Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सकोरों से परिंदों को राहत बच्चों को प्रकृति से जोड़ने का संदेश

मंडला, 22 अप्रैल 2026

विश्व वसुंधरा दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों की जीवन रक्षा के लिए मिट्टी के पात्र (सकोरे) में पानी भरकर रखने की पहल की।

इस अवसर पर विद्यालयी छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर के विभिन्न स्थानों पर पानी के पात्र रखे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस मौके पर कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि मंडला जिला अपनी प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल वातावरण के लिए जाना जाता है, जो पशु-पक्षियों के लिए एक आदर्श आश्रय स्थल है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास जैसे पक्षियों के लिए पानी रखना या जल संरक्षण भविष्य में बड़े सकारात्मक परिणाम देते हैं, और इसकी शुरुआत घर से ही होनी चाहिए।

उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे प्राकृतिक एवं जैविक खेती का अध्ययन कर इसे सरल भाषा में बच्चों तक पहुँचाएँ। साथ ही स्कूलों में ‘जैविक पोषण वाटिका’ स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि विद्यार्थी व्यावहारिक रूप से जैविक खेती सीख सकें।

जल संरक्षण पर जोर देते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने विद्यार्थियों से पानी की एक-एक बूंद के सदुपयोग की अपील की और उन्हें नियमित योग अपनाने तथा समाज को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

पर्यावरण के प्रति जागरूकता दिखाने वाली छात्राओं को कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में एपीसी श्री मुकेश पांडे, प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव, श्री तारेंद्र पांडे, श्री राजेश क्षत्री (पर्यावरणविद), जिला प्रभारी श्री अखिलेश उपाध्याय, शिक्षकगण तथा विभिन्न विद्यालयों शासकीय हाई स्कूल बिंझिया, सरस्वती शिशु मंदिर, भारत ज्योति विद्यालय और उत्कृष्ट विद्यालय मंडला की छात्राएँ एवं अन्य शासकीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts

पंचचौकी महाआरती में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने की सहभागिता

Reva India News

आतंकवादी विरोधी दिवस पर ली गई शपथ

Reva India News

जनपद स्तर पर 17 से आयोजित होंगे शिविर, कार्यक्रम जारी

Reva India News

Leave a Comment