डाइट में आयोजित हुआ ’लाड़ली बहना’ योजना सेमिनार
मण्डला 4 मार्च 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में डाइट सभागृह मण्डला में ’मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ सेमिनार आयोजित हुआ। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सभी एसडीएम, एसीईओ श्री मरावी सहित संबंधित उपस्थित थे। सेमीनार को संबोधित करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि 5 मार्च 2023 से प्रदेश के साथ-साथ ज़िले में भी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना प्रारंभ हो रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों को समन्वय एवं प्लानिंग के साथ काम करना है। उन्होंने योजना के लिए पात्रता की विस्तार से जानकारी दी। आवेदक महिला म.प्र. की मूल निवासी हो, 1 जनवरी की स्थिति में महिला की उम्र 23 से 60 वर्ष के बीच हो तथा विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाएं भी योजना का लाभ ले सकेंगी।

ये महिलाएं होंगी अपात्र
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत अपात्रता की भी जानकारी दी। योजना के तहत ऐसी महिलाएं अपात्र होंगी जिनके परिवार का कोई भी सदस्य भारत सरकार अथवा राज्य सरकार के शासकीय विभाग, उपक्रम, मंडल, स्थानीय निकाय में नियमित, स्थायीकर्मी, संविदाकर्मी के रूप में नियोजित हो अथवा सेवानिवृत्ति उपरांत पेंशन प्राप्त कर रहा हो किन्तु मानसेवीकर्मी तथा आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से नियोजित कर्मचारी अपात्र नहीं होंगी। इसी प्रकार वे महिलाएं भी अपात्र होंगी जो सरकार की किसी भी योजना के तहत 1 हजार या उससे अधिक की राशि प्राप्त कर रही है। परिवार का कोई सदस्य वर्तमान या भूतपूर्व सांसद, विधायक हो। परिवार का कोई सदस्य बोर्ड, निगम, मंडल या उपक्रम का अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संचालक या सदस्य हो। परिवार का कोई सदस्य स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधि (पंच एवं उपसरपंच को छोड़कर) हो। परिवार के सदस्यों के पास 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि हो। परिवार में ट्रेक्टर सहित 4 पहिया वाहन हो।
ये 3 दस्तावेज अनिवार्य
योजना के तहत पात्र महिलाओं से कैम्प तथा घर-घर संपर्क कर फॉर्म भरवाने की कार्यवाही की जाएगी। आवेदन के समय आवेदक महिला को स्वयं उपस्थित रहना आवश्यक है। फॉर्म प्रविष्टि के दौरान आवेदक महिला की लाईव फोटो ली जाएगी। आवेदक महिला को अपने साथ आधार कार्ड, परिवार/स्वयं की समग्र आईडी एवं आधार से लिंक्ड मोबाईल नंबर लाना होगा। इसके अतिरिक्त अन्य कोई दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे।
कलेक्टर ने योजना के क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर से जारी दिशा-निर्देशों के बारे में भी बताया। उन्होने आवेदन, पात्र महिलाओं का चिन्हांकन की प्रक्रिया पर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सीएमओ नगरपालिका एवं सीईओ जनपद शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के डेटा को अंतिम रूप दें। ई-गवर्नेंस विभाग आधार निर्माण, आधार अपडेशन कार्य में सहयोग करें। इसी प्रकार महिला बाल विकास विभाग समग्र आईडी बनवाने ईकेवाईसी पूर्ण कराने में सहयोग करें। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को उक्त कार्यों के संबंध में डाटा संकलन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र महिला हितग्राही का बैंक अकाउंट आधार से लिंक्ड होना चाहिए। इसी प्रकार आधार एवं समग्र आईडी में दर्ज नाम का गंभीरता से मिलान भी करवाएं। कलेक्टर ने सभी संबंधितों को निर्देशित किया कि सोमवार से ब्लॉक स्तर पर सेमीनार आयोजित करें।
5 को लाँच होगी ’लाड़ली बहना’ योजना
