ज्ञानदान अभियान का हुआ शुभारंभ
कलेक्टर ने की पाठ्यसामग्री दान करने की अपील
मण्डला 3 मार्च 2023
3 मार्च 2023 से जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंद एवं गरीब छात्र-छात्राओं तथा प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ज्ञानदान अभियान का अगला चरण प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर में पुस्तकें दान करने के लिए ड्रॉपबॉक्स बनाया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए किताबें दान कर ज्ञानदान अभियान के अगले चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एसीईओ श्री मरावी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया ज्ञानदान अभियान के तहत ड्रॉपबॉक्स में पाठ्यसामग्री का दान किया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो संदेश जारी कर जिलेवासियों से आग्रह किया है कि आपके पास ऐसी कोई भी पुस्तकें उपलब्ध हैं जो स्कूल, कॉलेज तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए उपयोगी हैं, उसे कलेक्ट्रेट परिसर अथवा अनुविभागीय अधिकारियों के कार्यालयों में दान कर सकते हैं। दान की हुई किताबों को गरीब तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।

जनसेवा मित्रों का 3 दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ
कलेक्टर हुई शामिल, जनसेवा मित्रों को किया मोटीवेट
मण्डला 3 मार्च 2023
जिला मुख्यालय के आजीविका मिशन भवन में मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों का 3 दिवसीय प्रशिक्षण 3 मार्च 2023 से प्रारंभ हुआ। कलेक्टर हर्षिका सिंह प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर में शामिल हुई। इस दौरान सीएम फेलो सुप्रिया पाठक एवं जिले के लिए नियुक्त जनसेवा मित्र उपस्थित थे। प्रशिक्षण का प्रारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसेवा मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं उसका लाभ सुनिश्चित करने से पहले सभी जनसेवा मित्र स्वयं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। योजनाओं के उद्देश्य एवं पात्रताओं को समझें। इसके पश्चात आमजनों को सही एवं स्पष्ट जानकारी दें। श्रीमती सिंह ने कहा कि आगामी दिनों में कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभागों के अधिकारी भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। जनसेवा मित्र प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों से अपनी शंकाओं के समाधान जरूर प्राप्त करें।
कलेक्टर ने कहा कि विगत दिनों जनसेवा मित्र मैदानी भ्रमण पर थे। साथ ही विकास यात्राओं में भी शामिल हुए। जनसेवा मित्रों ने जनता के बीच जाकर उनकी कठिनाईयों को समझने का प्रयास किया। जनता से फीडबैक प्राप्त किया, अब उनकी कठिनाईयों को दूर करने का प्रयास भी करें। श्रीमती सिंह ने इस दौरान जनसेवा मित्रों को मोटीवेट करते हुए कहा कि सभी सकारात्मक रहें। पात्र एवं वंचित लोगों की समस्या के लिए सक्रिय रहें तथा अच्छी मानसिकता के साथ लोगों को योजनाआंे के लाभ देने के प्रयास करें। उन्होंने उपस्थित जनसेवा मित्रों को जिला प्रशासन के नवाचार, ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान की जानकारी दी। इसी प्रकार प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना ’मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी जनसेवा मित्रा ’लाड़ली बहना’ योजना के दिशा-निर्देशों को पढ़ें-समझें तथा मैदानी भ्रमण के दौरान लोगों को जानकारी दें। उन्होंने सभी को होली सहित आगामी पर्व-त्यौहारों की शुभकामनाएं भी दीं।

