मतगणना स्थल पर 3 स्तर पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
प्रत्येक विधानसभा में लगेंगी 21-21 टेबिल
प्रवेश पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को नहीं मिलेगा प्रवेश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पत्रकारों को दी जानकारी
मंडला 30 मई 2024
लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अंतर्गत मंडला संसदीय क्षेत्र के बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना 4 जून को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में होगी। इस संबंध में पत्रकारों की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा मतगणना की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां पूर्णता की ओर हैं। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर आपिक खान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने बताया कि मतगणना स्थल पर तीन स्तर पर सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। प्रवेश पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थी, अभिकर्ता एवं पत्रकारों को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में गेट क्रं. 1 से प्रवेश दिया जाएगा। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी, कर्मचारियों को गेट क्रं. 2 से प्रवेश दिया जाएगा। पार्किंग की व्यवस्था पॉलीटेक्निक भवन के पीछे की गई है। कलेक्टर ने स्ट्राँग रूम की सुरक्षा, सीसीटीव्ही कैमरा, डाक मतपत्रों की गिनती, परिणाम की घोषणा आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

3 जून को मॉकड्रिल
ईव्हीएम से मतगणना के लिए बिछिया, निवास तथा तथा मंडला विधानसभा के लिए 21-21 टेबल लगाई गई हैं। इसी प्रकार मण्डला संसदीय क्षेत्र के समस्त डाक मतपत्रों की गणना पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला में होगी जिसके लिए कुल 10 टेबिल लगाई गई हैं। 3 जून को मतगणना की मॉकड्रिल की जाएगी। इसी दिन अभ्यर्थी तथा उनके अधिकृत अभिकर्ताओं को मतगणना स्थल का अवलोकन भी कराया जाएगा।

कव्हरेज के दौरान गोपनीयता बनाए रखें
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है। निर्वाचन आयोग से जारी प्रवेश पत्र के आधार पर मीडियाकर्मियों को गेट क्रं. 1 से प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना स्थल पर मोबाईल, कम्प्यूटर, लेपटॉप, केलकुलेटर, स्मार्ट वॉच आदि अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाईस प्रतिबंधित हैं। पत्रकारगण बारी-बारी से 4 या 5 के समूह में मतगणना कक्ष का निर्धारित स्थल से अवलोकन कर सकेंगे। परिणाम की चक्रवार जानकारी मीडिया कक्ष में भी उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर ने मीडियाकर्मी से कव्हरेज के दौरान गोपनीयता बनाए रखने का आव्हान किया। प्रशिक्षण में कुशल प्रशिक्षक डॉ. टीपी मिश्रा एवं डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव द्वारा पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से मीडिया के संबंध में की गई तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

टेस्टिंग फीडबैक के आधार पर सुधार कराते हुए आईसीयू को चरणबद्ध रूप से प्रारंभ करें – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण
मंडला 30 मई 2024
जिला चिकित्सालय मंडला के निर्माणाधीन आईसीयू का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि टेस्टिंग के फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार कराएं। टेस्ट रन पूर्ण होने पर आईसीयू का चरणबद्ध रूप से संचालन प्रारंभ करें। उन्होंने वेंटीलेटर की उपलब्धता तथा स्टॉफ की ट्रेनिंग के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गहन चिकित्सा इकाई में लगाई गई सभी मशीनों की पर्याप्त टेस्टिंग करें। विद्युतीकरण के संबंध में पर्याप्त सावधानी बरतें। आवश्यक संकेतक लगाएं। उन्होंने फायर आडिट के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केसी सरौते, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, कार्यपालन यंत्री पीआईयू जीपी पटले सहित संबंधित उपस्थित रहे।

वार्डों में अटेंडर की संख्या कम करें
जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि वार्डों में मरीज के अटेंडरों की संख्या कम करें। एक मरीज के साथ एक अटेंडर ही रहने दें। उन्होंने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय परिसर में मरीजों के परिजनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाएं। परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।

