Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सेवा संकल्प अभियान की जिला बैठक आयोजित: 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित होंगे कार्यक्रम,  भाजपा करेगी मोदी जी का आभार

                          मण्डला (06 सितंबर 2026)। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व, सेवा, सुशासन और समर्पण के ऐतिहासिक 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। “जन सेवा ही प्रभु सेवा” के पावन ध्येय वाक्य के साथ आयोजित होने वाले इस एक माह के राष्ट्रव्यापी महा-अभियान के सफल क्रियान्वयन, बूथ स्तर तक रणनीतियों के निर्धारण और जिले में शत-प्रतिशत जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक संपन्न हुई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मंचासीन अतिथियों द्वारा देश के गौरव और संगठन के प्रेरणापुंज डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के तैल चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्ण गरिमा के साथ ‘वंदे मातरम’ गीत का सामूहिक गायन किया गया।
बैठक के दौरान मंच पर  सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते,कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, जिला प्रभारी श्री रमेश भटेरे , जिलाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा, एवं कार्यक्रम संयोजक श्री नरेश चंद्रोल महामंत्री श्री संतोष रजक,पंडित सिंह धुर्वे , जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, अजजा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री नीरज मरकाम तथा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री श्रीमती शशि पटेल उपस्थित रहे

कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अंतिम छोर के व्यक्ति के कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में चलाई जा रही राज्य सरकार की योजनाएं आज हर परिवार का संबल बनी हैं। इस अभियान के दौरान हमें शासन और संगठन के बेहतर समन्वय से राज्य सरकार की इन सभी उपलब्धियों और कल्याणकारी नीतियों को हर घर तक पहुंचाना है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, पोषण ट्रैकर, मातृ वंदना योजना और मिशन इंद्रधनुष जैसी दूरगामी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन नीतियों ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में अभूतपूर्व और सकारात्मक बदलाव लाया है। सांसद श्री कुलस्ते ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की इन ऐतिहासिक उपलब्धियों और ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को जिले के प्रत्येक नागरिक के मन में स्थापित करने के लिए जुट जाएं।

जिला प्रभारी रमेश भटेरे ने  संबोधित करते हुए संकल्प अभियान के सुचारू और सफल क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक संगठनात्मक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रबंधन और समय-सीमा पर जोर देते हुए कहा कि यह अभियान प्रत्येक जिले और मंडल स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। इसके क्रियान्वयन के लिए हर स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की जा रही है, जो कार्यक्रमों की नियमित प्रगति रिपोर्ट केंद्रीय कार्यालय को भेजेंगे। श्री भटेरे ने कहा कि सभी स्थानीय कार्यक्रमों की रूपरेखा को बिल्कुल सरल, स्पष्ट और व्यवस्थित रखा जाए ताकि अंतिम छोर पर तैनात कार्यकर्ताओं को इसे लागू करने में आसानी हो और जनता की भागीदारी शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जा सके।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा ने संगठनात्मक तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रभारियों और शक्ति केंद्र संयोजकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन की असली ताकत हमारे बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। ‘हर शक्ति केंद्र 10 रील’ अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क कर उनके अनुभवों का डिजिटल डाटा-बैंक तैयार किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता को अपने आवंटित बूथ पर सक्रिय रहकर शासन और संगठन के इस साझा प्रयास को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाना है।
कार्यक्रम के संयोजक श्री नरेश चंद्रोल ने केंद्रीय प्रपत्र के अनुसार अभियान की विस्तृत कार्ययोजना सामने रखी। श्री चंद्रोल ने बताया कि 17 सितंबर की संध्या को जिले के हर बूथ पर प्रत्येक परिवार के सहयोग से ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर महाअभियान का शंखनाद किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे एक माह की अवधि के दौरान कुल 13 प्रमुख कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। इनमें स्कूलों में राष्ट्रव्यापी ड्राइंग व भाषण प्रतियोगिता (सेवा चित्र), गांव-गांव में संगीतमय नाट्य प्रस्तुति (सेवा स्मरण), आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष मातृ संवाद कार्यक्रम (आंगन का मिलन), और प्रत्येक क्षेत्र से मशाल रथ के साथ भव्य ‘सेवा ज्योति यात्रा’ जैसे बड़े जनभागीदारी के कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ आयोजित किए जाएंगे।

दिवंगत वरिष्ठ सदस्यों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
सांगठनिक चर्चा और कार्ययोजना की समीक्षा के उपरांत, बैठक में भाजपा परिवार के उन समर्पित और निष्ठावान वरिष्ठ स्तंभों को याद किया गया, जो हाल ही में दिवंगत हुए हैं। बैठक में उपस्थित कैबिनेट मंत्री, सांसद, जिलाध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्व. श्री वजीर अरोरा, स्व. श्री राजेंद्र यादव, स्व. श्री प्रभात झा, स्व. श्री गोवर्धन सचदेवा एवं स्व. श्रीमती अंजली मिश्रा जी के पार्टी संगठन और समाज के प्रति किए गए अमूल्य व अविस्मरणीय योगदान का सादर स्मरण किया। समस्त भाजपा परिवार ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस महत्वपूर्ण बैठक का  मंच संचालन जिला पदाधिकारी श्री संतोष रजक द्वारा किया गया एवं  आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री श्री पंडित सिंह धुर्वे ने व्यक्त किया।

Related posts

कमिश्नर वीसी आज शाम 5 बजे

Reva India News

रोजगार मेला का आयोजन 25 सितंबर को टाउनहॉल मंडला में होगा

Reva India News

रतलाम में रीजनल इण्डस्ट्री, स्किल एण्ड एम्प्लॉयमेंट कॉनक्लेव का आयोजन 27 को उद्योगपतियों एवं स्वरोजगार मूलक योजना अंतर्गत हितग्राहियों से वर्चुअल संवाद करेंगे मुख्यमंत्री

Reva India News

Leave a Comment