30 जून तक जिले को शतप्रतिशत साक्षर बनाने में सहयोग करें जनप्रतिनिधि – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम की दी जानकारी
मण्डला 18 मई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिले के जनप्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों एवं संबंधितों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को 19 मई से प्रारंभ हो रहे ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम के उद्देश्य की रूपरेखा एवं रणनीति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। श्रीमती सिंह ने कहा कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 30 जून तक जिले को शतप्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से साक्षरता के इस पुनीत कार्यक्रम में भाग लेकर तथा लोगों को जागरूक कर सहयोग करें। उन्होंने बताया कि सभी माध्यमिक कक्षाओं में दोपहर 3 से 5 बजे तक प्रौढ़ साक्षरता के लिए कक्षाएं संचालित होंगी। अक्षरज्ञान प्राप्त करने आने वाले व्यक्तियों को आधारभूत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि स्वेच्छा से अक्षरज्ञान दान देने के इच्छुक वॉलेंटियर्स अपने क्षेत्र के शासकीय माध्यमिक शालाओं में निरक्षर लोगों को साक्षर बनाएंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि अपने क्षेत्रों में जनता को साक्षरता के लिए प्रेरित करें तथा उन्हें निरक्षरता के अंधकार से दूर करने में सहयोग करें। श्रीमती सिंह ने बताया कि जिले की सभी पंचायतों, जनपदों तथा नगरीय निकायों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा आयोजित की जाएगी जिसमें सबसे पहले शतप्रतिशत साक्षर होने वाली पंचायतों, जनपदों तथा निकायों को पुरूस्कृत किया जाएगा। साथ ही इन स्थानों पर शासन की अनेक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाएगा।
दिव्यांग उत्कर्ष अभियान की दी जानकारी
श्रीमती सिंह ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान जिले में दिव्यांगजनों के उत्कर्ष के लिए चलाए जा रहे सर्वे कार्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों एवं उनके परिवारों का जिला प्रशासन द्वारा सर्वे कराया जा रहा है। इस सर्वे में दिव्यांगजनों की शिक्षा-दीक्षा के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही हाईस्कूल तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों की परीक्षा में अनुत्तीर्ण एवं पूरक प्राप्त करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने बताया कि दिव्यांग उत्कर्ष योजना के तहत दिव्यांगों के लिए शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वोकेशनल ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी। सभी जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के दिव्यांगजनों को दिव्यांग उत्कर्ष योजना की जानकारी देते हुए उनका सर्वे कराने एवं शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
जिले के सभी 615 केंद्रों में कल से शुरू होगा ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम
कलेक्टर ने सभी तैयारियों को पूरा करने के दिए निर्देश
मण्डला 18 मई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि कल 19 मई को जिले के सभी 615 शासकीय माध्यमिक केंद्रों में बनाए गए सामाजिक चेतना केंद्रों में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम प्रारंभ होगा। इस कार्यक्रम में बुजुर्ग निरक्षर सहित सभी निरक्षरों को अक्षरज्ञान दिया जाएगा। श्रीमती सिंह ने डीपीसी को निर्देशित किया कि सभी शासकीय माध्यमिक शाला में बनाए गए केंद्रों में अध्ययन सामग्री सहित सभी जरूरी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने कहा कि सभी 615 केंद्रों में ज्ञानदान करने के लिए आने वाले व्यक्तियों एवं वॉलेंटियर्स की जानकारी अवश्य संधारित करें। कलेक्टर ने कहा कि पंचायत स्तर पर सभी निरीक्षरों को चिन्हांकन करने का कार्य मिशन मोड पर शुरू करें। 31 मई तक निरीक्षरों के चिन्हांकन का कार्य पूर्ण करें।
