मण्डला। नगर के जिला पंचायत के सामने स्थित प्रसिद्ध हनुमान शेषनाग मंदिर में इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। पूरे मंदिर को फूल-मालाओं और आकर्षक सजावट से सजाया गया जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ पूजन-पाठ से हुई। पंडित रामनाथ शास्त्री के द्वारा मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी महाराज का विशेष श्रृंगार अर्पित किया गया और उन्हें चोला अर्पित किया। इसके बाद हवन-पूजन का आयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में श्रृद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति दी और सुख-समृद्धि कामना की। समाजसेवी सुधीर कांसकार ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव को विशेष रूप से मनाया गया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की प्रतिमा का विधिवत स्थापना एवं पूजन-अर्चन किया गया जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। वहीं पत्रकार परिषद जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल के द्वारा श्रद्धालुओं का प्रसाद वितरण किया। वहीं जिला पंचायत सीईओ श्री मीना दर्शन करने मंदिर पहुंचे जहां पर प्रसादी ग्रहण कर पंडित रामनाथ शास्त्री से आर्शीवाद लिया। वही इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वाधान में उदय चौक से भव्य हनुमान शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवा और बच्चे शामिल हुए। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। शोभायात्रा का जिला पंचायत के सामने भव्य स्वागत किया गया जहां श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