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि 5 मार्च 2023़ को मुख्यमंत्री ’लाड़ली बहना’ योजना भोपाल से लाँच होगी जिसका जिला स्तरीय कार्यक्रम योजना भवन में 11 बजे से आयोजित होगा। उन्होंने सभी संबंधितों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर भी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्था करें। इसी प्रकार पात्र महिला हितग्राहियों को आमंत्रित करें। उनके बैठक की व्यवस्था करें। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ के अवसर पर रंगोली बनाएं। साथ ही पौधारोपण भी करायें।
योजना का करें व्यापक प्रचार-प्रसार
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करें। ग्राम स्तर पर मुनादी, दीवार लेखन एवं फ्लेक्स-बैनर के माध्यम से जानकारी दें। इसी प्रकार नगरीय क्षेत्रों में नगरपालिका के वाहनों के माध्यम से भी योजना की जानकारी के अनाउंसमेंट कराएं। कलेक्टर ने कहा कि 5 मार्च से ही फॉर्म वितरण की कार्यवाही करें। साथ ही प्रत्येक दिन भरे जाने वाले फॉर्म की रिपोर्ट देना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि लाड़ली बहना योजना फॉर्म में नवसाक्षर हुई महिलाओं के हस्ताक्षर लिए जाएं। श्रीमति सिंह ने पंचायतवार उपसमिति बनाने के निर्देश दिए।

म.प्र. बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने किया जिले का भ्रमण
मण्डला 4 मार्च 2023
मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य ओमकार सिंह एवं अनुराग पाण्डेय 2 मार्च 2023 को मण्डला जिले के भ्रमण पर रहे। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र राजीव कॉलोनी एवं आंगनवाड़ी केन्द्र अचली का निरीक्षण कर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं दी जा रही अनौपचारिक शिक्षा का अवलोकन किया। आंगनवाड़ी निरीक्षण के पश्चात् सदस्यों द्वारा सेमरखापा स्थित एकलव्य विद्यालय के स्कूल भवन, बालक एवं बालिका छात्रावास का भी निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात् सदस्यों ने सीमा सोशल वेलफेयर सोसायटी (आदर्श बालगृह) एवं निर्मला स्कूल छात्रावास का निरीक्षण करते हुए बच्चों को दिए जा रहे भोजन की जांच की तथा निवासरत बच्चों के साथ चर्चा की। भ्रमण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, सहायक संचालक रोहित बड़कुल, परियोजना अधिकारी मण्डला अनूप नामदेव, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति प्रीति पटेल एवं सदस्य योगेश पाराशर, आशीष मिश्रा तथा किरण ठाकुर उपस्थित रहे।
आयोग के सदस्यों ने कलेक्टर हर्षिका सिंह से मुलाकात कर जिले के अन्य छात्रावास एवं स्कूल का भी भ्रमण किया। इस दौरान सदस्यों ने बच्चों से मित्रवत् संवाद किया और बच्चों की पारिवारिक पृष्ठभूमि, छात्रावास में रहने का उद्देश्य एवं भविष्य के लक्ष्यों पर बात की। बाल संरक्षण आयोग के सदस्यों द्वारा स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्र की तारीफ करते हुए सहायिकाओं एवं कार्यकर्ताओं से प्रश्न भी पूछे गए। साथ ही उन्हांेने छात्रावास की आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। आयोग ने निर्देशित किया कि समस्त स्कूलों एवं छात्रावासों में चाइल्ड हेल्पलाईन नंबर 1098 एवं हेल्पलाईन नंबर 1090 का प्रचार-प्रसार करें। साथ ही कोमल मूवी के माध्यम से बच्चों को गुड-टच-बैड-टच एवं पॉक्सो अधिनियम के बारे में जानकारी दें।

निर्यात एवं निर्यात प्रशिक्षण पर कार्यशाला आयोजित
मण्डला 4 मार्च 2023
