मंडला, 15 अक्टूबर 2026
कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में गुरुवार को नगर पालिका क्षेत्रों के प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) संबंधी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे द्वारा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्रीमती सोनल सिडाम ने बताया कि सर्वे उपरांत योजना अंतर्गत चार चरणों में कुल 180 आवेदन प्राप्त हुए थे। समिति द्वारा नियमानुसार सभी आवेदनों की स्क्रूटनी एवं परीक्षण किया गया है। परीक्षण उपरांत 56 आवेदकों को पात्र पाया गया, जबकि दस्तावेजों की कमी, अपात्रता की शर्तों एवं अन्य तकनीकी कारणों से 124 आवेदक अपात्र पाए गए।

कलेक्टर श्री धोटे ने पात्र हितग्राहियों की सूची को नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही हेतु संबंधित निकाय को प्रेषित करने के निर्देश दिए। साथ ही अपात्र आवेदकों को कारण सहित अवगत कराने एवं पात्रता की शर्तों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही योजना का लाभ ले सकें। बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