शराब के अवैध अड्डों पर छापामार कार्यवाही
मण्डला 3 मार्च 2023
होली पर्व को देखते हुए जिले में मदिरा के अवैध विनिर्माण, परिवहन, संग्रहण व विक्रय के रोकथाम हेतु आबकारी टीम द्वारा कार्यवाही की गई। मण्डला शहर के आस-पास विभिन्न स्थानों, होटलों एवं ढाबों पर दबिश कार्यवाही करते हुए इन स्थानों में अवैध रूप से विक्रय के लिये संग्रहित देशी मदिरा के 35 पाव, विदेशी मदिरा के 58 पाव तथा बीयर की 12 बोतल जब्त की गई। इस अपराध में संलिप्त 5 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क के अन्तर्गत न्यायालयीन मामला दर्ज किया गया है। उक्त कार्यवाही में आबकारी बल के अधिकारी, कर्मचारी शामिल रहे। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध शराब के विनिर्माण, संग्रहण, परिवहन व विक्रय की रोकथाम हेतु निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना: राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड द्वारा प्रायोजित मछुआ प्रशिक्षण सम्पन्न
मण्डला 3 मार्च 2023
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत राष्ट्रीय मत्स्यीकी विकास बोर्ड द्वारा प्रायोजित तीन दिवसीय आवासीय मछुआ प्रशिक्षण 28 फरवरी से 2 मार्च 2023 तक कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला में संचालित किया गया। प्रशिक्षण का प्रारंभ 28 फरवरी 2023 को कृषि विज्ञान केन्द्र में मत्स्य विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला के तकनीकी अधिकारियों द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सहायक संचालक मत्स्योद्योग एल.एस. सैयाम द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत विविध मछुआरों को जानकारी दी गई। साथ ही सहायक मत्स्य अधिकारी एच.के. भगत द्वारा तालाब प्रबंधन एवं मत्स्य रोग एवं उनके निदान पर अपना व्याख्यान दिया गया। इसी तारतम्य में वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक पी.आर. वैद्य ने तालाबों में जलीय वनस्पतियों के महत्व व उनके उन्मूलन पर जानकारी दी। मत्स्य विभाग के एस.के. भारद्वाज एवं एस.के. उइके ने तालाबों में मत्स्य बीज संचयन एवं मत्स्याखेट के विभिन्न तकनीकियों की जानकारी दी।
कृषि विज्ञान केन्द्र डिण्डौरी से जूम मीटिंग के द्वारा डॉ. सत्येन्द्र कुमार मत्स्य वरिष्ठ वैज्ञानिक ने मांगुर मत्स्य पालन, भारतीय मेजरकार्प एवं झींगा पालन व तालाब प्रबंधन पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.पी. अहिरवार ने समन्वित मछली पालन के तहत मृदा सम्पदा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तालाबों में मछली के बाढ के लिए मृदा के पोषक तत्व का महत्व बताया। इसका सीधा संबंध तालाब के पानी से होता है और तालाब की उत्पादकता पर प्रभाव पड़ता है। इसी तारतम्य में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रणय भारतीय ने पशुधन सम्पदा एवं मत्स्य सम्पदा के समन्वय पर प्रकाश डाला। साथ ही उद्यानिकी विभाग पंकज मरकाम ने तालाबों की मेढों में उद्यानिकी फसलों अपनाने हेतु मत्स्य कृषकों को मछली के साथ-साथ उद्यानिकी से अतिरिक्त आय प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम ने उपस्थित मछुआरों को मत्स्य पालन के अतिरिक्त कृषि एवं जलाशयों में केज कल्चर व बायोफ्लाक कल्चर से आधुनिक मछली पालन अपनाकर अपनी आय बढ़ाने हेतु अपने उदबोधन से प्रेरित किया व जिला पंचायत की ओर से हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रशिक्षण का समापन एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया। समापन कार्यक्रम में मत्स्य विभाग व कृषि विज्ञान केन्द्र के तकनीकी के अधिकारी एवं मछुआरे उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: महत्वपूर्ण जानकारी
मण्डला 3 मार्च 2023
5 मार्च 2023 से प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की जा रही है। योजना के क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके अनुसार जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार तथा परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बनाई गई है।
23-60 वर्ष की ये महिलाएं होंगी पात्र
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत आवेदक महिला म.प्र. की मूल निवासी होनी चाहिए। विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाएं भी योजना का लाभ ले सकेंगी। आवेदक महिला की उम्र 1 जनवरी की स्थिति में 23 से 60 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
ये महिलाएं होंगी अपात्र
योजना के तहत ऐसी महिलाएं अपात्र होंगी जिनके परिवार का कोई भी सदस्य भारत सरकार अथवा राज्य सरकार के शासकीय विभाग, उपक्रम, मंडल, स्थानीय निकाय में नियमित, स्थायीकर्मी, संविदाकर्मी के रूप में नियोजित हो अथवा सेवानिवृत्ति उपरांत पेंशन प्राप्त कर रहा हो किन्तु मानसेवीकर्मी तथा आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से नियोजित कर्मचारी अपात्र नहीं होंगी। इसी प्रकार वे महिलाएं भी अपात्र होंगी जो सरकार की किसी भी योजना के तहत 1 हजार या उससे अधिक की राशि प्राप्त कर रही है। परिवार का कोई सदस्य वर्तमान या भूतपूर्व सांसद, विधायक हो। परिवार का कोई सदस्य बोर्ड, निगम, मंडल या उपक्रम का अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संचालक या सदस्य हो। परिवार का कोई सदस्य स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधि (पंच एवं उपसरपंच को छोड़कर) हो। परिवार के सदस्यों के पास 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि हो। परिवार में ट्रेक्टर सहित 4 पहिया वाहन हो।
ये 3 दस्तावेज अनिवार्य
योजना के तहत पात्र महिलाओं से कैम्प तथा घर-घर संपर्क कर फॉर्म भरवाने की कार्यवाही की जाएगी। आवेदन के समय आवेदक महिला को स्वयं उपस्थित रहना आवश्यक है। फॉर्म प्रविष्टि के दौरान आवेदक महिला की लाईव फोटो ली जाएगी। आवेदक महिला को अपने साथ आधार कार्ड, परिवार/स्वयं की समग्र आईडी एवं आधार से लिंक्ड मोबाईल नंबर लाना होगा। इसके अतिरिक्त अन्य कोई दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे।

