मण्डला 25 अक्टूबर 2021
योजना भवन में समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सीएम हेल्पलाईन, सीएम मॉनिट, समाधान कार्यक्रम, वैक्सीनेशन अभियान, विभागीय समन्वय सहित अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की एवं आवश्यक निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के लम्बित प्रकरणों का नियमित रूप से एवं मिशन मोड पर निराकरण सुनिश्चित करते हुए जिले की रैंकिंग बेहतर करें। उन्होंने 300 दिवस से अधिक के प्रकरणों से संबंधित विभागों से जवाब मांगे। कलेक्टर ने टीएल बैठक के माध्यम से विभिन्न विभागों को मार्क किए गए पत्रों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एसीईओ श्री मरावी, एसडीएम मंडला पुष्पेन्द्र अहके सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि शासकीय अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए उसे तत्काल हटाने की कार्यवाही पूरी करें। इसी प्रकार अन्य प्रकार के अतिक्रमण को भी चिन्हित करते हुए इसे हटाएं। श्रीमती सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में किसी स्थान पर शासकीय अतिक्रमण है तो इस संबंध में वे कलेक्टर कार्यालय में शिकायत आवेदन दे सकते हैं। उन्होंने सीएम मॉनिट प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों को इस सप्ताह निपटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्वारा हवाईपट्टी के कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोविड अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की।
श्रीमती सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि सतर्कता समिति की बैठकें पूर्ण करते हुए कलेक्टर कार्यालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। इसी प्रकार बंधक मजदूरों की शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही करें। बैठक में कलेक्टर ने संबल योजना के तहत् सहायता राशि के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवाह सहायता, मृत्यु सहायता के प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें। उन्होंने विवाह सहायता से संबंधित लंबित आवेदनों के निराकरण के लिए एसीईओ श्री मरावी को नोडल नियुक्त किया। श्रीमती सिंह ने ईईपीएचई को खटिया एवं मोचा क्षेत्र में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैगा विकास, शालात्यागी बच्चों का प्रवेश, क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रमों की समीक्षा एवं अन अटेंड ऑनलाईन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने शिकायतों को अटेंड नहीं करने वाले संबंधित विभागों के अधिकारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए।
जनपद कार्यालयों में कराएं विशेष साफ-सफाई
कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपदों को निर्देशित किया कि सभी अपने-अपने जनपद कार्यालयों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में साफ-सफाई का वातावरण बनाएं। इसी प्रकार स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य संस्कृति को बनाए रखते हुए नियमित तौर पर कार्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाएं। श्रीमती सिंह ने जिले में मिलिंग की स्थिति तथा उज्जवला योजना से संबंधित समीक्षा भी की।
कलेक्ट्रेट, राजस्व एवं जनपद कार्यालयों में बनाएं बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था

कलेक्टर ने ई-गवर्नेंस विभाग को निर्देशित किया कि जिले के सभी एसडीएम, तहसील तथा जनपद कार्यालयों में शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था बनाएं। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय में भी बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 10 दिनों में इस कार्य को पूर्ण करें। बैठक में उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि रकबे का पंजीयन एवं सत्यापन कार्य प्राथमिकता से करें एवं रकबे को अपडेट करना सुनिश्चित करें।
नोडल अधिकारी सेकंड डोज वैक्सीनेशन की गति को बढ़ाएँ
बैठक में कलेक्टर ने कोविड वैक्सीनेशन के प्रथम एवं द्वितीय डोज एवं वैक्सीनेशन महाभियान की समीक्षा की। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से प्रथम एवं द्वितीय डोज की आंकड़ेवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी सेकंड डोज वैक्सीनेशन की गति को बढ़ाने के लिए फील्ड भ्रमण करें। इसी प्रकार जनजागरूकता का कार्य भी सतत् रूप से जारी रहे। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग, एनआरएलएम तथा महिला बाल विकास विभाग को पंचायतवार जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि नोडल अधिकारियों सहित क्षेत्र का अमला अपने पास अपने क्षेत्र के सेकंड डोज के लिए पात्र हितग्राहियों की सूची संधारित करेंगे। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर सतत् रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में पंचायत स्तरीय निर्वाचन गतिविधियां प्रारंभ होगी। उन्होंने सभी को निर्वाचन से संबंधित अपने दायित्वों एवं प्रक्रियाओं से अवगत् होने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्र के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की सूची उपलब्ध कराएं। इसी प्रकार सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों के असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए उन पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने रोजगार अधिकारी को आगामी 28 अक्टूबर को टाऊनहॉल मंडला में रोजगार मेले के आयोजन से संबंधित निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में दिव्यांगजनों को प्राथमिकता से रोजगार उपलब्ध कराएं।
आगामी त्यौहारों पर खरीदें स्थानीय उत्पाद
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने एनआरएलएम के माध्यम से आगामी त्यौहारों के मद्देनजर स्थानीय खाद्य उत्पादों तथा एक जिला एक उत्पाद के तहत् चिन्हित कोदो-कुटकी के उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि वे आगामी त्यौहारों में स्थानीय उत्पादों को खरीदें। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि एनआरएलएम द्वारा कोदो-कुटकी बिस्किट सहित विशेष पैकेट बनाए गए हैं जिसे स्थानीय बाजार में प्राप्त किया जा सकता है। इस दौरान कलेक्टर ने 1 नवम्बर मध्यप्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कलादीर्घा में गोंडी पैंटिंग प्रदर्शनी तथा एनआरएलएम बूटिक के शुभारंभ से संबंधित जरूरी निर्देश दिए।
