Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

धार्मिक आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने का बेहतर माध्यम – मंत्री श्रीमती उइके खैरमाई माता मंदिर के लिए 4 लाख रूपए की राशि स्वीकृत केहरपुर से कोटासांगवा एवं कातलबोड़ी के बीच रोड निर्माण की दी स्वीकृति ग्राम बिछुआ में आयोजित अखण्ड महा रामधुन के समापन में शामिल हुई

मंडला 8 सितंबर 2025

मंडला जिले में भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने की परंपरा है। आप सभी आगामी त्यौहारों को भी धूमधाम और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। धार्मिक आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने का बेहतर माध्यम होते हैं। यह बात लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने ग्राम पंचायत मलारी के ग्राम बिछुआ में आयोजित रामधुन कार्यक्रम के समापन अवसर पर कही। मंत्री श्रीमती उइके ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए बताया कि उनके द्वारा यहां स्थित खैरमाई माता मंदिर को और भव्य बनाने के लिए 4 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई है। मंदिर परिसर में आंगन निर्माण कार्य बेहतर तरीके से हो, इसके लिए ग्रामवासी सहयोग करें।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने डिंडोरी जिले के मेहदवानी से आए रामधुन मंडली द्वारा श्री रामा, जय श्री रामा एवं सीताराम भजन के अदभुत गायन के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी। मंडली का हौसलाअफजाई करते हुए मंत्री श्रीमती उइके ने विधायक निधि से 11 हजार रूपए मंडली को वेशभूषा एवं वाद्ययंत्रों के लिए प्रदान किए। उन्होंने कहा कि स्थानीय समिति द्वारा बहुत आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस तरह के आयोजन क्षेत्र में होते रहें। विदित है कि ग्राम बिछुआ में स्थानीय समिति द्वारा 24 घंटे की अखंड महा रामधुन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में स्थानीय बच्चों द्वारा भी नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इसके लिए भी उन्होंने बच्चों को एक हजार रूपए की राशि प्रदान की।

मंत्री श्रीमती उइके ने ग्राम बिछुआ में बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए आंगनवाड़ी एवं प्राथमिक शाला के लिए बाउंड्रीवॉल बनाए जाने की भी घोषणा मंच से की। ग्रामवासियों के सुलभ आवागमन के लिए केहरपुर से कोटासांगवा एवं कोटासांगवा से कातलबोड़ी के बीच 5 किलोमीटर की रोड भी बनाई जाएगी जिसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनाया जायेगा। ग्रामवासियों की मांग पर मंत्री श्रीमती उइके ने यहां संचालित हाईस्कूल का उन्नयन कर कक्षा 12वी तक किये जाने की घोषणा भी मंच से की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उइके ने बताया कि विधानसभा में लगातार विकास के कार्य किए जा रहे हैं। पिछले डेढ़ वर्ष में लगभग 68 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात क्षेत्र को दी गई है। केन्द्र एवं राज्य सरकार के द्वारा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। पीएमजीएसवाई, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि बेटा और बेटी में कोई अंतर नहीं समझें।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री जोरावर सिंह, श्रीमती अनिता तिवारी, श्री कन्हैया राय, श्री रामदास महाराज, श्री किशन उइके, श्रीमती रजनी तिवारी, श्रीमती संध्या यादव, श्री नीतेश राय, श्री अभिषेक राय सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related posts

जल स्त्रोतों के क्लोरीनेशन हेतु टीमें गठित

Reva India News

धनवाही में स्वास्थ्य शिविर संपन्न

Reva India News

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके का आज मंडला आगमन होगा

Reva India News

Leave a Comment