फीडिंग कॉर्नर बनाएं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों तथा उनके परिजनों से भी चर्चा करते हुए चिकित्सालय द्वारा प्रदाय की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने जिला चिकित्सालय में फीडिंग कॉर्नर बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने क्रिटीकल केयर यूनिट के निर्माण कार्यों की भी जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने लिया मतगणना स्थल की तैयारियों का जायजा
मंडला 30 मई 2024
लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अंतर्गत जिले की बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना 4 जून 2024 को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बिजली की आपूर्ति निर्बाध रखना सुनिश्चित करें। मतगणना स्थल पर अस्थाई अस्पताल बनाएं जिसमें आवश्यक दवाईयों सहित चिकित्सकों की ड्यूटी लगाएं। उन्होंने ईव्हीएम लाने ले जाने के मार्ग के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी, अभिकर्ता एवं गणना अधिकारियों की सुविधा की दृष्टि से मतगणना स्थल पर पर्याप्त मात्रा में संकेतक लगाएं। मतगणना कक्ष में भी आवश्यक सूचनाएं अंकित करें। कलेक्टर ने गणना कक्ष, ईव्हीएम, सीसीटीव्ही, मीडिया सेंटर, पार्किंग, वेलफेयर मैनेजमेंट तथा सुरक्षा व्यवस्था आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
30 किलो प्रतिबंधित थाईलैण्ड मांगुर मछली जप्त
मंडला 30 मई 2024
भारत सरकार द्वारा थाईलैण्ड मांगुर पालन एवं विक्रय पर पूर्णतः प्रतिबंध किया गया है। उक्त आदेश के परिपालन में संचालक मत्स्योद्योग म.प्र. भोपाल के आदेशानुसार मछली पालन विभाग जिला मण्डला की गठित टीम द्वारा मण्डला मुख्य बाजार एवं बम्हनीबंजर मछली बाजार तथा पेटेगांव में छापामार कार्यवाही कर लगभग 30 किलो प्रतिबंधित थाईलैण्ड मांगुर मछली जप्त की गई जिसे पंचनामा पश्चात विनिष्टीकरण की कार्यवाही की गई। कार्यवाही में सहायक मत्स्य अधिकारी एच.के. भगत, सहायक मत्स्य अधिकारी आर.आर. धुर्वे, मत्स्य निरीक्षक पी.आर. वैद्य, मत्स्य निरीक्षक एस.के. भारद्वाज, पम्प ऑपरेटर चमरा लाल भारतिया, चौकीदार संजय वरकड़े व वाहन चालक सुरेन्द्र बैरागी सम्मिलित रहे। विभाग द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि थाईलैण्ड मांगुर का पालन एवं विक्रय न करें। यह मांसाहारी मछली है जो कि जैव विविधता को प्रभावित करती है, इसके पालन एवं विक्रय पर शासन द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है।

फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट के बिना अस्पताल संचालन पर
कटरा तथा योगीराज अस्पताल को नोटिस जारी
मंडला 30 मई 2024
फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट के बिना अस्पताल संचालन पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कटरा हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर तथा योगीराज हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर को नोटिस जारी किया गया है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार कटरा हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर तथा योगीराज हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर में फायर एनओसी की वैधता समाप्त होने से पूर्व विधिवत आवेदन किया जाना था परंतु निर्धारित समयावधि मंे आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया तथा फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट प्राप्त किए बिना अस्पताल का संचालन किया जा रहा है जो मध्यप्रदेश उपचर्यागृह तथा रूजोपचार संबंधी स्थापनाएं (रजिस्ट्रीकरण तथा अनुज्ञापन) अधिनियम 1973 के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में आता है। जारी पत्र में कहा गया है कि निर्धारित समयावधि में निर्देशों का पालन नहीं करने पर अस्पताल संचालन हेतु जारी की गई रजिस्ट्रीकरण तथा अनुज्ञप्ति को रद्द करते हुए अस्पताल को सीलबंद करने की कार्यवाही की जाएगी।

प्राईवेट स्कूलों में फीस वृद्धि: 4 स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी
मंडला 30 मई 2024
विद्यालय की फीस वृद्धि के संबंध में शासन के निर्देशों की अवहेलना करने पर 4 अशासकीय विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिन स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है उनमें विद्या ज्योति स्कूल भुआबिछिया, माँ नर्मदा ज्ञान स्थली स्कूल बकौरी, सेंट एन्जिल पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल निवास तथा प्राईड संकल्प एकेडमी इंग्लिश मीडियम स्कूल नैनपुर सम्मिलित हैं।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत विद्यालय द्वारा अपने स्तर पर 10 प्रतिशत से अधिक फीस की वृद्धि नहीं की जा सकती है किन्तु उक्त स्कूल प्रबंधनों द्वारा निर्धारित से अधिक फीस की वृद्धि करते हुए पोर्टल पर एंट्री की गई है जिसे गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कलेक्टर के समक्ष में उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

बबलिया एवं सिंगपुर में आयोजित की गई कृषक संगोष्ठी
मंडला 29 मई 2024
नारायणगंज विकासखंड के ग्राम बबलिया तथा निवास विकासखंड के सिंगपुर में कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कृषकों को कोदो कुटकी, रागी, कंगनी और सांवा लघु धान्य फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, जैविक खेती के बढ़ते महत्व तथा खरीफ पूर्व आवश्यक तैयारी के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। किसान को बताया गया कि मिलेट्स कम उपजाऊ भूमि के लिए वरदान है। कम लागत में किसान मिलेट्स का उत्पादन लेकर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। औषधीय गुण होने के कारण अब कोदो कुटकी एवं अन्य लघु धान्य फसलों की मांग बढ़ती जा रही है और मांग अनुरूप किसानों को अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि कोदो-कुटकी की खेती में उन्नत तकनीक, उन्नत किस्म के बीज का उपयोग तथा खेती में वैज्ञानिक तरीकों का उपयोग करें। प्रशिक्षण में कृषकों को खेती में जैविक खाद का उपयोग, उन्नत प्रमाणित बीज की जानकारी और कतार बोनी की जानकारी दी गई। कोदो-कुटकी, रागी आदि मोटे अनाज की खेती में जैविक खाद का महत्व एवं उपयोग विधि के बारे में भी बताया गया। प्रशिक्षण में कृषकों को अन्य खरीफ फसलों की फसल उत्पादन तकनीक और बारिश पूर्व तैयारियों, फसल बीमा, उन्नत यंत्रों की जानकारी एवं ऑनलाइन पंजीयन पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

