Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 5 फरवरी 2023

सकवाह में आयोजित हुआ विकास यात्रा शुभारंभ कार्यक्रम

केन्द्रीय मंत्री एवं प्रभारी मंत्री हुए शामिल

 

मण्डला 5 फरवरी 2023

प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी 5 फरवरी संत रविदास जयंती के अवसर पर विकास यात्राएं प्रारंभ हुई। विकास यात्राएं 5 से 25 फरवरी तक आयोजित हो रही है। मंडला जिले की तीनों विधानसभाओं में 5 फरवरी को विकास यात्राओं के लिए शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंडला विधानसभा के अंतर्गत सकवाह पंचायत में विकास यात्रा का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री बिसाहू लाल सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, समाजसेवी भीष्म द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष नैनपुर, अनुराग चौरसिया, सुधीर कसार, जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों द्वारा संत रविदास के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

 

संत रविदास मंच के लिए 4 लाख की घोषणा

 

विकास यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने सभी को संत रविदास जयंती की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि रविदास जयंती के शुभ अवसर पर विकास यात्रा का प्रारंभ हो रही है, यह एक अच्छा मुहूर्त है। उन्होंने विकास यात्रा के दौरान सकवाह के रंगमंच, प्रधानमंत्री आवास, आंगनबाड़ी केंद्र तथा स्कूलों के अवलोकन की जानकारी दी। श्री कुलस्ते ने मंच से महिला ज्ञानालय एवं निरक्षरता से आज़ादी अभियान के अंतर्गत साक्षरता कार्यक्रम की सराहना की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार कमज़ोर वर्गों के लिए संवेदनशील सरकार है। उन्होंने मंच से संत रविदास मंच के निर्माण के लिए 4 लाख रुपये की घोषणा की तथा प्रशासन को आवश्यक समन्वय करने के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री ने मंच से योजनावार जानकारी देते हुए विस्तार से चर्चा भी की।

 

सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास’ हमारा मंत्र- प्रभारी मंत्री

 

सकवाह में आयोजित विकास यात्रा शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर खाद्य नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता संरक्षण एवं मंडला जिले के प्रभारी मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार ’सबका साथ-सबका विकास तथा सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुरूप विकास के कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 2024 तक पक्के मकान तथा हर घर नल कनेक्शन का केन्द्र सरकार ने लक्ष्य रखा है।

विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने कहा कि 5 से 25 फरवरी तक चलने वाली यह यात्रा सरकार के कामों को दिखाएगी तथा कमियों को चिन्हित करते हुए दूर करने का प्रयास करेगी। उन्हांेने प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता पर विस्तार से बात की तथा प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं सीएम श्री चौहान के नेतृत्व की सराहना की। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने सकवाह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकास यात्रा सरकार के विकास कार्यों का संदेश देने वाली यात्रा है। इस यात्रा के दौरान सरकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से वंचित लोगों को लाभ भी देना है। उन्होंने सितम्बर 2022 में प्रारंभ हुए मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के बारे में भी चर्चा की तथा हाल ही में प्रदेश सरकार लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद लाड़ली बहन योजना पर बात की। समाजसेवी भीष्म द्विवेदी ने विकास यात्रा शुभारंभ कार्यक्रम में कहा कि विकास यात्राओं के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का अवलोकन किया जाएगा। उन्‍होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि इस दौरान अपनी समस्याएं बताने आगे आएं।

 

मंच से हुआ हितलाभ वितरण

 

सकवाह में आयोजित विकास यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर मंच से संबल, आयुष्मान योजना, पेंशन, दिव्यांग उपकरण वितरण, स्व-सहायता समूह क्रेडिट लिंकेज वितरण, जाति प्रमाण पत्र वितरण सहित महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं के चिन्हित हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया। इसी प्रकार मंच से अतिथियों ने विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया। शुभारंभ कार्यक्रम में सांस्कृतिक दल द्वारा नशामुक्ति एवं जल संरक्षण का संदेश देने वाले जागरूकता गीतों की प्रस्तुति भी की गई। कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों ने विकास रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

समरसता भोज आयोजित, विकास कार्यों का अवलोकन

 

विकास यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित सभी अतिथि, अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि सकवाह में आयोजित समरसता भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ ग्रामीणजन भी शामिल हुए। कार्यक्रम के पूर्व अतिथियों ने सकवाह में नवनिर्मित रंगमंच का अवलोकन किया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास का लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राही के घर भी पहुंचे। केन्द्रीय मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्‍द्रों का निरीक्षण भी किया। केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने निरक्षरता से आजादी अभियान के अंतर्गत साक्षर हुए बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की तथा आंगनवाड़ी केन्द्र में कन्या सम्मेलन में शामिल हुए। विकास यात्रा की अगवानी आतिशबाजी एवं ढोल-नगाड़ों के साथ हुई। इस दौरान महिलाओं द्वारा जलकलश यात्रा भी निकाली गई।

 

 

 

 

 

 

 

नकावल में आयोजित हुआ विकास यात्रा शुभारंभ कार्यक्रम

 

