मण्डला 19 दिसम्बर 2021
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मंडला जिले के लिए निर्वाचन प्रेक्षक के रूप में श्री शैलेन्द्र खरे को नियुक्त किया गया है। श्री खरे ने योजना भवन में त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021-22 के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त निर्वाचन के सभी नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले के अलग-अलग चरणों में मतदान किया जाएगा। सभी अधिकारी निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए परस्पर समन्वय के साथ कार्य करें। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए सभी के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। प्रेक्षक श्री खरे ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिले में निर्वाचन को संपन्न कराने के लिए बनाई गई व्यवस्थाएं संतोषजनक है। उन्होंने नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करने के अंतिम दिन 20 दिसम्बर को ज्यादा नामांकन भरे जाने की संभावना के मद्देनजर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आरओ तथा एआरओ अपने-अपने स्थलों पर हेल्पडेस्क एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पुख्ता रखें ताकि नाम-निर्देशन पत्र भरने के अंतिम दिवस सभी कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रमानुसार प्रथम एवं द्वितीय चरण के निर्वाचन के लिए 20 दिसम्बर 2021 नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि है। 20 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन संबंधी प्रक्रिया संपन्न होगी।
श्री खरे ने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों में जरूरी व्यवस्थाएं पानी, बिजली, बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई आदि सुनिश्चित रखें। दिव्यांगों के लिए भी मतदान केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं बनाएं। उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों में मतदान, पुलिस बल एवं अन्य प्रक्रिया के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रेक्षक ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचन मार्गदर्शिका का सतत् रूप से अध्ययन करें। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाईट से भी समय-समय पर मार्गदर्शन एवं जरूरी जानकारियाँ प्राप्त करें। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने बैठक में जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने बनाई गई व्यवस्था के संबंध में विस्तृत पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन दिया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था, प्रशिक्षण कार्यक्रम, नाम-निर्देशन, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील केन्द्रों की जानकारी सहित विभिन्न बिन्दुओं पर आंकड़ेवार जानकारी दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम सहित सभी एसडीएम एवं नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
