Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 29 जून 2022

कलेक्टर एवं एसपी ने किया मोहगांव और घुघरी क्षेत्र का दौरा

 

मण्डला 29 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने द्वितीय चरण के निर्वाचन में शामिल मोहगांव एवं घुघरी जनपद के क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों में सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए कहा कि सभी मतदान केंद्रों में बिजली, पानी तथा साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित हो। इसी प्रकार मतदानकर्मियों के रुकने के लिए पीने का स्वच्छ पानी, रात्रि कालीन प्रकाश, भोजन, गद्दे, चादर, तकिया, शौचालय आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित रखें। महिलाकर्मियों के लिए अलग से व्यवस्था बनायें। कलेक्टर एवं एसपी ने अपने भ्रमण के दौरान चाबी, सहजर, करेगांव, झंडाटोला एवं सलवाह के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

 

ग्रामीणों को मतदान के लिए किया प्रेरित

 

कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान करेगांव के पीडीएस केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर पीडीएस वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सहजर में स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उन्हें आगामी 1 जुलाई को अपना वोट देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों से पानी, बिजली, पीडीएस, फसल बोनी, सिंचाई की स्थिति, मनरेगा के कार्य एवं भुगतान आदि के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कंड्रा में अमृत सरोवर निर्माण के कार्य की प्रगति भी देखी। उन्होंने कहा कि सरोवर निर्माण का कार्य जल्द पूरा करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने सेमरखापा में किया सामग्री वितरण व्यवस्थाओं का निरीक्षण

 

मण्डला 29 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के अंतर्गत द्वितीय चरण में 1 जुलाई को होने वाले मतदान के संबंध में मंडला जनपद के लिए सेमरखापा स्कूल में बनाए गए सामग्री वितरण केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कहा कि मतदान दलों के लिए हेल्पडेस्क बनाएं। उन्होंने मतपत्र के वितरण संबंधी व्यवस्था का भी जायजा लिया। श्रीमती सिंह ने कहा कि मतदान दल के रवाना होने के पूर्व व्यवस्थित रूप से मूल आदेश का वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेमरखापा स्कूल परिसर में स्वास्थ्यकर्मी एवं पुलिसकर्मियों की तैनाती करते हुए उनके लिए अलग से कमरे की व्यवस्था करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारियों के साथ स्वास्थ्यकर्मी की ड्यूटी लगाएं। उन्होंने कहा कि मतदानदलों को मेडीकल किट के साथ-साथ कोविड प्रोटोकॉल किट का भी अनिवार्यतः वितरण कराएं।

 

अंतिम प्रशिक्षण को अत्यंत गंभीरता से लें

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने सेमरखापा स्कूल परिसर में मतदान दलों के लिए आयोजित किए गए जनपद स्तरीय अंतिम निर्वाचन प्रशिक्षण का जायजा लिया। उन्होंने मतदान दलों से संवाद करते हुए कहा कि सभी मतदानकर्मी मतदान के पूर्व के इस अंतिम प्रशिक्षण को अत्यंत गंभीरता से लें एवं समझें। उन्होंने मतदानकर्मियों से कहा कि अपने साथ बारिश से बचाव की व्यवस्था संबंधी सामग्री रखें। इसी प्रकार मतदान के दौरान प्रशिक्षण एवं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी मतदानकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें कोविड प्रोटोकॉल के पालन, अपने स्वास्थ्य तथा सुरक्षा का ख्याल रखने की सलाह दी।

 

 

 

 

 

 

 

मतदान दलों का अंतिम रेंडमाइजेशन संपन्न

 

 

मण्डला 29 जून 2022

            कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में द्वितीय चरण के निर्वाचन के लिए नियुक्त किए गए मतदानकर्मियों का अंतिम रेंडमाइजेशन किया गया। अंतिम रेंडमाइजेशन जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

 

 

 

 

 

 

 

कम्यूनिकेशन प्लान में रात्रिकालीन ड्यूटी के लिए नियुुक्ति

 