फियो मध्यप्रदेश और जिला उद्योग केंद्र मंडला द्वारा 4 मार्च 2023 को मंडला (म.प्र.) में डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब एक्सपोर्ट ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। जिला उद्योग केंद्र के जीएम एन के वास्कले ने बताया कि मंडला जिले में चावल, कोदो-कुटकी का उत्पादन पर्याप्त मात्रा में होता है जिसके निर्यात की संभावना को देखते हुए कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन के अमित कुमार बरेठा चैप्टर हेड इंदौर (म.प्र.) ने एक्सपोर्ट के बारे में प्रेजेंटेशन के माध्यम से एक्सपोर्ट की जानकारी उपस्थित व्यवसायियों से साझा की। एक्जिम फैकल्टी एक्जिम इंडो अनुराग जैन ने एक्सपोर्ट डॉक्यूमेंटेशन एंड प्रोसीजर दी और एक्सपोर्ट पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान दीपक बृजपुरिया महिष्मति उद्योग संघ अध्यक्ष, आरके हजारिया आरएचईओ बागवानी विभाग, श्री बैस्कर किसान कृषि कल्याण विभाग उपस्थित रहे।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 4 मार्च 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक संतोष, ग्राम तरवानी निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक मूलचंद को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तरवाहिनी नर्मदा परिक्रमा को लेकर हुई बैठक
ग्राम घाघा-घाघी में होगा 18 मार्च को यात्रा का रात्रि विश्राम
19 मार्च को व्यास नारायण मंदिर में होगा समापन
मण्डला। हम सभी मण्डलावासी सौभाग्यशाली हैं कि माँ नर्मदा का हमें विशेष आर्शीवाद प्राप्त है बीतते समय के साथ-साथ्ा हम शास्त्रों और पुराणों में उल्लेखित या फिर नर्मदा तीर्थो पर तपस्या किये हुये संतों की वाणी को भुला बैठे और जो कृपा हमें प्राप्त हुई है उससे हम अनजान रहे। अब जबकि संतों ने ही हमें इसका संज्ञान कराया है तो फिर हम इस विशेष आर्शीवाद का पूरा लाभ क्यों न उठायें।
माँ नर्मदा ने मण्डला नगरी को तीन ओर से घेरकर भरपूर लाड़-दुलार दिया है माँ नर्मदा इस क्षेत्र की जीवनदायिनी है महाराजपुर संगम से लेकर घाघा-घाघी तक माँ नर्मदा उत्तर दिशा की ओर प्रवाहित हुई हैं और बताया जाता है कि चैत्र माह में इतने ही क्षेत्र की परिक्रमा करने से पूरे नर्मदा परिक्रमा का पुण्य लाभ प्राप्त होता है इसी बात को दृष्टिगत रखते हुये 18 एवं 19 मार्च को 02 दिवसीय उत्तरवाहिनी नर्मदा परिक्रमा का आोजन किया जा रहा है।
व्यास नारायण मंदिर से प्रारंभ होगी परिक्रमा
कल शुक्रवार को जनपद पंचायत सभाकक्ष में नर्मदा भक्तो एवं समाजसेवियों की इसी यात्रा की तैयारी को लेकर बैठक की गई जिसमें पूरे यात्रा मार्ग का निर्धारण किया गया जिसके अनुसार व्यास नारायण मंदिर में 18 मार्च की सुबह 6:00 बजे संकल्प पूजा के साथ ही यात्रा प्रारंभ होगी यहां से यात्रा पुरवा नाव के द्वारा पहुंचेगी और पुरवा में कृष्ण मंदिर के दर्शन उपरांत बंजर कच्चे पुल से पार करते हुये महाराजपुर संगम यात्रा आयेगी जहां रेवा प्रसादी प्रकल्प के द्वारा बाल भोग का वितरण होगा एवं छोटी कन्याओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे यहां से यात्रा ज्वालाजी मंदिर होते हुये मंगलेश्वर मंदिर पहुंचेगी फिर कारीकोन तिराहा होते हुये मानादेई, सुरंगदेवरी, सिलपुरा पहुंचेगी जहां दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई है भोजन उपरांत थोड़े विश्राम के बाद यात्रा घाघा-घाघ्ाी तक जायेगी जहां 18 मार्च दिन शनिवार को रात्रि विश्राम नर्मदा तट पर ही होगा। घाघी में रात्रि विश्राम के दौरान भजन संध्या का आयोजन भी किया गया है।
19 मार्च की सुबह तट पार कर बबैहा गरम पानी कुण्ड यात्रा पहुंचेगी जहां से ग्वारी, फूलसागर, तिंदनी यात्रा आयेगी तिंदनी में दोपहर के भोजन की व्यवस्था है और फिर यहां से गाजीपुर होते हुये सहस्त्रधारा, देवदरा, नेहरूस्मारक होते हुये न्याय घाट, जेलघाट, नाव घाट होते हुये व्यास नारायण मंदिर पहुंचकर यात्रा संपन्न होगी जहां यात्रा के समापन पर प्रसादी का वितरण किया जायेगा।