कलेक्टर ने नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत दिए जाने वाले अक्षरज्ञान एवं आधारभूत शिक्षण के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर मुनादी कराएं। साथ ही हर व्यक्ति अपने घर के निरक्षर बुजुर्गों, माता-पिता तथा आसपास के लोगों को भी नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उन्हें साक्षर बनाने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपद एवं एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र की माध्यमिक शाला में जाकर कल से प्रारंभ हो रहे ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम में जरूर हिस्सा लें तथा स्थानीय लोगों को अक्षरज्ञान का दान करने एवं निरक्षर लोगों को साक्षर बनने के लिए मोटिवेट करें। उन्होंने क्लस्टर स्तर पर नोडल बनाए गए जिलाधिकारियों को भी निर्देशित किया कि अपने क्लस्टर की जिम्मेदारी संभालें तथा उच्च स्तर पर शत-प्रतिशत साक्षरता का लक्ष्य प्राप्त करें।
प्रौढ़ साक्षरता के लिए आयोजित करें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मण्डला 18 मई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम के तहत 19 मई से जिले भर में प्रारंभ हो रहे प्रौढ़ साक्षरता कार्यक्रम के संबंध में बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को निर्देशित किया कि अपने स्तर पर प्रौढ़ साक्षरता कार्यक्रम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर साक्षरता के लिए प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। सभी सीईओ जनपद अपने ब्लॉक स्तरीय अमले के साथ एवं मैदानी अमले के साथ समन्वय बनाते हुए नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को घर-घर तक एवं गांव-गांव तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी नगरीय निकायों को भी निर्देशित किया कि ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें, मुनादी करें तथा अनाउंसमेंट कराएं। सभी अपने-अपने क्षेत्र की शासकीय माध्यमिक शाला में अक्षर ज्ञान के इस मुहिम को आगे बढ़ाएं।
कलेक्टर ने सभी जनपदों एवं सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में दिव्यांग उत्कर्ष अभियान के तहत प्रभावी रूप से सर्वे कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत दिव्यांगजनों को उनकी पात्रतानुसार योजनाओं के लाभ एवं अन्य प्रकार के प्रशिक्षण भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिव्यांग उत्कर्ष अभियान में दिव्यांगों के लिए जनपद एवं नगरपालिका स्तर पर वोकेशनल ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी। साथ ही स्व-सहायता समूह एवं अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
15 जून तक सभी शौचालय अनिवार्यतः पूर्ण करें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने सिविल कार्यों से संबंधित ली बैठक
मण्डला 18 मई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में सिविल कार्य से जुड़े विभागों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने पीडब्लूडी आरईएस, ट्राईबल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, एमपीआरडीसी सहित अन्य विभागों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्कूलों में शौचालय निर्माण से संबंधित चर्चा करते हुए कहा कि 15 जून तक सभी शौचालयों को अनिवार्यतः पूर्ण करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित सभी विभागों के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, एसी ट्राईबल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने आरईएस विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि केनाल लाइनिंग का कार्य जल संसाधन विभाग के साथ संपर्क करते हुए पूरा करें। उन्होंने श्री आर्मो से झुलपुर क्षेत्र में किए गए किनाल लाइनिंग के कार्य की जानकारी ली।
कलेक्टर ने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें। उन्होंने ग्रेवल सड़क निर्माण की समीक्षा करते हुए कहा कि इन सड़कों का निर्माण बारिश के पूर्व अनिवार्यतः पूरा करें। कलेक्टर ने कहा कि वन विभाग से जुड़े विकास कार्यों के मुद्दों के लिए तत्काल लेटर कलेक्टर कार्यालय को भेजें। श्रीमती सिंह ने अमृत सरोवर के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि इन सरोवरों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुकूल हो। अमृत सरोवरों के निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रीमती सिंह ने पीडब्ल्यूडी एवं पीआईयू विभागों के अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि अपूर्ण कार्य को 15 दिनों में पूर्ण करें। उन्होंने सर्किट हाउस के एक्सटेंशन के कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिये।
