Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 30 जून 2022

मोहगांव एवं मंडला जनपदों की सामग्री वितरण तथा परिवहन व्यवस्था का लिया गया जायजा

 

मण्डला 30 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने द्वितीय चरण के अंतर्गत 1 जुलाई को होने वाले मतदान के तहत मंडला में तथा घुघरी जनपद में सामग्री वितरण तथा परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि सामग्री वितरण में चैकलिस्ट के अनुसार मतदान दलों को सामग्री वितरण करें। इसी प्रकार उन्हें मेडिकल किट तथा कोविड-19 किट का भी वितरण करें। उन्होंने सेमरखापा तथा खर्राछापर मोहगांव शिक्षा परिसर पहुंचकर सामग्री वितरण तथा परिवहन के संबंध में संबंधित एसडीएम से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदानकर्मी को किसी भी प्रकार की गंभीर स्वास्थ्य परेशानियां आने पर तत्काल रिजर्व दल के सदस्यों को नियुक्त करें। उन्होंने रिजर्व दल के सदस्यों को निर्देशित किया कि निर्वाचन संपन्न कराने के लिए मानसिक रूप से भी तैयार रहें।

 

खीसी तथा चुभावल मतदान केंद्रों का निरीक्षण

 

कलेक्टर ने मोहगांव क्षेत्र के भ्रमण के दौरान खीसी पंचायत तथा चुभावल में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों में बिजली, पानी तथा रात्रि विश्राम की व्यवस्थाएं सुरक्षित रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने चुभावल पंचायत में 1 जुलाई के मतदान के लिए पहुंचे मतदानकर्मियों से चर्चा भी की। उन्होंने संबंधित निर्देशित किया कि मतदानदलों के लिए पंखा, रात्रि विश्राम के लिए गद्दे, चादर, तकिया, पीने का साफ पानी, चार्जिंग लाईट्स, भोजन आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

द्वितीय चरण के तहत मंडला, मोहगांव तथा घुघरी में आज होगा मतदान

मतदान समय प्रातः 7 से दोपहर 3 बजे तक

तीनों जनपदों के कुल 503 मतदान केन्द्रों में होगा मतदान

 

मण्डला 30 जून 2022

            त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत द्वितीय चरण में होने वाले निर्वाचन में जिले की तीन जनपद मंडला, मोहगांव एवं घुघरी शामिल हैं। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा तीनों जनपदों में मतदान, मतगणना, सारणीकरण तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर एवं एसपी ने 29 तथा 30 जून को तीनों जनपदों का दौरा कर त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन की तैयारियों का अंतिम रूप से जायजा लिया। जिला प्रशासन द्वारा मतदान दलों के रूकने, सामग्री वितरण, वाहन व्यवस्था आदि के संबंध में निर्धारित स्थलों में व्यवस्था की गई है। महिला मतदानकर्मियों के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई है। 1 जुलाई को द्वितीय चरण के अंतर्गत मंडला जनपद के 25 जनपद पंचायत, 81 ग्राम पंचायत, 1274 पंच पदों के लिए 258 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। मंडला जनपद में 67299 पुरूष मतदाता, 69129 महिला मतदाता तथा 9 अन्य मतदाताओं के साथ कुल 136437 मतदाता हैं। इसी प्रकार घुघरी जनपद के अंतर्गत 16 जनपद पंचायत, 47 ग्राम पंचायत, 755 पंच पदों के लिए 133 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। घुघरी जनपद में 33520 पुरूष मतदाता, 35331 महिला मतदाता तथा 1 अन्य मतदाता के साथ कुल 68852 मतदाता हैं। मोहगांव जनपद के अंतर्गत 12 जनपद पंचायत, 38 ग्राम पंचायत, 614 पंच पदों के लिए 112 मतदान केन्द्रों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी। मोहगांव जनपद में 28628 पुरूष मतदाता, 29805 महिला मतदाता तथा 2 अन्य मतदाताओं के साथ कुल 58435 मतदाता हैं।

 