मण्डला 5 फरवरी 2023

5 फरवरी तक आयोजित हो रही विकास यात्रा शुभारंभ के अंतर्गत बिछिया क्षेत्र के नकावल में शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति उपभोक्ता संरक्षण एवं मंडला जिले के प्रभारी मंत्री बिसाहूलाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व विधायक शिवराज शाह (शिवा भैया), जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का प्रारंभ संत रविदास के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर हुआ। इस दौरान अतिथियों ने विकास पुस्तिका का अनावरण किया। साथ ही दिव्यांगजनों को दिव्यांग उपकरण एवं चिन्हित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर विकास रथ को रवाना किया। स्कूली बच्चों ने इस अवसर पर देशभक्ति पर आधारित नाटक की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों की सरकार है। कोरोना काल में सरकार ने गरीबों को निःशुल्क राशन प्रदान किया है। इसी प्रकार वर्तमान में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सरकार लोगों की भलाई का काम कर रही है। इस दौरान उन्होंने प्रभारी मंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा आदिवासियों के हित में बनाए गए पेसा अधिनियम की भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पेसा अधिनियम के अंतर्गत किए गए प्रावधानों की चर्चा करते हुए आदिवासियों को मिले अधिकारों के बारे में बताया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने अपने संबोधन में विकास यात्रा के उद्देश्यों एवं विकास यात्रा को लेकर प्रदेश सरकार की मंशा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विकास यात्रा के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा विगत 20 वर्षों में किये गये विकास कार्यों एवं योजनाओं के अवलोकन एवं अब तक कल्याणकारी योजनाओं से वंचित लोगों को लाभ दिलाने के लिए यह विकास यात्रा का कार्यक्रम है। पूर्व विधायक शिवराज शाह (शिवा भैया) ने अपने संबोधन में कोरोना काल के दौरान प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विकास यात्राओं के दौरान स्थानीय प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा किये जाने वाले कार्यों की जानकारी भी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

थानमगांव विकास यात्रा में केन्द्रीय मंत्री हुए शामिल

नारी शक्ति केंद्र तथा पुस्तकालय का किया गया लोकार्पण

मण्डला 5 फरवरी 2023

5 से 25 फरवरी तक आयोजित हो रहे विकास यात्राओं के अंतर्गत 5 फरवरी संत रविदास जयंती के अवसर पर मंडला की तीनों विधानसभा मंडला, बिछिया एवं निवास के गांवों से विकास यात्राओं का शुभारंभ हुआ। इसी क्रम में निवास विधानसभा के थानमगांव में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, रामप्यारे कुलस्ते पूर्व विधायक, जिला पंचायत सदस्य जगत मरावी, जनपद अध्यक्ष मंजू कुलस्ते, जनपद उपाध्यक्ष घनश्याम सूर्यवंशी, नगरपरिषद अध्यक्ष हेमलता परस्ते, अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम शिवाली सिंह, संबंधित अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

थानमगांव में आयोजित विकास यात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने विकास यात्रा की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बजट के संबंध में चर्चा करते हुए सरकार द्वारा गरीबों के लिए बजट में किए गए प्रावधानों पर बात की। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातियों के आर्थिक और शैक्षणिक विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिले के सभी 9 विकासखंडों में एकलव्य विद्यालय खुल रहे हैं। इसी प्रकार मनरेगा के तहत अब काम की कमी नहीं है। कोई भी व्यक्ति भूखा ना रहे, इसलिए खाद्यान्न वितरण की योजना संचालित की गई हैं। श्री कुलस्ते ने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का प्रयास करें। जनता को उनकी पात्रता अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाएं। विकास यात्रा के दौरान विकास कार्यों से संबंधित जानकारी भी स्थानीय लोगों को प्रदान करें। उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदनों का विधिवत रिकॉर्ड रखें। आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही करें, यात्रा के बाद निराकरण की समीक्षा की जाएगी।

 

विकास रथ को झंडी दिखाकर रवाना

 

थानमगांव में आयोजित विकास यात्रा शुभारंभ कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही मंच से चिन्हित हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन अपर कलेक्टर मीना मसराम ने किया। इसके पूर्व अतिथि आदर्श आंगनवाड़ी थानमगांव में लाड़ली सम्मेलन में शामिल हुए तथा स्कूल परिसर में वृक्षारोपण किया। अतिथियों ने विकास योजनाओं पर आधारित स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान नारी शक्ति केंद्र का लोकार्पण तथा शाला में पुस्तकालय का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर पेसा एक्ट के प्रचार-प्रसार पर आधारित श्याम बैरागी के गीत की सीडी का विमोचन किया गया।

 

खड़देवरी में विकास यात्रा

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते नगर पंचायत निवास के वार्ड क्रमांक 1 खड़देवरी में आयोजित विकास यात्रा शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने विकास यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान हर घर तक केन्द्र एवं राज्य की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचे। साथ ही लोगों को विकास कार्यों से अवगत कराएं। केन्द्रीय मंत्री ने निर्देशित किया कि जो भी विकास कार्य अपूर्ण हैं उनके संबंध में आवश्यक कार्यवाही करें। केन्द्रीय मंत्री ने मंच से कहा कि जल जीवन मिशन के तहत सरकार का हर घर तक पानी पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने निवास नगर की स्वच्छता को बेहतर करने की बात कही।

Related posts

कुम्हा नारायणगंज में आयोजित हुआ किशोरी जागरूकता शिविर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम हुई शामिल

Reva India News

उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किसली भिलवानी में जागरूकता शिविर संपन्न हुआ

Reva India News

एफएलएन कोर टीम की बैठक सम्पन्न

Reva India News

Leave a Comment