श्रीमती सिंह ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि बारिश के पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सड़कें व पुल का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करें। उन्होंने आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित ऑडिटोरियम निर्माण कार्य एवं अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनजाति कार्य विभाग के अंतर्गत सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने के लिए लेटर जारी करें। कलेक्टर ने जनजाति कार्य विभाग के अंतर्गत लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ इंजीनियरों के स्थानांतरण संबंधी प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने डब्ल्यूआरडी के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बारिश के पूर्व सभी बांधों, गेट एवं बांध की मशीनरी व्यवस्था की जांच गंभीरतापूर्वक करें। उन्होंने कहा कि सभी बांधों का दौरा करते हुए तकनीकी पक्षों की जांच करते हुए उन्हें पुख्ता रखें।
सर्वप्रथम शतप्रतिशत साक्षर होने वाली पंचायत होगी सम्मानित- हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने उन्मुखीकरण कार्यक्रम को किया संबोधित
मण्डला 18 मई 2022
रानी अवंती बाई स्कूल में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत अक्षरज्ञान देने के इच्छुक वॉलेंटियर्स के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में वॉलेंटियर्स को अध्यापन कार्य, नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के उद्देश्य एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गई। उन्मुखीकरण कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षिका सिंह भी शामिल हुई। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में ऐसा कोई भी व्यक्ति न छूटे जो अपना नाम लिखना न जान सके। साथ ही बेसिक गिनती न कर सके। उन्होंने बताया कि पिछले 15 महीनों में महिला ज्ञानालय से 7 हजार महिलाएं साक्षरता के कार्यक्रम से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 5 हजार 500, महिलाओं ने 6 माह में अपना नाम लिखना सीख लिया है।
कलेक्टर ने कहा कि 19 मई से जिले में 615 केन्द्र में नवभारत साक्षरता अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर गांव – हर घर जाकर पुनः साक्षरता का सर्वे किया जाएगा। उन्होने कहा कि साक्षरता अभियान के तहत् प्रौढ़ साक्षरता के साथ-साथ गांव की पढ़ी-लिखी महिलाओं द्वारा निरक्षर महिलाओं को अक्षरज्ञान, बैंकिंग परिचय का ज्ञान भी कराया जाएगा। श्रीमती सिंह ने कहा कि साक्षरता अभियान के तहत् जो पंचायत सबसे पहले शत-प्रतिशत साक्षर होगी उसे जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उन्होने बताया कि प्रतिदिवस 3 बजे से 5 बजे के मध्य में सभी शासकीय माध्यमिक शालाओं में कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि मैदानी स्तर पर साक्षर मित्र भेजकर साक्षरता के कार्य को सम्पादित किया जाएगा। उन्होने कहा कि इच्छुक साक्षर व्यक्ति अपने क्षेत्र के माध्यमिक शाला में जाकर अपना पंजीयन जरूर कराएं। कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, एपीसी मुकेश पाण्डेय सहित शिक्षक तथा संबंधित उपस्थित थे।
निरक्षरता के अभिशाप को मिटाने की अपील
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से अपील की है कि यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि जिले में निरक्षरता के अंधेरे को खत्म करने के लिए एकजुट होना है। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से हम सबको यह संकल्प लेना है कि हमारे घर, पड़ोस, मोहल्ले तथा गांव का कोई भी व्यक्ति निरक्षर न रहे। प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के कम से कम 5 से 10 घरों के अशिक्षित व्यक्तियों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी उठाएं। साथ ही सारक्षता अभियान में अपना सक्रिय सहयोग दें।
