मंडला, 11 अक्टूबर 2026। कान्हा टाइगर रिजर्व, मंडला में मध्यप्रदेश से विलुप्त हो चुके जंगली भैंसा (Wild Water Buffalo) को पुनः स्थापित करने के उद्देश्य से संचालित महत्वाकांक्षी पुनर्स्थापना परियोजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ आज माननीय मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव के करकमलों से किया गया।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत जंगली भैंसा के पुनर्स्थापन के लिए कान्हा टाइगर रिजर्व के सुपखार क्षेत्र का चयन किया गया है। परियोजना के तहत 28 अप्रैल एवं 09 मई 2026 को असम से कुल 08 जंगली भैंसों को लगभग 2,200 किलोमीटर की सड़क यात्रा के माध्यम से सुरक्षित रूप से कान्हा टाइगर रिजर्व लाया गया था।
परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ 28 अप्रैल 2026 को माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया था।
परियोजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत आज सभी 08 जंगली भैंसों को बड़े बाड़े में स्थानांतरित किया गया। यह पहल जंगली भैंसों के अनुकूलन, संरक्षण एवं मध्यप्रदेश में उनकी आबादी को पुनः स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
परिवहन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने असम के काजीरंगा क्षेत्र से जंगली भैंसों को सुरक्षित रूप से मध्यप्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व अंतर्गत सुपखार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले परिवहन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस दौरान दल के प्रत्येक सदस्य को ₹10,000 की राशि का चेक प्रदान किया गया। यह सम्मान वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, समर्पण एवं योगदान के प्रति सराहना का प्रतीक है।
वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के वन विभाग के प्रमुख सचिव श्री राघवेंद्र सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री शुभरंजन सेन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) डॉ. समीता राजौरा, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम, बालाघाट के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री विनीत जैन, क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व श्री रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, उप संचालक श्री प्रकाश कुमार वर्मा, पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कांवरे तथा जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनुपमा नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कान्हा टाइगर रिजर्व के समस्त सहायक संचालक, परिक्षेत्र अधिकारी एवं वन विभाग का स्थानीय अमला भी उपस्थित रहा।
कान्हा टाइगर रिजर्व में संचालित जंगली भैंसा पुनर्स्थापना परियोजना जैव विविधता संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन की बहाली तथा प्रदेश की प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस परियोजना के माध्यम से जंगली भैंसा के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास विकसित करने तथा भविष्य में मध्यप्रदेश में इसकी स्थायी आबादी स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
