मंडला जनपद सहित द्वितीय चरण के मतदान केंद्रों में तैयारियाँ पूर्ण करें
कलेक्टर एवं एसपी ने किया दौरा
मण्डला 28 जून 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने द्वितीय चरण के निर्वाचन में शामिल मंडला जनपद के क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि एसडीएम मंडला एवं सीईओ जनपद, मंडला जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्रों में आगामी एक जुलाई को होने वाले मतदान के संबंध में सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए कहा कि सभी मतदान केंद्रों में बिजली, पानी, तथा साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित हो। इसी प्रकार मतदानकर्मियों के रुकने के लिए पीने का पानी, रात्रि कालीन प्रकाश, शौचालय आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित रखें। उन्होंने बकौरी प्राथमिक शाला का निरीक्षण करते हुए मध्यान्ह भोजन के संबंध में जानकारी भी ली। कलेक्टर ने कहा कि मतदान दलों के भोजन एवं विश्राम के लिए समुचित व्यवस्था करें। इसी प्रकार महिला मतदानकर्मियों के लिए भी व्यवस्था बनाएं। कलेक्टर एवं एसपी ने अपने भ्रमण के दौरान फूलसागर, बकौरी, खारी, लावर तथा लिंगापौड़ी के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
मतदान समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटे पूर्व से शुष्क दिवस घोषित
मण्डला 28 जून 2022
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एवं ग्राम पंचायत की भौगोलिक सीमा की परीधि तथा ग्राम पंचायतों की सीमा से 5 किलोमीटर की परीधि में स्थित देशी, विदेशी मदिरा, कम्पोजिट दुकानों, एफएल-3 (ए) रिसॉर्टबार को संबंधित ग्राम पंचायत में मतदान समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटे पूर्व से बंद रखे जाने के लिए शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत द्वितीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड घुघरी में घुघरी विदेशी मदिरा दुकान, मोहगांव में मोहगांव देशी मदिरा दुकान तथा चाबी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार दिनांक 29 जून 2022 की दोपहर 3 बजे से 1 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार तृतीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड नारायणगंज में नारायणगंज देशी मदिरा दुकान तथा नारायणगंज विदेशी मदिरा दुकान, निवास में मनेरी देशी मदिरा दुकान तथा बीजाडांडी में बीजाडांडी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार दिनांक 6 जुलाई 2022 के दोपहर 3 बजे से 8 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने जारी आदेश में कहा है कि उपरोक्त घोषित शुष्क दिवसों में मदिरा की कोई भी दुकान, एफएल-3 (ए) रिसॉर्टबार, होटल, रेस्टोरेंट में मदिरा बेचने, परोसने की अनुमति नहीं होगी। शुष्क दिवस के अवसर पर संबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरा के आयात, निर्यात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि न होने पाए। इस बावत आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग का कार्यपालिक स्टॉफ सुनिश्चित करेंगे।
मतदान दल अधिकारियों का तृतीय प्रशिक्षण 29 जून को
मण्डला 28 जून 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के लिए नियुक्त किए गए अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण का कार्यक्रम संशोधित रूप में जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के तहत 29 जून को 2 पालियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम पाली दोपहर 3 से 4 बजे तक तथा द्वितीय पाली सायं 4:30 से 5:30 बजे तक आयोजित होगी। यह प्रशिक्षण मतदान दल अधिकारियों का तृतीय प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण का स्थान एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अचली सेमरखापा मंडला जनपद पंचायत मंडला, उत्कृष्ट उ.मा.वि.घुघरी जनपद पंचायत घुघरी एवं कन्या शिक्षा परिसर खर्राछापर मोहगांव जनपद पंचायत मोहगांव में निर्धारित है। 1 जुलाई को होने वाले निर्वाचन के लिए नियुक्त समस्त पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी – 01, 02 तथा 03 प्रशिक्षण में शामिल होंगे।
जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 28 जून 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 28 जून के दौरान 98.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 239.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 140.9 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जून को जिले में 0 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
29 जून की दोपहर 3 बजे से 1 जुलाई को मतदान समाप्ति तक शुष्क दिवस
मण्डला 28 जून 2022