अपने मताधिकार प्रयोग अवश्य करें, कलेक्टर ने की अपील

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के तारतम्य में जिले के मतदाताओं से अपील की है कि पंचायत निर्वाचन के द्वितीय चरण में 1 जुलाई 2022 को 3 विकासखंडों मंडला, मोहगांव तथा घुघरी में निर्वाचन संपादित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि 1 जुलाई को अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच में किया जाएगा। सभी मतदाता अपने नजदीकि मतदान केन्द्र में जाकर अपना वोट अवश्य डालें।

 

 

 

 

 

 

मतदान समाप्ति के नियत समय से 48 घंटे पूर्व से शुष्क दिवस घोषित

 

मण्डला 30 जून 2022

            कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एवं ग्राम पंचायत की भौगोलिक सीमा की परीधि तथा ग्राम पंचायतों की सीमा से 5 किलोमीटर की परीधि में स्थित देशी, विदेशी मदिरा, कम्पोजिट दुकानों, एफएल-3(ए) रिसॉर्टबार को संबंधित ग्राम पंचायत में मतदान समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटे पूर्व से बंद रखे जाने के लिए शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत द्वितीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड घुघरी में घुघरी विदेशी मदिरा दुकान, मोहगांव में मोहगांव देशी मदिरा दुकान तथा चाबी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार 29 जून 2022 की दोपहर 3 बजे से 1 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार तृतीय चरण के अंतर्गत शामिल विकासखंड नारायणगंज में नारायणगंज देशी मदिरा दुकान तथा नारायणगंज विदेशी मदिरा दुकान, निवास में मनेरी देशी मदिरा दुकान तथा बीजाडांडी में बीजाडांडी विदेशी मदिरा दुकान को बुधवार दिनांक 6 जुलाई 2022 के दोपहर 3 बजे से 8 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने जारी आदेश में कहा है कि उपरोक्त घोषित शुष्क दिवसों में मदिरा की कोई भी दुकान, एफएल-3 (ए) रिसॉर्टबार, होटल, रेस्टोरेंट में मदिरा बेचने, परोसने की अनुमति नहीं होगी। शुष्क दिवस के अवसर पर संबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से मदिरा के आयात, निर्यात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि न होने पाए। इस बावत आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग का कार्यपालिक स्टॉफ सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

1 जुलाई को मतदान समाप्ति तक शुष्क दिवस

 

मण्डला 30 जून 2022

            जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के द्वितीय चरण के कार्यक्रम अनुसार जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित एवं ग्राम पंचायत की भौगोलिक सीमा की परिधि तथा ग्राम पंचायतों की सीमा से 5 कि.मी. की परिधि में स्थित विदेशी मदिरा दुकान घुघरी, देशी मदिरा दुकान मोहगांव, विदेशी मदिरा दुकान चाबी एवं देशी मदिरा दुकान हिरदेनगर नियत समय से 48 घंटे पूर्व बुधवार 29 जून 2022 के 3 बजे अपरान्ह से 1 जुलाई 2022 को मतदान समाप्ति तक बंद रखे जाने के लिए शुष्कदिवस घोषित किया गया है। पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध शराब के विनिर्माण, परिवहन, संग्रहण व विक्रय की रोकथाम के लिए निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी, इसका सख्ती से पालन किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

पंचायत निर्वाचन में मीडिया के प्रवेश एवं कव्हरेज के लिए दिशा-निर्देश

 

मण्डला 30 जून 2022

            राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने समस्त कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत मतदान केन्द्र, मतगणना स्थल, सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा के समय निर्धारित स्थलों में प्रवेश एवं कव्हरेज संबंधी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रवेशपास प्राप्तकर्ता मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा मतदान केन्द्र के बाहर कतार में खड़े मतदाताओं के फोटो लिए जा सकते हैं, किन्तु उनके द्वारा मतदान केन्द्र के अंदर, मतांकन करते हुए किसी भी मतदाता का फोटो नहीं लिया जाना चाहिए। प्रवेश पासधारी मीडिया प्रतिनिधि मतदान कक्ष के निकट (जहाँ कि मतदाता, मतपत्र पर निशान लगाता है) न जाएँ।

इसी प्रकार मतगणना केन्द्रों, मतगणना स्थल, सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा के लिए निर्धारित स्थलों पर आने-जाने की व्यवस्था, संबंधित पासधारी संवाददाता व मीडिया प्रतिनिधि को स्वयं ही करनी होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रवेशपास प्राप्तकर्ता मीडिया प्रतिनिधियों से कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

