मंडला 2 फरवरी 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सामाजिक न्याय विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत दी जाने वाली सभी पेंशन योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को अनिवार्यतः लाभ देना सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पंचायत स्तर पर पेंशन योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करने की कार्यवाही सघन रूप से जारी रखें। पात्र हितग्राहियों के चिन्हांकन के पश्चात उन्हें जल्द पेंशन लाभ प्रदान करें। मैदानी अमला संवेदनशीलता एवं सक्रियता के साथ पात्र हितग्राहियों को पेंशन योजनाओं का लाभ दें। ग्रामीण स्तर के पात्र पेंशन हितग्राहियों को स्थानीय स्तर पर लाभ नहीं मिलने तथा ऐसे आवेदकों के आवेदन यदि कलेक्टर कार्यालय में सीधे तौर पर प्राप्त होते हैं तो संबंधित सचिव सहित अमले पर कार्यवाही की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, सामाजिक न्याय विभाग के प्रभारी एसीईओ श्री मरावी, सभी सीईओ जनपद, समग्र सुरक्षा अधिकारी तथा संबंधित उपस्थित थे।
पेंशन योजनाओं का सघन प्रचार करें
कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र की सभी पंचायतों में पेंशन योजनाओं का जनपद एवं पंचायत स्तर पर सघन प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ देना भी जारी रखें। श्रीमती सिंह ने पंचायतों के साथ-साथ नगरीय निकायों में भी सभी प्रकार की पेंशन योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना का लाभ पात्र दिव्यांगजनों को देना सुनिश्चित करें। उन्होंने दिव्यांगजनों के आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एवं समग्र आईडी जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज प्राथमिकता से बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों को घर पर राशन वितरण सुनिश्चित करें। इसी प्रकार पात्र दिव्यांगजनों के लिए घर-घर सर्वे भी करें।
दिव्यांगों की यूडीआईडी शतप्रतिशत जनरेट करें
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समग्र सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पात्र हितग्राहियों को दिए जाने वाले लाभ की आंकड़ेवार जानकारी मांगी। उन्होंने पेंशन हितग्राहियों के भौतिक सत्यापन की ब्लॉकवार जानकारी मांगते हुए कम प्रगति दर्ज करने वाले समग्र अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए समय-समय पर एम्लिको कैम्प आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए जरूरी सामग्री क्रय करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने दिव्यांगजनों को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ देने के लिए आगामी दिनों में विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
दिव्यांग लायब्रेरी को सक्रिय रखें
श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि सामाजिक न्याय विभाग दिव्यांग लायब्रेरी को सतत् रूप से सक्रिय रखें। लायब्रेरी में दिव्यांगों के लिए समय-समय पर जरूरी कार्यक्रम एवं कार्यशाला आयोजित करें। उन्होंने लायब्रेरी में दिव्यांगों के लिए अन्य सुविधाएँ भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांगों के लिए करियर गाईडेंस कार्यक्रम भी आयोजित करें। उन्होंने 5 फरवरी को दिव्यांग लायब्रेरी में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। श्रीमती सिंह ने जिले के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि जिला मुख्यालय में संचालित दिव्यांग लायब्रेरी की सुविधाओं का उपयोग करें। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों की हरसंभव मदद के लिए जिला पंचायत में वन स्टॉप सेंटर की तर्ज पर सेंटर बनाएं, जहां उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा सके।
रोजगार कार्यालय में दिव्यांगजनों का डेटा रखें
कलेक्टर ने जिला रोजगार अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी दिव्यांगजनों की शैक्षणिक योग्यता सहित अन्य जरूरी जानकारी का डेटा संधारित करें। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में इस डेटा के आधार पर संबंधित कंपनियों एवं एजेंसियों से बात करते हुए दिव्यांगजनों के लिए रोजगार मेला आयोजित करें। उन्होंने जिले के सभी दिव्यांगजनों से आग्रह किया है कि अपनी रूचि एवं योग्यता के अनुसार जरूरी डाटा रोजगार कार्यालय में जमा करें। आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले रोजगार मेले के दौरान दिव्यांगजनों से संपर्क किया जाएगा।
कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग जिले के सभी दिव्यांगजनों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी कराएं। आवश्यक होने पर दिव्यांगजनों के लिए एनआरसी को भी उपलब्ध कराएं। श्रीमती सिंह ने दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग प्रकार की करियर काउंसलिंग एवं मोटीवेशन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांगजनों को प्रतियोगी परीक्षाआंे की तैयारी के लिए कार्यक्रम तैयार करने की बात कही। श्रीमती सिंह ने ब्लॉक स्तर पर पूर्व में बनाए गए दिव्यांग कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए दिव्यांगजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं को 24 घंटे के अंदर निराकरण करें।
