जनता को स्वास्थ्य सेवाएं देना हमारी जिम्मेदारी- कलेक्टर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: मोहगांव और रयगांव स्वास्थ्य केन्द्रों का किया निरीक्षण
मंडला, 7 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मोहगांव भ्रमण पर पहुंचे कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए ग्राम रयगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और मोहगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गर्भवती महिलाओं की निगरानी और एएनसी पर जोर
रयगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में मौजूद सीएचओ एवं एएनएम से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने ग्राम की गर्भवती महिलाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं का समय-सीमा में एएनसी चेकअप सुनिश्चित किया जाए, उन्हें संतुलित आहार के लिए डाइट चार्ट उपलब्ध कराया जाए। विशेष रूप से जिन 3 गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन 11 से कम पाया गया है, उनकी नियमित मॉनिटरिंग कर उन्हें पोषण आहार एवं दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहगांव में व्यवस्थाओं की जांच, गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
इसके बाद कलेक्टर श्री धोटे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहगांव में पंजीयन कक्ष, ओपीडी, जनरल वार्ड, किचन, लैब एवं स्टोर का बारीकी से निरीक्षण किया। जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया। मरीजों से मिली शिकायतों के बाद उन्होंने सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहन्ती एवं बीएमओ को निर्देशित किया कि मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में तत्काल सुधार किया जाए और वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था पुख्ता की जाए।
स्टोर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए तथा स्टोर का रिकॉर्ड ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन रजिस्टर में भी विधिवत संधारित किया जाए, ताकि किसी भी समय जांच में पारदर्शिता बनी रहे। कलेक्टर ने कहा कि जिले के अधिकांश लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए शासकीय अस्पतालों पर निर्भर हैं, इसलिए हमारा दायित्व और भी बढ़ जाता है। किसी भी मरीज को समय पर इलाज और सम्मानजनक व्यवहार मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहन्ती, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री धोटे ने की पीडीएस दुकान की जाँच, 91 प्रतिशत वितरण पर जताई नाराजगी
15 सितम्बर तक सभी दुकानों में कार्डधारकों का पूरा ट्रेक रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश
मंडला, 7 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मोहगांव भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने मोहगांव रैयत की पीडीएस दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जुलाई माह में हुए राशन वितरण की प्रगति की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री धोटे ने सेल्सपर्सन से प्राप्त जानकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि दुकान में केवल 91 प्रतिशत वितरण हुआ है, जो अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि दुकान में सभी 645 कार्डधारकों का पूरा ट्रेक रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इस रिकॉर्ड में यह स्पष्ट दर्ज हो कि कौन-कौन से परिवार लगातार महीनों से राशन नहीं ले रहे हैं, ताकि पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाया जा सके।
15 सितम्बर तक सभी दुकानों में रजिस्टर संधारित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री धोटे ने जिला खाद्य अधिकारी डीएसओ को निर्देशित किया कि जिले की सभी पीडीएस दुकानों में इसी प्रकार का रजिस्टर संधारित कराया जाए। उन्होंने कहा कि 15 सितम्बर तक प्रत्येक पीडीएस दुकान पर यह व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए और सितम्बर माह के वितरण का पूरा रिकॉर्ड दर्ज किया जाए। इससे यह निगरानी हो सकेगी कि कौन से कार्डधारक लगातार राशन नहीं ले रहे हैं और उनके पीछे के कारणों का पता लगाकर निराकरण किया जा सके। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली पारदर्शी और जवाबदेहीपूर्ण होनी चाहिए। किसी भी पात्र परिवार को राशन से वंचित न रखा जाए। समय-समय पर दुकानों का निरीक्षण कर वितरण की गुणवत्ता और मात्रा सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन, डीएसओ, जेएसओ सहित मोहगांव रैयत की सरपंच एवं सेल्सपर्सन उपस्थित रहे।
अपने प्रदेश को जानें, अपनी धरोहर को पहचानें, विद्यार्थियों के लिए स्वर्णिम अवसर- मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके
कैबिनेट मंत्री ने किया मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ
मंडला, 7 अगस्त 2026
मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, इतिहास और पर्यटन स्थलों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने किया।
मंत्री ने कहा-पर्यटन से बढ़ेगा गर्व और रोजगार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि अपने प्रदेश को जानें, अपनी धरोहर को पहचानें इसी भावना के साथ यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। यह विद्यार्थियों के लिए स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को भारत का हृदय कहा जाता है और यहां के किले, मंदिर, राष्ट्रीय उद्यान और आदिवासी संस्कृति पूरे देश में अद्वितीय हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल किताबों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड पर जाकर अपने प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देखें और समझें। जब हम अपने इतिहास और प्रकृति को जानेंगे, तभी हम उसके संरक्षण के लिए आगे आएंगे। ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाती हैं, बल्कि उनमें अपने प्रदेश के प्रति गर्व की भावना भी विकसित करती हैं। इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। श्रीमती उईके ने शिक्षा विभाग और पर्यटन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिले से अधिक से अधिक टीमें राज्य स्तर तक पहुंचें, इसके लिए स्कूलों में विशेष तैयारी कराई जाए।