1 तथा 8 जुलाई को संबंधित क्षेत्रों में सामान्य अवकाश घोषित

 

मण्डला 30 जून 2022

            अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022 के लिए मतदान के शेष चरणों में क्रमशः 1 जुलाई 2022 (शुक्रवार) तथा 8 जुलाई 2022 (शुक्रवार) को जिले के संबंधित क्षेत्रों में सामान्य अवकाश घोषित करने संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि उक्त दिनांक को केवल संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिये परकाम्य लिखित अधिनियम (नेगोशिएबल इन्ट्रूमेंट एक्ट) 1881 (1881 क क्रमांक 26) की धारा 25 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है। साथ ही कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा जिले में शेष चरणों में होने वाले त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022 के मतदान के लिये द्वितीय चरण 1 जुलाई 2022 को विकासखण्ड मोहगांव, घुघरी, मण्डला में तथा तृतीय चरण 8 जुलाई 2022 को विकासखण्ड नारायणगंज, बीजाडांडी निवास में चरणवार निर्वाचन के लिए निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत स्थापित दुकानों, फैक्ट्रियों, ऑफिसों आदि में नियोजित कर्मचारियों को क्रमशः द्वितीय चरण 1 जुलाई 2022 तथा तृतीय चरण 8 जुलाई 2022 का सार्वजनिक अवकाश स्वीकृत किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

सर्पदंश से बचाव के लिए एडवाईजरी जारी

 

मण्डला 30 जून 2022

            बरसात के दिनों में सांप काटने के केस अत्यधिक सामने आते हैं, सांप काटने में व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है। सांप के काटने को अनदेखा ना करें, सांप के काटे व्यक्ति को किसी नजदीकी अस्पताल तुरन्त लेकर जायें, झाड़-फूंक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है, काटने पर विष की थैली सीधे शरीर में खून के माध्यम से जहर फैल जाता है। सामान्तयः जहरीले सांपों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषेले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं, परन्तु ये निशान नहीं दिखता है। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नही काटा है, ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।

लक्षण:- सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना है। इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होती है, आमतौर पर सांप काटने पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं। सांप के काटने पर यह ना करें:- रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारम्परिक तारीकों का इस्तेमाल ना करें। मुंह से खून ना चूसें,  ओछा, कुनिया के पास ना जायें। सांप काटे व्यक्ति को नदी में प्रवाहित न करें। अन्धविश्वास में ना पड़े। यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें:- सांप काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपड़े से डंक की जगह की चमड़ी को साफ करें, जिससे वहां पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें, क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है। इसलिये करवट सुलाने से उल्टी श्वसनतंत्र में ना जाये। जहां पर सांप ने काटा है उस स्थान पर हल्के कपड़े से बांध दें, ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।

उपचार:- सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सांप के काटने के जहर को मारने के लिये अस्पताल में निःशुल्क एंटी स्नेक इंजेक्शन लगाया जाता है। अस्पताल में उपलब्ध है एवं डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार उचित उपचार करायें।

बचाव: – अंधेरे में ना जायें। बिलों में हाथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गडढे में ना जायें। पैरों में चप्पल और चूते पहनकर ही चलें।

 

 

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 30 जून 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 29 जून की शाम 3 बजे से 30 जून की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

 

2 कोरोना केस मिले

 

मण्डला 30 जून 2022

            29 जून 2022 की शाम 3 बजे से 30 जून 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 2 नये कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रानी अवंती बाई वार्ड मंडला निवासी 22 वर्षीय युवती एवं ग्राम चाबी निवासी 46 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन आमंत्रित

 

मण्डला 30 जून 2022

            श्रम पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा “राज्य लोक सेवा आयोग एवं संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता पर पुरस्कार योजना’ संचालित की जाती है। योजना के नियमानुसार पंजीकृत निर्माण श्रमिक एवं उनकी संतानों को परीक्षा उत्तीर्ण करने पर मध्यप्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग अंतर्गत चयनित होने पर प्रारंभिक परीक्षा हेतु रूपये 15 हजार, मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने पर रूपये 25 हजार, संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में चयनित होने पर प्रारंभिक परीक्षा हेतु 25 हजार एवं मुख्य परीक्षा हेतु 50 हजार की राशि प्रदाय की जाती है। उक्त योजनांतर्गत म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा आवेदन आमंत्रित किये जा रहे हैं। मण्डला जिले के उक्त योजनांतर्गत पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिक एवं उनकी संताने हितलाभ हेतु कार्यालय श्रम पदाधिकारी मण्डला में आवेदन जमा कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

