Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

बस स्टैंड अब ‘वीर नारायण शाह’ के नाम से जाना जाएगा कैबिनेट मंत्री श्रीमती उइके और प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल पहुंचे बस स्टैंड कायाकल्प कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा अभियान अंतर्गत हेलमेट वितरण कर दिया जागरूकता संदेश

मंडला, 25 जनवरी 2026

जिले के प्रमुख बस स्टैंड को अब वीरांगना रानी दुर्गावती के बेटे वीर नारायण शाह के नाम से जाना जाएगा। बस स्टैंड का नामकरण वीर नारायण शाह के नाम से करते हुए नामपट्ट का अनावरण कैबिनेट मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन श्रीमती संपतिया उईके एवं प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उईके ने सर्वप्रथम माँ नर्मदा जयंती की शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों का उन्नयन केवल सौंदर्यीकरण नहीं बल्कि आम नागरिकों के लिए सुविधा, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि पहले शहर में दो बस स्टैंड होने से यात्रियों को काफ़ी संशय होता था। जिला प्रशासन और नगर पालिका के माध्यम से यात्रियों को अब व्यवस्थित रूप से बसों की जानकारी मिलेगी। माँ नर्मदा का आशीर्वाद लेने लाखों श्रद्धालु अन्य राज्यों से आए हैं। उनकी सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने बेहतर इंतजाम किए है। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भव्य आयोजन भी किया गया इसके लिए व्यापारी बंधुओं का आभार व्यक्त किया।

प्रभारी मंत्री श्री जयसवाल ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि माँ नर्मदा के प्राकट्योत्सव पर्व पर आज बस स्टैंड का नामकरण वीर नारायण शाह के नाम पर किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए नगर पालिका परिषद के इस निर्णय के लिए बधाई। मंडला जिले की पहचान रानी दुर्गावती के नाम से जानी जाती है। उनके पुत्र के नाम पर बस स्टैंड का नामकरण किया गया है। भविष्य में उनकी प्रतिमा भी इस स्थल पर लगाये जाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने हेलमेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा का संदेश प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जीवन की रक्षा हो सके। सड़कों का नेटवर्क बढ़ने के साथ दुर्घटनाओं में भी वृद्धि हुई है। आप सभी से अपील है कि चाहे कम दूरी की ही यात्रा क्यों ना करनी पड़े वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट जरूर पहनें।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित करते हुए हेलमेट का वितरण भी किया गया। मंत्री श्रीमती उईके एवं प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बस स्टैंड के सुव्यवस्थित विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कायाकल्प कार्यों की जानकारी दी। मंत्रीगणों ने बस स्टैंड परिसर में किए जा रहे सुधार कार्यों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, श्री जयदत्त झा, श्री रानू राजपूत सहित नगर पालिका परिषद के पार्षद अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, एसपी श्री रजत सकलेचा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, बस संचालक, चालक-परिचालक सहित बड़ी संख्या में नागरिक और यात्रीगण उपस्थित रहे।

Related posts

मंडला में धान की रोपाई में क्रांति: वॉक-बिहाइंड पैडी ट्रांसप्लांटर से किसानों को मिली नई राह

Reva India News

भू-राजस्व चालान का भुगतान अब ऑनलाइन  

Reva India News

राजा शंकरशाह और कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस 18 सितंबर को गरिमामयपूर्वक संपन्न करें

Reva India News

Leave a Comment