिक, माध्यमिक शालाओं के 10 छात्रों को मूंगदाल के बैग वितरित किये गये। कार्यक्रम में अध्यक्ष नरेश चंद्रौल, पार्षद सुभाष सेन, संगीता लारेश्वर, जिला पंचायत सदस्य भगवती श्रीधर, अंजनी तिवारी, राकेश रजक, राजाराम शर्मा, दिनेश रजक, गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी एवं लगभग 300 नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts

संकल्प से समाधान अभियान के जिला स्तरीय शिविर का आयोजन 26 मार्च को ग्राम पीपरपानी में आयोजित होगा जिला स्तरीय शिविर

Reva India News

किसान बुवाई से पहले बीज का उपचार जरूर करें

Reva India News

एसडीएम ने किया गणना पत्रक वितरण कार्य का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment