संवाद योजना अंतर्गत प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम संपन्न
मंडला, 31 जुलाई 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के द्वारा जनपद पंचायत मंडला के सभागार में चयनित नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की एक दिवसीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती पूजन से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सोनू भलावी एवं विशिष्ट अतिथि स्वदेशी जागरण मंच के प्रांतीय प्रमुख श्री विनायक राव तांबे उपस्थित रहे।
अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री भलावी ने कहा कि जन अभियान परिषद शासन और समाज के बीच सेतु है और प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा रही हैं। श्री तांबे ने स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ का आह्वान करते हुए स्थानीय उत्पादों के उपयोग पर बल दिया। जिला समन्वयक श्री सुशील बर्मन ने समितियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए बोर्ड पोर्टल में अपलोडिंग और बैठक पंजी, कैशबुक, बिल वाउचर जैसे दस्तावेजों के रखरखाव की जानकारी दी। कार्यशाला में सदस्यों ने अनुभव साझा किए और नशा से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दिवारा हाईस्कूल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मंडला, 31 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में शासकीय हाईस्कूल दिवारा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने छात्र-छात्राओं को जेंडर समानता, लिंगानुपात, पीसीपीएनडीटी एक्ट, कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भू्रण लिंग जांच और लिंग चयन आधारित गर्भपात कानूनन अपराध है तथा समाज में बेटी और बेटे को समान सम्मान देना आवश्यक है।
सत्र के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य प्रबंधन, वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं एवं महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस हेल्पलाइन 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बिना सहमति निजी तस्वीरों के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीएलवी श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने बच्चों के अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट तथा टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सूर्यांश साहू ने प्रथम, प्रतीक्षा हरदहा ने द्वितीय तथा आदित्य साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री मुरारी लाल लहांगरे, शिक्षकगण, वन स्टॉप सेंटर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों सहित विद्यालय का स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नवोदय विद्यालय कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा-2027 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
मंडला, 31 जुलाई 2026
जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 अगस्त 2026 कर दी गई है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 7 अगस्त 2026 तक नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन https://navodaya.gov.in के माध्यम से किए जा सकते हैं।