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के द्वितीय चरण के कार्यक्रम अनुसार जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एवं ग्राम पंचायत की भौगोलिक सीमा की परिधि तथा ग्राम पंचायतों की सीमा से 5 कि.मी. की परिधि में स्थित विदेशी मदिरा दुकान घुघरी, देशी मदिरा दुकान मोहगांव, विदेशी मदिरा दुकान चाबी एवं देशी मदिरा दुकान हिरदेनगर नियत समय से 48 घंटे पूर्व बुधवार 29 जून 2022 के 3 बजे अपरान्ह से 1 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक बंद रखे जाने के लिए शुष्क दिवस घोषित किया गया है। पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध शराब के विनिर्माण, परिवहन, संग्रहण व विक्रय की रोकथाम हेतु निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी, इसका सख्ती से पालन किया जायेगा।
चिकन पॉक्स से बचाव के लिए जरूरी जानकारी
मण्डला 28 जून 2022
स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकन पॉक्स से बचाव के लिए एडवाईजरी जारी की है। जारी एडवाईजरी में कहा गया है कि चिकन पॉक्स अत्यधिक संक्रामक बीमारी है, यह बीमारी वरिसेला जोस्टर नामक वायरस के संक्रमण से फैलती है। इस वायरस के संक्रमण के कारण शरीर में खुजली, दाने व छाले के लक्षण प्रकट होते हैं। प्रायः शरीर में छाती, पीठ व चेहरे पर लाल दाने दिखाई देने लगते हैं और फिर सारे शरीर में दाने फैल जाते हैं। चिकन पॉक्स मुख्य रूप से बच्चों, किशोर, वयस्क, गर्भवती महिलाएं और जिनमें बीमारी से लड़ने की क्षमता कम रहती है को ज्यादा प्रभावित करता है।
उद भवन काल:- शरीर में वायरस के संक्रमण के उपरांत और उद भवन काल 10 से 20 दिन का होता है, वयस्कों में शरीर के अंगों पर दाने उभरने से पहले हल्का बुखार या बेचैनी के लक्षण प्रकट हो सकते हैं। बच्चों में शरीर पर दाने ज्यादातर बीमारी का पहला संकेत हो सकता है। चिकन पॉक्स वायरस का संक्रमण लगभग 4 से 7 दिनों तक रहता है।
लक्षण:- चिकन पॉक्स में संक्रमण मुख्य रूप से शरीर पर दाने प्रकट होते हैं जो खुजली उत्पन्न करते हैं। बाद में फफोले में बदल जाते हैं तथा सूखने के उपरांत पपड़ी में बदल जाती हैं। प्रायः सभी फफोले के सूखने के लगभग एक सप्ताह लगता है। वायरस संक्रमण उपरांत दाने सबसे पहले छाती, पीठ और चेहरे पर उभर जाते हैं और फिर धीरे-धीरे मुंह, पलकों को जननांगों इत्यादि सहित पूरे शरीर में फैल जाते हैं। स्वस्थ बच्चों में व्हीजेडव्ही वायरस का संक्रमण सतही होता है उनमें बुखार 102 दाने 2 से 3 दिन तक दिखाई देते हैं। जिन बच्चों, किशोर, वयस्क, गर्भवती महिलाओं में प्रतिरोधक क्षमता कम होती है उन्हें अत्यधिक खतरा बना रहता है और उन्हें अत्यधिक जटिलताएँ उत्पन्न हो सकती हैं। शरीर में दाने उभरने में लगभग 1 से 2 दिन पहले बुखार, थकान एवं भूख में कमी, सिर में दर्द आदि के लक्षण प्रकट होते हैं। किसी भी व्यक्ति को कभी भी चिकन पॉक्स चाहे उसे कभी संक्रमण नहीं हुआ है या चिकन पॉक्स का टीकाकरण हुआ हो।
प्रसार:- चिकन पॉक्स एक अत्यधिक संक्रामक बीमारी है चिकन पॉक्स वायरस त्वचा पर उभरे दानों व घाव के तरल पदार्थ का छूने, संक्रमित व्यक्ति के सांस लेने और छोड़ने और संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। चिकन पॉक्स की जटिलताएं वयस्कों में वायरस के कारण निमोनिया, वायरल निमोनिया के लक्षण प्रकट हो सकते हैं। बच्चों में त्वचा संबंधी बीमारी की समस्याएँ। मस्तिष्क में सूजन या इंसेफलाइटिस के लक्षण रक्त स्त्राव की समस्याएं अन्य गंभीर समस्याएं।
रोकथाम और उपचार:- चिकन पॉक्स बीमारी से बचाव का सबसे अच्छा तरीका है पूर्ण टीकाकरण, वायरस को अन्य दूसरे व्यक्ति तक फैलने तथा त्वचा के संक्रमण को रोकने के लिए नाखूनों को छोटा करें तथा प्रयास करें खुजली व खरौंच ना हो। दानें, घाव, छाले को खरौंच लिया है तो अपने हाथों को तत्काल साबुन से 20 सेकंड तक धोंएं। त्वचा संक्रमण रोकने के लिए कैलामिन लोशन का उपयोग करें। बुखार, थकान, भूख में कमी, सिरदर्द आदि के लक्षण प्रकट हो तो चिकित्सा परामर्श लें। शरीर में खुजली से राहत के लिए नीम की पत्तियां पानी में डालकर ठंडे पानी से स्नान करें। मरीज को हवादार कमरे में रखें तथा सूती कपड़े पहनाएं जिससे शरीर पर जलन ना हो। मरीज को आइसोलेट रखें जिससे अन्य स्वस्थ व्यक्ति को संक्रमण न फैले, मरीज के आसपास सफाई रखें। मरीज को ज्यादा से ज्यादा पौष्टिक तरल पदार्थ दलिया, स्वच्छ पानी का सेवन कराएं। चिकन पॉक्स की पुष्टि हेतु मरीज को प्रशिक्षित डॉक्टर को जरूर दिखाएं।
श्रमोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 3 जुलाई को
मण्डला 28 जून 2022
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि श्रमोदय आवासीय विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2022-23 में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए श्रमोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2022 म.प्र. राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही है। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 3 जुलाई 2022 को होना निर्धारित है। जिले में उक्त आयोजित परीक्षा का केन्द्र शासकीय रानी आवंती बाई कन्या उ.मा. विद्यालय मंडला है।
पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति के ऑनलाईन आवेदन 30 तक
मण्डला 28 जून 2022
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति के ऑनलाईन आवेदनों की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 30 जून 2022 किया गया है। विद्यार्थी ऑनलाईन आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
