Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा एवं बाल विवाह रोकथाम पर जागरूकता कार्यक्रम

मंडला, 23 अप्रैल 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती शालिनी तिवारी के मार्गदर्शन में पीएम श्री रानी दुर्गावती महाविद्यालय मण्डला में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा एवं बाल विवाह रोकथाम विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा एवं राज्यसभा में मिलने वाले 33 प्रतिशत आरक्षण की जानकारी दी तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सभी से सहयोग की अपील की।

इस दौरान प्रतिभागियों को पॉक्सो एक्ट एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह न करने की शपथ दिलाई गई। बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की एवं 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है, जो कानूनन प्रतिबंधित है। बाल विवाह में संलिप्त व्यक्तियों के लिए 1 लाख रुपये तक का जुर्माना एवं 2 वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।

कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं पुलिस हेल्पलाइन 112 की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही जिला स्तर पर संचालित कंट्रोल रूम की जानकारी भी साझा की गई एवं आईईसी सामग्री का वितरण किया गया।

विधिक सेवा प्राधिकरण जिला मण्डला से पीएलवी श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने उपस्थित प्रतिभागियों को कानून के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया तथा विधिक सहायता प्राप्त करने हेतु टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल गुप्ता, प्रोफेसर डॉ. नसीम बानो, डॉ. मेघा परस्ते, श्रीमती इन्दा सरोते, श्रीमती अनुराधा पांडे, श्रीमती विनिया बेईनेट, सुश्री कृष्णा सरिया, श्री लखन धुर्वे सहित बहुउद्देशीय कार्यकर्ता हरिशंकर कछवाहा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related posts

जिला चिकित्सालय परिसर में स्वास्थ्य मेले का आयोजन 25 एवं 26 मई को

Reva India News

राष्ट्रीय एकता दिवस आज

Reva India News

जिले को कोविड संक्रमण से बचाने के लिए व्यापारी, सामाजिक संगठनों एवं धर्मगुरुओं के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने बैठक में की विभिन्न विषयों पर चर्चा

Reva India News

Leave a Comment