आज से प्रारंभ होगा प्रौढ़ शिक्षा के लिए ’नवभारत कार्यक्रम’
माध्य. शालाओं में 2 से 5 बजे तक लगेंगी कक्षाएँ
मण्डला 18 मई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह के मार्गदर्शन में जिले को शतप्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में 19 मई से जिले भर में प्रौढ़ शिक्षा के लिए ’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। कलेक्टर ने डीपीसी को साक्षरता कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिले की माध्यमिक शालाओं में 615 सामाजिक चेतना केन्द्र बनाए गए हैं जिनमें 19 मई से दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक कक्षाएं संचालित होंगी। इन केन्द्रों में अक्षरज्ञान दान देने के लिए वॉलेंटियर्स शामिल होंगे। ये सभी अक्षरसाथी एवं वॉलेंटियर्स स्वेच्छा से निरक्षरता को समाप्त करने की इस मुहीम में शामिल हो रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इन वॉलेंटियर्स को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने डीपीसी को उक्त सभी के संबंध में जानकारी संधारित करने के निर्देश दिए हैं।
मो.नं. 9685202081 पर दें कार्यक्रम से जुड़ने की जानकारी
’नवभारत साक्षरता’ कार्यक्रम से जुड़कर ज्ञानदान करने के इच्छुक व्यक्ति, वॉलेंटियर्स, संस्था, एनजीओ या समाजसेवी मोबाईल नंबर 9685202081 पर संपर्क कर जानकारी दे सकते हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के साक्षर लोगों से अपील की है कि जिले को साक्षर बनाने के इस कार्यक्रम में संकल्पित होकर जुड़ें तथा अन्य को भी ज्ञानदान करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा है कि हम सभी अपने परिवार के बुजुर्ग, आस-पास के व्यक्ति, मोहल्ले तथा गांव के निरक्षर लोगों से मिलकर उन्हें अक्षरज्ञान के लिए प्रेरित कर उन्हें नाम लिखना, गिनती एवं आधारभूत ज्ञान सिखाएं।
“नो सिंगल यूज, नो पॉलीथीन अभियान” अंतर्गत व्यापारियों के काटे गए चालान
सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग एवं भंडारण न करने की दी गई समझाईश
मण्डला 18 मई 2022
नगर पालिका सीमा क्षेत्रांतर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथीन के प्रतिबंध करने के साथ ही “नो सिंगल यूज, नो पॉलीथीन अभियान” के परिपालन में सुपर मार्केट, हागगंज बाजार, फल विक्रेताओं एवं किराना दुकानों को ’नो सिंगल यूज नो पॉलीथीन’, डिस्पोजल का उपयोग एवं भंडारण न करने की समझाईश दी गई। साथ ही व्यापारियों के प्रतीकात्मक चालान की कार्यवाही की गई जिसमें 2 हजार 300 रूपये का चालान काटा गया। चालानी कार्यवाही माह मई एवं जून माह में किया जाना है। न.पा.परि. अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के द्वारा नगरवासियों एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि सिंगल यूज पॉलीथीन का उपयोग एवं भंडारण न करें। साथ ही आमजन बाजार आते समय कपड़े के थैले का उपयोग करें।
उचित मूल्य दुकान में 31 मई के पूर्व कराएं ई-केवाईसी
मण्डला 18 मई 2022
म.प्र. शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत सम्मिलित पात्र परिवारों के समस्त सदस्यों के ई-केवाईसी एवं मोबाईल नम्बर की प्रविष्टि शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर उपलब्ध पीओसी मशीन के माध्यम से उनके डाटाबेस में कराई जा रही है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने जिले में सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि 31 मई 2022 के पूर्व परिवार के कम से कम एक सदस्य की ही सही मोबाईल नम्बर की प्रविष्टि एवं अपने परिवार के प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी अपने निकट की उचित मूल्य दुकान पर जाकर पीओएस मशीन के माध्यम से करा लें, ताकि सुलभता से योजना का लाभ मिल सके।
दिव्यांग उत्कर्ष के संबंध में उद्योगपतियों के साथ हुई बैठक
