मंडला। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, मंडला में आगामी 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले “लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ अभियान” को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों तथा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक अभियान के उद्देश्यों को पहुंचाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के तैलचित्रों पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री राजेश जैन ने किया।
बैठक में मुख्य रूप से मंडला लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा एवं जिला उपाध्यक्ष श्री राजेश जैन ने अभियान की आवश्यकता, उद्देश्यों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी बनाने और संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अभियान के अंतर्गत जिले में प्रेस कॉन्फ्रेंस, “लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ” पदयात्रा, प्रमुख नागरिक गोष्ठी तथा युवा-विद्यार्थी संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में जनजागरूकता बढ़ाने, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, घुसपैठ के मुद्दे पर जनसंवाद करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता के प्रति जनता को जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।

बैठक में विपक्ष द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर किए जा रहे विरोध-प्रदर्शनों और प्रचार के संबंध में भी विचार-विमर्श हुआ। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा एसआईआर सहित विभिन्न विषयों पर भ्रामक जानकारी फैलाकर जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से तथ्यों के आधार पर जनसंवाद स्थापित कर लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जन विश्वास को मजबूत किया जाएगा।

बैठक में मंडला नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला महामंत्री श्री पंडित सिंह धुर्वे एवं श्री संतोष रजक, जिला उपाध्यक्ष जयदत्त झा, राजेश कस्तूरचंद जैन, महेंद्र पटेल, शैलेष मिश्रा, महेंद्र राठोर, रामप्रकाश साहू, जिला मंत्री श्री जोरावर सिंह, श्रीमती कौशल्या मरावी, श्रीमति कृष्णा पंजवानी, शशिकांत श्रीवास्तव, जिला कोषाध्यक्ष अखिल सिहारे, जिला सोशल मीडिया शोभित रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा श्री नीरज मरकाम, मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती भावना साहू, संजीत पाण्डे, जुगल बघेल,जाकिर हुसैन, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री रोचीराम गुरवानी, नगरपरिषद अध्यक्ष श्रीमति मीना हरदहा, रजनी मरावी, हेमलता परस्ते, जनपद अध्यक्ष जनिया मरावी, सहित समस्त मण्डल अध्यक्ष, महामंत्री, जिला कार्यक्रम टोली के सदस्य उपस्थित रहे।

भाजपा पदाधिकारियों ने अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने, संगठन की विचारधारा एवं अभियान के उद्देश्यों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर बल दिया। आगामी 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलने वाला यह अभियान जिले में विभिन्न संगठनात्मक एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