मानसून अवधि में रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लागू

 

मण्डला 30 जून 2022

            सहायक खनि अधिकारी द्वारा बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर द्वारा मानसून अवधि में जिले में स्वीकृत रेत खदानों में 30 जून 2022 की मध्य रात्रि से 1 अक्टूबर 2022 तक रेत का उत्खनन कार्य पूर्ण प्रतिबंधित कर दिया गया है। उक्त अवधि में रेत का उत्खनन नहीं किये जाने के संबंध में समूह रेत ठेकेदार को सूचित कर दिया गया है एवं खनिज एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को उक्त अवधि के दौरान सतत् निगरानी रख नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये गये हैं।

 

 

 

 

 

 

 

पदम पुरस्कार के लिए ऑनलाईन नामांकन 31 जुलाई तक

 

मण्डला 30 जून 2022

            प्रभारी अधिकारी कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत वर्षों की भांति वर्तमान वर्ष में भी म.प्र. शासन, गृह विभाग द्वारा निर्मित अवार्ड्स पोर्टल www.padmaawards.mp.gov.in पर जिला स्तर से पद्म पुरस्कार के लिए योग्य व्यक्तियों के नामांकन ऑनलाईन ही प्रेषित किए जाने हैं। जिला स्तर से पद्म पुरस्कार के लिए प्रतिभागियों का चयन कर उनके नामांकन एवं आवश्यक दस्तावेज गृह विभाग के ऑनलाईन पोर्टल पर 31 जुलाई 2022 तक प्रेषित करें, समयावधि पश्चात् प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता

 

मण्डला 30 जून 2022

            अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय डाक विभाग द्वारा ’अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान’ वर्ष 2022-23 के तहत पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन 1 जुलाई 2022 से 31 अक्टूबर 2022 तक किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ’विजन फॉर इंडिया 2047’ निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता सभी आयु वर्ग के लिए रखी गई है, जिसमें अट्ठारह वर्ष तक तथा अट्ठारह वर्ष के अधिक की दो श्रेणियां रखी गई हैं। इन दो श्रेणियों में अंतर्देशीय पत्र एवं लिफाफा की दो उप श्रेणियां रखी गई है। मंडला व डिंडोरी जिले के सभी प्रतियोगी द्वारा हस्त लिखित पत्र हिंदी व अंग्रेजी में कार्यालय अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग मंडला, पिन 481661 के पते पर रजिस्टर्ड डाक, स्पीड पोस्ट, साधारण डाक के माध्यम से भेजा जा सकता है। पत्र में प्रतियोगी को उम्र के सम्बन्ध में स्वहस्ताक्षरित प्रमाण पत्र देना होगा, कि 1 जनवरी 2022 को मेरी आयु 18 वर्ष से कम व अधिक है। मध्यप्रदेश परिमंडल से प्रत्येक उपश्रेणी के सर्वश्रेष्ठ तीन प्रविष्टियों को क्रमशः रु 25 हजार, 10 हजार एवं 5 हजार से पुरस्कृत किया जायेगा एवं चयनित प्रविष्टियों को अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महानिदेशालय नई दिल्ली भेजा जायेगा। महानिदेशालय नई दिल्ली द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर प्रत्येक उप श्रेणी में चयनित सर्वश्रेष्ठ तीन प्रविष्टियों को क्रमशः 50 हजार रु, 25 हजार एवं 10 हजार से सम्मानित किया जायेगा। पत्र लेटर बॉक्स में पोस्ट करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2022 रखी गयी है। इसके बाद पोस्ट किये गये पत्रों पर विचार नही किया जायेगा। परिमंडल स्तर पर चयनित प्रतिभागियों का परिणाम 31 अक्टूबर 2022 को एवं अखिल भारतीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों का परिणाम 25 दिसम्बर 2022 को घोषित किया जायेगा। अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग मंडला ने मंडला व डिंडोरी जिले के सभी नागरिकों से अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान से जुड़ने की अपील की है।