6 मार्च को मनाया जाएगा महिला बाल दिवस
मण्डला 3 मार्च 2023
6 मार्च 2023 को महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को पुरूस्कृत किया जाएगा। इस संबंध में अपर कलेक्टर ने सभी कार्यालयों को निर्देशित किया है कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला कर्मचारियों की सूची कारण सहित कलेक्टर कार्यालय को भिजवाना सुनिश्चित करें। साथ ही नामित महिला कर्मचारियों को योजना भवन में 6 मार्च 2023 को दोपहर 3 बजे उपस्थित होने हेतु निर्देशित करना सुनिश्चित करें।

लम्बित प्रकरणों के निराकरण के लिए पेंशन शिविर 13 से
मंडला 3 मार्च 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार कार्यालयों में लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए 13 मार्च से 17 मार्च 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मण्डला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण प्रस्तुत कर सकते हैं।

सिंचाई का पानी रोकने पर एफआईआर दर्ज
मण्डला 3 मार्च 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनपुर क्षेत्र के अंतर्गत सिंचाई के पानी को रोकने एवं नहर के गेट के साथ अनाधिकृत छेड़छाड़ करने वाले अज्ञात लोगों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने की कार्यवाही की गई है। कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग ने बताया कि नैनपुर क्षेत्र में किसानों को सिंचाई के लिए नहर के माध्यम से पानी प्रदान किया जा रहा है किन्तु अलग-अलग स्थानों पर वितरक नहर के गेट के साथ अनाधिकृत छेड़छाड़ करने तथा सिंचाई के लिए प्रदाय किए जा रहे पानी को रोकने वाले लोगों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने की कार्यवाही की गई है।

नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगेगा 5 मार्च को
मण्डला। रविवार विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन केयर अस्पताल नागपुर एवं सत्यम मेडिकेयर के तत्वाधान में किया गया है। डॉ. मोहित साहू ने बताया कि 5 मार्च दिन रविवार को प्रात: 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। यहां नागपुर के अनुभवी एवं सुप्रसिद्ध डॉक्टर की टीम उपलब्ध रहेगी और नि:शुल्क परामर्श, नि:शुल्क ब्लड प्रेशर, शुगर, कोलेस्ट्रॉल थायराइड की जॉच होगी। सत्यम मेडिकेयर डॉ मोहित साहू थाइरोकेयर मण्डला के बाजू में डिंडौरी रोड आकाशवाणी केन्द्र के पास बड़ी खैरी में शिविर लगाया जाएगा। यहां विशेषज्ञ डॉ अमित कुमार जायवाल कुमार कैंसर रोग विशेषज्ञ, डॉ स्नेहल मकेश्वर पेट एवं लिवर रोग विशेषज्ञ, डॉ. प्रसन्न फडके क्रिटिकल केयर मेडिसिन विशेषज्ञ, डॉ रितेश सतारदे मूत्र एवं पत्थरी रोग विशेषज्ञ, डॉ नेहा भार्गव स्त्री कर्क रोग विशेषज्ञ, डॉ. अंकुर संघवी मस्तिष्क एवं स्पाइन रोग विशेषज्ञ, डॉ. शुभम पदमवार हड्डी रोग विशेषज्ञ उपलब्ध रहेगे। रजिस्ट्रेशन के लिए 9479763786 एवं 9479781786 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