मण्डला 18 मई 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड एवं दिव्यांग उत्कर्ष की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में संचालित ’मिशन दिव्यांग उत्कृष्ट’ योजनांतर्गत दिव्यांगजनों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए घर-घर सर्वे कराया जा रहा है जिससे कोई दिव्यांग विकास की कड़ी से न छूटे। कलेक्टर ने कहा कि पात्रता के अनुसार दिव्यांग क्या काम कर सकता है अथवा वह किस विषय का प्रशिक्षण लेना चाहता है इसकी भी जानकारी एकत्र की जा रही है जिससे कोई भी पात्र दिव्यांग लाभ से न छूटे ताकि हर दिव्यांग व्यक्ति को लाभ दिया जा सके। उन्होंने कहा कि आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक में 500 दिव्यांगजनों की ट्रेनिंग दिलाई जाएगी। इस दौरान सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एसीईओ श्री मरावी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक नंदकिशोर वास्कले, मनेरी उद्योग संघ के पदाधिकारी रवि गुप्ता सहित रिसॉर्ट संचालक तथा उद्योगपति उपस्थित थे।
श्रीमती सिंह ने कहा कि 10वी एवं 12वी की परीक्षा में अनुत्तीर्ण एवं पूरक प्राप्त करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों एवं छोटे बच्चों के लिए होम क्लासेस आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने बताया कि दिव्यांग उत्कर्ष योजना के तहत दिव्यांगों के लिए शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वोकेशनल ट्रेनिंग आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन दिव्यांगजनों के घरों में शौचालय नहीं है उनके घरों में आगामी एक माह में शौचालय बनवाया जाएगा। पढ़े लिखे दिव्यांगजनों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाएंगे। उद्योगपतियों ने अपने उद्योग क्षेत्र के आसपास दिव्यांगों की सूची भी उपलब्ध कराने का विचार रखा, ताकि दिव्यांगों को उद्योग इकाईयों में प्लेसमेंट मिल सके।
मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति व स्वरोजगार योजनांतर्गत जागरूकता शिविर संपन्न
20 मई को घुघरी में आयोजित होगा जागरूकता शिविर
मण्डला 18 मई 2022
मण्डला आई.टी.आई. के सभाकक्ष में प्राचार्य आई.टी.आई. बरकडे, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एन.के. वास्कले एवं वैशली कावले, अनंद मरावी प्रशिक्षक की उपस्थिति में मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना व स्वरोजगार योजना का जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सहायक प्रबधंक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रेखा चौरसिया द्वारा ब्लॉक के बेरोजगार युवक युवतियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने हेतु उपस्थित 54 युवक एवं युवतियों का पंजीयन कर उचित मार्गदर्शन प्रदाय किया गया।
रेखा चौरसिया द्वारा म.प्र. शासन की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना अंतर्गत स्वयं के उद्योग के लिए 50 लाख तक ऋण एवं सेवा क्षेत्र एवं व्यवसाय हेतु 25 लाख तक ऋण ले सकते हैं। योजनांतर्गत 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान सी.जी.टी.एम.एस.ई. अतंर्गत बैंक गारंटी का प्रावधान है। इसी प्रकार 20 मई 2022 को घुघरी में खण्ड स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इच्छुक युवक व युवतियां शिविर में उपस्थित होकर शासन की योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
जागरूकता शिविर में मवई के 76 युवक-युवतियों ने कराया पंजीयन
मण्डला 18 मई 2022
मवई जनपद पंचायत के सभाकक्ष में मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति व स्वरोजगार योजना का जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.पी. नामदेव एवं बैंक अधिकारी श्री जंघेला, विकासखण्ड प्रबंधक एनआरएलएम, सहायक प्रबधंक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र अनिल दुबे एवं जिला समन्वय उद्यमिता विकास एस.के. शर्मा द्वारा मवई के बेरोजगार युवक युवतियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने हेतु उपस्थित 76 युवक एवं युवतियों का पंजीयन किया गया तथा उचित मार्गदर्शन दिया गया।
सहायक प्रबधंक अनिल दुबे द्वारा शिविर में उपस्थित युवक-युवतियों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजनांतर्गत स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए 50 लाख तक ऋण एवं व्यवसाय हेतु 25 लाख तक ऋण ले सकते हैं।