मण्डला 29 जून 2022

            अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 अंतर्गत जिला मुख्यालय पर कम्यूनिकेशन प्लान के सुचारू रूप से क्रियान्वयन के लिए गठित जिला स्तरीय कम्यूनिकेशन प्लान टीम में निर्धारित रात्रिकालीन सत्र 12 बजे से प्रातः 7 बजे तक के लिए पूर्व में नियुक्त किए गए सहयोगी कर्मचारियों को द्वितीय एवं तृतीय चरण की ड्यूटी से मुक्त करते हुए, उनके स्थान पर कम्यूनिकेशन प्लान के क्रियान्वयन के लिए सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।

जारी आदेश के तहत खनि. निरीक्षक बसंत पाटिल द्वितीय चरण के लिए 30 जून 2022 एवं 1 जुलाई 2022 को रात्रि 12 बजे से प्रातः 7 बजे तक तथा डीपीओ वाटर शेड विकास आशीष गुप्ता तृतीय चरण के लिए 7 जुलाई एवं 8 जुलाई 2022 को रात्रि 12 बजे से प्रातः 7 बजे तक के लिए ड्यूटी पर रहेंगे। इनके सहयोगी कर्मचारी के रूप में पटवारी कुलदीप मणि पटैल, शिवम साहू, प्रभात रंजन पट्टा, विकास सिंह ठाकुर, संतोषी लाल धूमकेती, लालसिंह वरकड़े, जयकांत बर्मन, रूपसिंह कुर्वेती, सुरेन्द्र मरावी, प्रदीप परस्ते, धनीराम ठाकुर, ओमकार कुशराम, राहुल तेकाम, घनश्याम प्रसाद जंघेला एवं अतुल कटारे नियुक्त किए गए हैं।

जिला स्तरीय कम्यूनिकेशन प्लान टीम के अंतर्गत नियुक्त समस्त अधिकारी, कर्मचारीगण कम्यूनिकेशन प्लान प्रभारी अधिकारी मधुअली प्रभारी उपसंचालक कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग मंडला के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

मतदान समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटे पूर्व से शुष्क दिवस घोषित

 

मण्डला 29 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एवं ग्राम पंचायत की भौगोलिक सीमा की परीधि तथा ग्राम पंचायतों की सीमा से 5 किलोमीटर की परीधि में स्थित देशी, विदेशी मदिरा, कम्पोजिट दुकानों, एफएल-3(ए) रिसॉर्टबार को संबंधित ग्राम पंचायत में मतदान समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटे पूर्व से बंद रखे जाने के लिए शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत द्वितीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड घुघरी में घुघरी विदेशी मदिरा दुकान, मोहगांव में मोहगांव देशी मदिरा दुकान तथा चाबी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार दिनांक 29 जून 2022 की दोपहर 3 बजे से 1 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार तृतीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड नारायणगंज में नारायणगंज देशी मदिरा दुकान तथा नारायणगंज विदेशी मदिरा दुकान, निवास में मनेरी देशी मदिरा दुकान तथा बीजाडांडी में बीजाडांडी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार दिनांक 6 जुलाई 2022 के दोपहर 3 बजे से 8 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने जारी आदेश में कहा है कि उपरोक्त घोषित शुष्क दिवसों में मदिरा की कोई भी दुकान, एफएल-3 (ए) रिसॉर्टबार, होटल, रेस्टोरेंट में मदिरा बेचने, परोसने की अनुमति नहीं होगी। शुष्क दिवस के अवसर पर संबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरा के आयात, निर्यात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि न होने पाए। इस बावत आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग का कार्यपालिक स्टॉफ सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

29 जून की दोपहर 3 बजे से 1 जुलाई को मतदान समाप्ति तक शुष्क दिवस

 