2016 से हो रही है प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन
यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित की जाती है। इसकी शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी। इसके मुख्य सूत्रधार श्री हरिरंजन राव, आईएएस थे, जिनकी प्रारंभिक शिक्षा मंडला में हुई। जब वे पर्यटन बोर्ड में कार्यरत थे, तब उन्होंने इस प्रतियोगिता की नींव रखी थी। गौरव की बात है कि इसके राज्य स्तरीय प्रथम आयोजन में विजेता टीम मंडला जिले की ही रही थी।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य
इस क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश के समृद्ध इतिहास और प्राचीन सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। साथ ही प्रदेश के वन्यजीवों, राष्ट्रीय उद्यानों और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के प्रति ज्ञान बढ़ाना, पर्यटन को बढ़ावा देना और हम सभी में अपने प्रदेश के प्रति गर्व की भावना विकसित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
पात्रता एवं चयन प्रक्रिया
यह प्रतियोगिता कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए आयोजित की जाती है। इसमें प्रत्येक विद्यालय से 3 छात्रों की एक टीम नामांकित होती है। पंजीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से बेहद आसान कर दी गई है।
चयन प्रक्रिया दो स्तरों में पूरी होगी
पहला राउंड लिखित परीक्षा के रूप में होगा, जिसमें सभी नामांकित टीमें भाग लेंगी। लिखित परीक्षा के आधार पर शीर्ष 6 टीमों का चयन कर दूसरे राउंड के लिए बुलाया जाएगा। दूसरा राउंड मल्टीमीडिया क्विज होगा जो कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर ऑडियो-वीडियो आधारित रोमांचक राउंड रहेगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम भोपाल में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करेगी।
विजेताओं को मिलेगा आकर्षक पैकेज
विजेता और उपविजेता टीमों के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से निःशुल्क पर्यटन टूर पैकेज की घोषणा की गई है। टूरिज्म डिपार्टमेंट द्वारा 3 दिनों तक मध्यप्रदेश के खूबसूरत पर्यटन स्थलों को घुमाने की पूरी व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा विजेता टीमों को आकर्षक गिफ्ट कूपन और कई अन्य उपहार भी प्रदान किए जाएंगे। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रदेश को करीब से जानने का एक स्वर्णिम अवसर है।
कलेक्टर ने किया पशु औषधालय उमरडीह का निरीक्षण
पशुपालकों की बैठक कर शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश
मंडला, 7 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मोहगांव भ्रमण पर पहुंचे कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने ग्राम उमरडीह स्थित पशु औषधालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशुपालन विभाग के एवीएफओ से ग्राम एवं आसपास के क्षेत्रों में पशुओं की संख्या, टीकाकरण की स्थिति और मौसमी बीमारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
पशुपालकों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
कलेक्टर श्री धोटे ने एवीएफओ को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर पशुपालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाए। उन्होंने विशेष रूप से हिरण्यगर्भा योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना और दुग्ध समृद्धि के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में पशुपालकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम में नस्ल सुधार कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। इसके लिए उन्नत नस्ल के पशुओं, कृत्रिम गर्भाधान और पशु आहार प्रबंधन के महत्व के बारे में किसानों को जागरूक किया जाए, ताकि पशुपालन को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सके।
पशुपालक के घर पहुंचकर ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे एक पशुपालक के घर भी पहुंचे। वहां उन्होंने उपलब्ध पशुधन, दूध उत्पादन और परंपरागत पशुपालन की विधियों की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालक को शासन की योजनाओं से जुड़कर अनुदान एवं अन्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैदानी स्तर पर नियमित भ्रमण कर पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि पशुधन को बीमारियों से बचाया जा सके।
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन सहित पशुपालन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध
मंडला, 7 अगस्त 2026
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री राहुल नामदेव धोटे ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर मंडला नगर पालिका क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को विनियमित किया है। यह आदेश सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों तथा ध्वनि प्रदूषण विनियमन एवं नियंत्रण नियम, 2000 के प्रावधानों के अनुरूप जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार मंडला नगर पालिका क्षेत्र में रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं दिन एवं रात्रि के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के लिए निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा। औद्योगिक, वाणिज्यिक, आवासीय तथा साइलेंस जोन के लिए ध्वनि मानक नियमानुसार प्रभावी रहेंगे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं तहसीलदार/कार्यपालिक दण्डाधिकारी स्थानीय परिस्थितियों एवं जनआवश्यकताओं के अनुसार अपने-अपने क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की निगरानी सुनिश्चित करेंगे। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 सहित अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
