Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 7 अगस्त 2026

4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला, 7 अगस्त 2026

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला ने सर्पदंश से हुई मृत्यु के मामले में मृतक के निकटतम वारसान को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, ग्राम लिंगामाल, तहसील एवं जिला मंडला निवासी हल्केराम यादव की 18 जुलाई 2026 को सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। तहसीलदार मंडला द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन एवं राजस्व विभाग के प्रावधानों के परीक्षण के उपरांत एसडीएम न्यायालय ने मध्यप्रदेश शासन के नियमानुसार मृतक की पत्नी श्रीमती मंगाबाई यादव को प्राकृतिक आपदा राहत मद से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

 

 

 

 

 

 

 

 

पुलिस युवा सृजन संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ, छात्राओं को किया जागरूक

 

मंडला, 7 अगस्त 2026

मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त नवाचार ’जन सुरक्षा-युवा सृजन’ संवाद कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को थाना महाराजपुर अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महाराजपुर में कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने छात्राओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छात्र जीवन भविष्य निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने, शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने तथा अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली, नागरिकों के प्रति पुलिस की जिम्मेदारियों और कानून के पालन में आमजन की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान ’मैं, मेरे अधिकार और मेरी जिम्मेदारियाँ’ तथा ’कानून, सुरक्षा एवं न्याय’ विषयों पर संवाद आयोजित किया गया। इसके बाद छात्राओं को थाना महाराजपुर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें थाना परिसर, शिकायत पंजीयन एवं निराकरण प्रक्रिया, पुलिस सेवाओं तथा डायल-112 आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। इस अवसर पर एसडीओपी मंडला श्री पीयूष मिश्रा, डीएसपी महिला सुरक्षा श्री सतीश चतुर्वेदी, थाना प्रभारी महाराजपुर निरीक्षक जयसिंह यादव, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

1200 किलो महुआ लाहन नष्ट, 45 लीटर कच्ची शराब जब्त

 

मंडला, 7 अगस्त 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शैली शैयाम के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मुर्गाटोला में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण के तीन अड्डों का भंडाफोड़ किया गया।

आबकारी बल ने मौके से लगभग 120 डिब्बों में भरा 1200 किलो महुआ लाहन तथा 45 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद कर जब्त की। विभागीय टीम को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। जब्त किए गए 1200 किलो महुआ लाहन को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया। आबकारी अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त लाहन एवं कच्ची शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 26 हजार 750 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्री सर्वेश नागवंशी, श्री सचिन मंडलोई, श्री हरेसिंह उइके, श्री दुर्जन कुलेश, प्रधान आरक्षक श्री विजय कमलेश, आरक्षक श्री सत्यपाल मरावी, श्रीमती शकुंतला सैयाम, श्री रघुनाथ उइके, श्री महेश पटेल, श्री नेतराम काकोटिया एवं श्री बिहारी साहू सहित आबकारी विभाग का अमला मौजूद रहा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मंडला जिले के सभी ब्लॉकों में वित्तीय साक्षरता अभियान

सुकन्या समृद्धि योजना पर दिया गया विशेष जोर

 

मंडला, 7 अगस्त 2026

भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया अग्रणी बैंक, मंडला के सहयोग से समर्पित संस्था सीएफएल मंडला द्वारा जिले के सभी विकासखंडों में व्यापक वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं, बचत और वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना की विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को प्रेरित किया गया कि वे 10 वर्ष तक की आयु की बेटियों के नाम से निकटतम बैंक या डाकघर में सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर उनकी शिक्षा और भविष्य के लिए सुरक्षित बचत सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

मोहगाँव के विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण

प्रोजेक्ट संकल्प को लेकर छात्रों में दिखा उत्साह

 

मंडला, 7 अगस्त 2026

जिला प्रशासन के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े एवं सहायक परियोजना समन्वयक श्री मुकेश पाण्डेय ने मोहगांव क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों एवं छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र हितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा प्रोजेक्ट संकल्प की प्रगति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण दल ने मॉडल स्कूल मोहगांव, कन्या हाई स्कूल मोहगांव, उत्कृष्ट विद्यालय मोहगांव तथा कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का भ्रमण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से चर्चा की। अधिकारियों ने आगामी तिमाही परीक्षा की तैयारियों, विद्यार्थियों की अध्ययन प्रगति, अपार आईडी निर्माण, पाठ्यपुस्तकों के वितरण, साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति स्वीकृति तथा सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान जिला प्रशासन के नवाचार प्रोजेक्ट संकल्प को लेकर छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने परियोजना के अंतर्गत संचालित शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और बेहतर परिणाम हासिल करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

 

 

 

 

 

 

 

थाना मोहगांव और चौकी लिंगापौंड़ी का एसपी ने किया औचक निरीक्षण

 

मंडला, 7 अगस्त 2026

पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी ने शुक्रवार को थाना मोहगांव एवं चौकी लिंगा पौड़ी का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस शाखा, रिकॉर्ड कक्ष, थाना परिसर, आवासीय परिसर तथा चौकी के अभिलेखों का निरीक्षण कर उनके संधारण एवं रखरखाव का जायजा लिया। उन्होंने लंबित अपराधों की विवेचना, वारंट एवं समंस की तामील, गुमशुदगी के मामलों तथा महिला एवं बाल अपराधों की समीक्षा करते हुए प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

श्री रघुवंशी ने आगंतुकों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने, शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही बीट व्यवस्था को मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सामुदायिक पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एसडीओपी निवास श्री पी.एस. वालरे, थाना प्रभारी मोहगांव निरीक्षक श्री वेदराम हानोते सहित थाना एवं चौकी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Related posts

पशुधन संजीवनी योजनांतर्गत शुल्क निर्धारित  

Reva India News

नारायणगंज में समावेशी शिक्षा पर 5 दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न, 185 शिक्षकों को मिला विशेष ज्ञान दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 25 दिसम्बर 2023

Reva India News

Leave a Comment