मंडला 2 अप्रैल 2025
वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश की भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों हेतु पुरस्कार योजना का क्रियान्वयन 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2025 के मध्य किया जाना है प्रतियोगिता मापदंड के अनुसार विकासखंडों में भारतीय उन्नत नस्ल की गायों के आवेदन 4 अप्रैल 2025 तक प्राप्त किये जायेंगे। भारतीय उन्नत गौवंशीय दुधारू नस्लों के पालन को बढावा देने, प्रोत्साहन प्रदान करने एवं उनके संरक्षण हेतु नवीन पुरस्कार कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। योजनांतर्गत अधिक दुग्ध उत्पादन देने वाली गायों के पशु पालकों को पुरस्कार दिया जायेगा जिससे प्रदेश की भारतीय उन्नत गौवंशीय दुधारू नस्लों के पालन को प्रोत्साहन प्राप्त होगा। भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय का प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 लीटर अथवा उससे अधिक है आवेदन हेतु पात्र होंगे। पुरस्कार हेतु चयनित भारतीय उन्नत नस्ल की गायों के पशुपालकों के घर-घर जाकर नियुक्त दल द्वारा दुग्ध उत्पादन की गणना की जायेगी। दुग्ध उत्पादन में जिले के वरीयता प्राप्त 3 पशुपालकों के नाम राज्य स्तरीय पुरुस्कार के चयन हेतु राज्य स्तर पर संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गठित समिति को प्रेषित किये जायेंगे। राज्य स्तर पर तृतीय पुरुस्कार 50000, द्वितीय पुरुस्कार 100000 एवं प्रथम पुरुस्कार 200000 प्रदान किये जायेंगे।
