मंडला, 3 सितम्बर 2026
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा गठित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति प्रेमपुर के तत्वावधान में ग्राम पंचायत भंवरदा के पोषक ग्राम प्रेमपुर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री सुशील बर्मन ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारी पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। ये हमें जीने के लिए शुद्ध ऑक्सीजन देते हैं, हवा को साफ रखते हैं, और बारिश लाने में मदद करते हैं। इनके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। विकासखण्ड समन्वयक श्री संतोष कुमार झारिया ने पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की समस्त प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। इस दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति प्रेमपुर की अध्यक्ष श्रीमती आरती रजक सहित अन्य ग्रामीणजनों की उपस्थिति रही।