मण्डला 29 जून 2022

            जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के द्वितीय चरण के कार्यक्रम अनुसार जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एवं ग्राम पंचायत की भौगोलिक सीमा की परिधि तथा ग्राम पंचायतों की सीमा से 5 कि.मी. की परिधि में स्थित विदेशी मदिरा दुकान घुघरी, देशी मदिरा दुकान मोहगांव, विदेशी मदिरा दुकान चाबी एवं देशी मदिरा दुकान हिरदेनगर नियत समय से 48 घंटे पूर्व बुधवार 29 जून 2022 के 3 बजे अपरान्ह से 1 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक बंद रखे जाने के लिए शुष्क दिवस घोषित किया गया है। पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध शराब के विनिर्माण, परिवहन, संग्रहण व विक्रय की रोकथाम के लिए निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी, इसका सख्ती से पालन किया जायेगा।

 

 

 

 

 

पंचायत निर्वाचन में मीडिया को प्रवेश एवं कव्हरेज के लिए दिशा-निर्देश

 

मण्डला 29 जून 2022

            राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने समस्त कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मतदान केन्द्र, मतगणना स्थल, सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा के समय निर्धारित स्थलों में प्रवेश एवं कव्हरेज संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रवेशपास प्राप्तकर्ता मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा मतदान केन्द्र के बाहर कतार में खड़े मतदाताओं के फोटो लिए जा सकते हैं, किन्तु उनके द्वारा मतदान केन्द्र के अंदर, मतांकन करते हुए किसी भी मतदाता का फोटो नहीं लिया जाना चाहिए। प्रवेश पासधारी मीडिया प्रतिनिधि मतदान कक्ष के निकट (जहाँ कि मतदाता, मतपत्र पर निशान लगाता है) न जाएँ।

इसी प्रकार मतगणना केन्द्रों, मतगणना स्थल, सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के लिए निर्धारित स्थलों पर आने-जाने की व्यवस्था, संबंधित पासधारी संवाददाता व मीडिया प्रतिनिधि को स्वयं ही करनी होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रवेशपास प्राप्तकर्ता मीडिया प्रतिनिधियों से कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 29 जून 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 28 जून की शाम 3 बजे से 29 जून की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 29 जून 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 29 जून के दौरान 101.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 243.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 141.2 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जून को मंडला में 3.8 मि.मी., बिछिया में 0.2 मि.मी., निवास में 3.4 मि.मी., घुघरी में 5.1 मि.मी. एवं नारायणगंज में 7.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 29 जून को 3.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति के ऑनलाईन आवेदन 30 जून तक

 

मण्डला 29 जून 2022

            सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति के ऑनलाईन आवेदनों की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 30 जून 2022 किया गया है। विद्यार्थी ऑनलाईन आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

बरसात की संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी

 

मण्डला 29 जून 2022

            बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई है। जारी एडवाईजरी के अंतर्गत कोविड-19 कोरोना महामारी के अलावा वर्तमान समय में बरसात के समय में जलजनित बीमारी होने की संभवना हो सकती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाइड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें, बीमार न हो इसके उपाय करें एवं स्वस्थ रहें।

बीमारी से कैसे बचें – उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पीयें, कुऐं, नदी, नाला का पानी न पीयें, पानी क्लोरीनेशन कर के पीयें, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासा खाना न खायें, मांस का उपयोग बरसात के दिनों में सेवन न करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोयें, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।

उपचार – डॉ. के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थ का अधिक मात्रा में सेवन करें। सुझाव – दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें।

बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगु, चिकुनगुनिया, फायलेरिया जैसे गंभीर बीमारी होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लारवा से अण्डें पनपते हैं।

मलेरिया – मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है। डेंगू – डेंगू का लारवा साफ पानी में पैदा होता है जैसे कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लारवा पनपते है। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया – इसका वायरस सीधे हडडी पर अटैक करता है जिसे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया कैसे बचें – घर के आस-पास की सफाई रखें, पानी इकटठा न होने दें, गडडों को भरे जायें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी का पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआं करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें।

मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। सुझाव – बुखार आने पर नजदीकी अस्पताल जाकर खून की जांच कारायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जांच करायें और दवायें प्राप्त करें।

Related posts

अवैध शराब तश्करी के विरूद्ध की गई कार्यवाही

Reva India News

कलेक्टर ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण

Reva India News

10 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर लौटे अपने घर

Reva India News

Leave a Comment