**मंडला।** आदर्श शिक्षक संघ जिला शाखा मंडला के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मंत्री श्रीमती संपतिया उइके से मुलाकात कर शिक्षकों की वरिष्ठता संबंधी समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता निर्धारित किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
इस अवसर पर आदर्श शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष श्याम बैरागी, जिला कोषाध्यक्ष इजाज अली, मंडला ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र परते, वरिष्ठ साथी नंदकिशोर कटारे, सरजीत ठाकुर, योगेन्द्र ठाकुर सहित जिले के जागरूक गुरुजी एवं शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री महोदया के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। बैठक के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई।
मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस समस्या के निराकरण के संबंध में शीघ्र ही माननीय स्कूल शिक्षा मंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा।
आदर्श शिक्षक संघ को उम्मीद है कि इस पहल से शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही वरिष्ठता संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में सार्थक कदम उठाया जा सकेगा। साथ ही, संघ ने मंडला की पावन धरा पर प्रांतीय स्तर का बड़ा आयोजन करने की संभावना भी व्यक्त की है। इस पहल को सफल बनाने के लिए शिक्षक प्रतिनिधियों ने सभी से सहयोग और शुभकामनाओं की अपील की है।