 

 

 

 

 

 

लेखा प्रशिक्षण के लिए आवेदन 20 जुलाई तक

 

मण्डला 30 जून 2022

            प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर में सम्भाग के समस्त शासकीय कार्यालयों के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिये लेखा प्रशिक्षण का नवीन सत्र 1 अगस्त से प्रारंभ हो रहा है। संभाग के समस्त कार्यालय प्रमुखों के अधीन कार्यरत नियमित लिपिक वर्गीय कर्मचारी जो म.प्र. शासन सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्ति के लिए उल्लेखित अनिवार्य अर्हता पूरी करते हैं एवं सहायक ग्रेड-3 के पद पर एक वर्ष की लगातार सेवा पूरी कर ली हो, के आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रशिक्षण के लिए आवेदन पत्र 20 जुलाई 2022 की शाम 5 बजे तक कार्यालय में जमा किया जा सकेंगे। उक्त प्रशिक्षण शासकीय कर्मचारियों के लिये निःशुल्क है एवं अर्थशासकीय, निगम, मंडल एवं निकाय के कर्मचारियों को म.प्र. शासन द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण शुल्क 2 हजार रूपए का चालान सत्र में प्रवेश होने पर अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 30 जून 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 30 जून के दौरान 142.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 243.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 100.8 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जून को मंडला में 17.4 मि.मी., नैनपुर में 39.4 मि.मी., बिछिया में 0.9 मि.मी., निवास में 51.4 मि.मी., घुघरी में 33.1 मि.मी. एवं नारायणगंज में 100.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 30 जून को 40.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला प्रशासन ने किया फ्लैगमार्च

 

मण्डला 30 जून 2022

            आगामी 1 जुलाई को द्वितीय चरण के पंचायत निर्वाचन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत सहित प्रशासन एवं के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मंडला जनपद के अलग-अलग ग्रामों में फ्लैगमार्च किया गया। इस दौरान ग्राम स्तर पर कानून एवं शांति व्यवस्था का जायजा भी लिया गया। जिला प्रशासन द्वारा मंडला जनपद के अंतर्गत फूलसागर, बबैहा, बक्छेरागोंदी, बकौरी, लावर, पटपर सिंगारपुर, सिलपुरी, झालपानी, पौंड़ी, मोहनिया पटपरा, बक्छेरादौना, जमगांव, पटपरा रैयत, आमानाला, रसैयादोना, बड़ीखैरी, बिंझिया, कटरा, शांतिनगर एवं राजीव कॉलोनी क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने द्वितीय चरण के अंतर्गत मंडला सहित मोहगांव एवं घुघरी जनपद के मतदाताओं से अपील की है कि आगामी 1 जुलाई को शांतिपूर्ण रूप से अपने क्षेत्र के नजदीकि मतदान केन्द्रों में जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

 

 

शराब विक्रय, निर्माण में संलिप्त 8 के विरूद्ध मामला दर्ज

 

मण्डला 30 जून 2022

            जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मंडला क्षेत्र के अंतर्गत जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार द्वितीय चरण के मतदान के पूर्व 30 जून 2022 को ग्राम बड़ीखैरी, जंतीपुर एवं पोंड़ी में संदिग्ध स्थानों पर अवैध शराब विक्रय एवं निर्माण में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध छापामार कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान 45 लीटर हाथ से निर्मित महुआ शराब जब्त की गई। इसके अतिरिक्त देशी मदिरा प्लेन के 12 नग तथा विदेशी मदिरा गोवा के 2 नग जब्त किये गये। इस कार्यवाही में संलिप्त 8 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के अन्तर्गत मामला दर्ज किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध शराब के विनिर्माण, परिवहन व विक्रय की रोकथाम के लिए निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।

 

Related posts

अभियान के चौथे दिवस में पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास मण्डला में विशेष जागरुकता सत्र का आयोजन

Reva India News

आंगनवाड़ियों के सुदृढ़ीकरण के लिए ’एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी’ कार्यक्रम

Reva India News

जिले में अब तक 62.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

Reva India News

Leave a Comment